Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला और कालका रेलवे स्टेशनों की जल्द ही कायापलट होने वाली है। इन स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसके तहत रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर, रेस्टरूम, खाने-पीने के स्टॉल समेत कई आधुनिक सुविधाएं यात्रियों को मिलेंगी। रेलवे बोर्ड ने इस कार्य के लिए विशेष सलाहकार को दोनों रेलवे स्टेशनों का मुआयना करने के लिए कहा है, मुआयना करने के बाद वे इसकी रिपोर्ट बोर्ड को सौंपेगें। इस रिपोर्ट के अनुसार ही बजट को जारी किया जाएगा। कहा जा रहा है कि इस कार्य के लिए 100 करोड़ का बजट रखा गया है। दिसंबर के अंत में यह कार्य पूरा किया जाएगा।
अमृत रेलवे स्टेशन
यूनेस्को विश्व धरोहर कालका-शिमला रेललाइन पर पहली बार इस तरह का कार्य होने जा रहा है। अमृत रेलवे स्टेशन के तहत यह कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत अब ट्रेनों के बाद रेलवे स्टेशनों को भी आधुनिकृत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं (एमईए) सहित अन्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए मास्टर प्लान को चरणों में लागू किया जाना है। जिससे यात्रियों को स्टेशन पर बेहतर सुविधा और अनुभव मिल सके।
यात्रियों के लिए स्टेशन पर सुविधाएं
कालका और शिमला रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के प्रथम चरण में एस्केलेटर और ऑनलाइन डिस्प्ले जैसी आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इसके अलावा रेलवे स्टेशन की साफ-सफाई पर भी काम किया जाएगा। इसके तहत वेटिंग एरिया और रेस्टरूम को हाईजिनिक बनाया जाएगा। साथ ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग और हरियाली के लिए भी कार्य किया जाएगा। रेलवे स्टेशनों को बस, ऑटो, टैक्सी के स्टैंडों से भी जोड़ा जाएगा और पर्याप्त पार्किंग की भी सुविधा की जाएगी।
