Kal ka mausam: देश के कई इलाकों में मानसून ने एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है। इसमें उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों के साथ ही मैदानी इलाके भी शामिल हैं। दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में आज यानी मंगलवार 12 अगस्त की सुबह झमाझम बारिश के साथ हुई। रातभर हुई बारिश के बाद सुबह तक बरसात का दौर चलता रहा। इसी तरह देश के अन्य हिस्सों में भी बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में कई जगहों पर नदी-नाले उफान पर हैं और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। इसके अलावा बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के कुछ इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ आ गई है और आवासीय इलाके जलमग्न हो गए हैं। कल मौसम की कैसी चाल रहेगी, चलिए जानते हैं -
आज के मौसम का हाल
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। पूर्वोत्तर में असम और मेघालय के साथ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। जबकि कुछ इलाकों में अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। अरुणाचल प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पीओके में गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल और माहे, कोंकण और गोवा, मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, ओडिशा, पंजाब, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। तेज बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और भूस्खलन जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है, साथ ही नदी किनारे और पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
कैसा रहेगा कल का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं कल यानी 13 अगस्त को उत्तराखंड में अत्यंत भारी वर्षा (21 सेमी या उससे ज्यादा) हो सकती है। जम्मू में 12 से 15 अगस्त के बीच बारिश का दौर तेज रहने की उम्मीद है। पूर्व मध्य भारत और उत्तरी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में भी वर्षा की गतिविधियां बढ़ेंगी। मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में 13 से 17 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उधर तेलंगाना में 13 और 14 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 12 से 14 अगस्त के बीच तेज बारिश की चेतावनी दी गई है, और 12 अगस्त को इन क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश संभव है।
उत्तर-पश्चिमी भारत का हाल
देश के उत्तर पश्चिम हिस्से में मानसून का सफर अभी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 अगस्त को उत्तराखंड के कुछ इलाकों में अत्यंत भारी (21 सेमी या उससे ज्यादा) बारिश की संभावना है। 12 से 15 अगस्त के बीच जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। उधर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 12 से 18 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 12 से 14 अगस्त तक और पूर्वी राजस्थान में 15 से 18 अगस्त तक भारी बारिश की संभावना है। 12 से 14 अगस्त के बीच जम्मू और हिमाचल प्रदेश में बहुत भारी वर्षा हो सकती है, जबकि उत्तर प्रदेश में 13 और 14 अगस्त को तेज बारिश की भविष्यवाणी है। अगले सात दिनों तक उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा का दौर चलने की उम्मीद है।
पूर्वोत्तर में मौसम की चाल
पूर्वोत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 12 अगस्त को असम के कुछ इलाकों में अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 12 और 13 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इसी तरह असम और मेघालय में 12 से 17 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 से 15 अगस्त तक बारिश होने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में 12 अगस्त को बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। अगले दो दिनों तक पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, इसलिए स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पूर्वी और मध्य भारत में मौसम की चाल
पूर्वी और मध्य भारत में अगस्त का महीना बारिश की सौगात लेकर आया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी कि आज यानी 12 अगस्त को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। 12 से 18 अगस्त के बीच पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई। इसी दौरान 12 अगस्त को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, 14, 17 और 18 अगस्त को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम, 14 अगस्त को बिहार और 12 व 16 अगस्त को ओडिशा में बारिश की संभावना रही। 13 से 15 अगस्त तक ओडिशा, 12 व 13 अगस्त को बिहार और 13 अगस्त को उप-हिमालयी क्षेत्रों में भी बारिश की चेतावनी दी गई है। साथ ही अगले पांच दिनों तक अधिकतर जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।
वेस्टर्न इंडिया में होगी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार मध्य महाराष्ट्र में 13 से 18 अगस्त तक, कोकण और गोवा में 12-18 तक, मराठवाड़ा में 13 से 16 अगस्त तक, गुजरात में 16 से 18 अगस्त तक, सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में 18 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा कोँकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र में 15 से 18 अगस्त तक बहुत भारी बारिश हो सकती है। यही नहीं क्षेत्र में अगले 5 दिनों तक हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है।
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम
दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 13 और 14 अगस्त को तेलंगाना में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। कर्नाटक में 14 से 18, रायलसीमा में 12 से 14, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम और तेलंगाना में 12 से 18 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में भी बारिश होगी। अगले दो दिनों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।
