शहर

कल का मौसम 09 February 2025: आंधी के साथ बिजली-बारिश की एंट्री, फागुन में पड़ेगी भीषण गर्मी; कोहरा नहीं लेगा ब्रेक

Kal Ka Mausam, 09 February 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में धूप खिली नजर आ रही थी। मौसम विभाग के बारिश के पूर्वानुमान पर बादलों ने मुहर नहीं लगाई। हालांकि, बांग्लादेश और पूर्वोत्तर के राज्य असम में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने के कारण ऊपरी हिस्सों में गरज चमक के साथ आंधी तूफान के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। उधर, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश कई कई हिस्सों में बर्फबारी के कारण कोल्ड डे की स्थिति है। न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। हो सकता है अगले एक दो दिन में मौसम करवट ले सकता है।

Image

भारत कल का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): उत्तर भारत में दिन में तेज धूप और रात में ठिठुरन परेशान कर रही है। मौसम ऐसा है कि दिन गर्मी के साथ और रात ठंड के साथ गुजर रही है। ज्यादातर राज्यों में पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे धूप थोड़ी बेअसर साबित हो रही है। लेकिन, अब कड़ाके वाली सर्दी से काफी राहत है। हालाकि, 8 फरवरी के लिए मौसम विभाग ने मौसम में बड़ी तब्दीली का पूर्वानुमान जारी किया था। इस दौरान बादलों के छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना थी। लेकिन, ऐसा होता नहीं दिखाई दे रहा है। हालांकि, 9 से 11 फरवरी तक हरियाणा और पंजाब बॉर्डर की ओर बादल शिफ्ट होंगे। आईएमडी ने 8 फरवरी तक पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। अगले 24 घंटों में कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है, जिससे वहां कोल्ड डे की स्थिति फिलहाल बनी रहेगी। कई इलाकों पर न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। वहीं, पड़ोसी देश बांग्लादेश और पूर्वोंत्तर के राज्य असम के ऊपरी हिस्सों पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से आंधी तूफान गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। उत्तर और पहाड़ी राज्यों में अभी भीषण कोहरा परेशान करता रहेगा, जिससे रेल यातायात और हवाई सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

दिल्ली में कैसा रहेगा कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में फरवरी में आंधी और बारिश का अलर्ट है। शेष दिनों में 5 बार पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है, जिससे बादलों की आवाजाही देखी जा सकेगी। रविवार को हरियाणा में बदल रहे मौसम का असर राजधानी में दिख सकता है। हालांकि, आसमान साफ हैं और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। आईएमडी ने दिन में तेज हवाएं चलने और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है। सीपीसीबी के मुताबिक, शुक्रवार को एक्यूआई 167 रहा जो मध्यम श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 'संतोषजनक', 101 से 200 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम

यूपी में दिन में तेज हवाएं परेशान कर रही हैं, जिस कारण मौसम काफी शुष्क बना हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग ने मौसम में परिवर्तन की बात कही है। आईएमडी ने पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बादलों के छाए रहने और बारिश की संभावना व्यक्त की थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। फिलहाल, राज्य के अधिकतर इलाकों में मौसम साफ रहने का अनुमान है। हालांकि, कई हिस्सों में तेज हवाओं का असर है। दिन में अच्छी खासी धूप खिल रही है। लेकिन, आगे कानपुर, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, जौनपुर, वाराणसी, प्रयागराज, बरेली, देवरिया और झांसी, मेरठ और सहारनपुर में फरवरी माह में पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा। फरवरी के आधे हिस्से तक दिन में काफी गर्मी का एहसास होगा। लेकिन, तेज सतही हवाओं के चलने से मौसम में बदलाव से तापमान में वृद्धि रहेगी। फाल्गुन महीने में तेज गर्मी की संभावना है।

बिहार में मौसम कैसा रहेगा

बिहार में दिन भर चल रहीं तेज पछुआ हवाओं के कारण सुबह-शाम हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। अगले 24 घंटे में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी विक्षोभ मौसम को प्रभावित करेगा। तराई वाले इलाकों में घने कोहरे के साथ दक्षिणी हिस्से में बादलों की आवाजाही बने रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है। वैशाली, मधुबनी, शिवहर, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, गया, पटना, दरभंगा, अररिया, हाजीपुर, राजगीर समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। फरवरी के आधे तक काफी गर्मी बढ़ेगी।

हरियाणा-पंजाब का मौसम

हरियाणा और पंजाब के मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। 8 परवरी को पश्चिम विक्षोभ के कारण बादल छाए और बारिश की संभावना व्यक्त की गई थी, लेकिन आज मौसम लगभग साफ है। हालांकि, 9 से 11 फरवरी तक बारिश पंजाब-हरियाणा बॉर्डर की ओर शिफ्ट हो सकती है। 9 और 10 फरवरी को बादल छाए रहने की संभावना व्यक्त की जा रही है। फिलहाल, दोनों राज्यों में तेज पछुआ हवाओं के बीच दिन में धूप खिली है, जिससे सर्दी गर्मी दोनों का एहसास होगा।

राजस्थान में कैसा है मौसम का मिजाज

राजस्थान में शनिवार को मौसम शुष्क रहा वहीं सीकर जिले का फतेहपुर 3.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार शनिवार सुबह करौली में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री, दौसा में 4.6 डिग्री, राज्य के एकमात्र पर्वतीय पर्यटक स्थल माउंट आबू में 5.2 डिग्री, चूरू में 5.6 डिग्री और लूणकरणसर में 5.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि सीकर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री, डबोक में 6.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 6.7 डिग्री, अंता में 6.9 डिग्री, नागौर में 7.1 डिग्री, वनस्थली में 7.3 डिग्री और राजधानी जयपुर में 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी 48 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।

जम्मू-कश्मीर का मौसम कैसा है?

जम्मू-कश्मीर में तापमान लगातार जमाव बिंदु से नीचे बने रहने के कारण कोल्ड डे की स्थिति है। मौसम विभाग ने 9 से 12 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस दौरान बादलों के छाए रहने के साथ बारिश दस्तक दे सकती है। कई हिस्सों में बर्फबारी का अलर्ट है, जिससे तापमान में और कमी आने के संकेत हैं। हालांकि, पिछले कई दिनों से आसमान में धूप खिलने से दिन में कोल्ड डे तो है लेकिन ठंड से थोड़ी राहत भी मिल रही है। पहलगाम में माइनस 7 डिग्री के आसपास, श्रीनगर में 3.3 डिग्री सेल्सियस, काजीकुंड में 3.2 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में माइनस 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया जा रहा है। कमोबेश इसी तरह का तापमान अभी दर्ज किया जाएगा। खासकर सैलानियों ने बर्फबारी का खूब लुत्फ उठाया। कानपुर से कश्मीर की सैर पर निकले सुरेश यादव और अनामिका यादव ने बर्फबारी का भरपूर लुत्फ उठाया। हिमपात के बीच वे स्नो बाइक राइडिंग कर घाटी की वादियों में झूमते नजर आए।

हिमाचल में कैसा है मौसम

हिमाचल प्रदेश कई ऊपरी हिस्सों में बर्फबारी और कुछ जिलों में आंधी के साथ आकाशीय बिजली गिरने का 'येलो' अलर्ट अभी है। शिमला, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल और स्पीति तथा चंबा जिलों में कुछ स्थानों पर हिमपात हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और गुरुवार को कोठी में 33 सेमी, गोंदला में 11 सेमी, केलांग में 9 सेमी, कुकुमसेरी में 8.3 सेमी, भरमौर में 8 सेमी, मनाली में 7.4 सेमी, जोत में 6 सेमी, कल्पा में 5.1 सेमी और शिल्लारू तथा खद्राला में 5 सेमी के आसपास हिमपात हुआ। इसके अलावा शिमला शहर में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा और सोलन के कुछ हिस्सों में आंधी और बिजली गिरने के लिए 'येलो' चेतावनी जारी कर रखा। एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।

बर्फबारी का लुत्फ लेते है सैलानी

बर्फबारी का लुत्फ लेते है सैलानी

एमपी में कैसा है मौसम का हाल

मध्य प्रदेश में अभी भी गलन का एहसास हो रहा है। दिन में तेज हवाएं करीब 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही हैं। हालांकि, दिन में तेज धूप देखने को मिल रही है, जिससे कड़ाके की सर्दी से काफी राहत है। आईएमडी ने कहा पहली बार फरवरी में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। भोपाल, ग्वालियर, इंदौर समेत करीब 20 जिलों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, जिससे दिन में भी ठिठुरन महसूस हो रही है।

महाराष्ट्र में कैसा है मौसम

महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों गर्मी की एंट्री हो चुकी है। मुंबई, नागपुर समेत कोल्हापुर, औरंगाबाद, जलगांव, ठाणे, पुणे, रत्नागिरी, रायगढ़, हिंगोली, बदलापुर, उल्लासनगर में तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने मुंबई में बादल छाए रहने और बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जारी किया है। फिलहाल, मुंबई में न्यूनतम तापमान 17°C और अधिकतम 33°C डिग्री सेल्सियस है। लेकिन, 15 फरवरी तक तेज गर्मी का एहसास होगा।

कोल्ड डे क्या है?

कश्मीर-हिमाचल प्रदेश में अभी भी कोल्ड के जैसी स्थिति है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है। इसके अभी और जारी रहने के संकेत हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article