Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : उत्तर भारतीय राज्यों में शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है। सुबह-शाम तेज तो दिन में सर्द हवाओं ने तापमान गिरा रखा है, जिससे लोगों को गलन वाली सर्दी का एहसास हो रहा है। पहाड़ों पर 5 दिसंबर से एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया है, जो शुक्रवार और शनिवार तक मौसम को प्रभावित करेगा। लिहाजा, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले हिस्सों में मौसमी गतविधियां हो सकती हैं। इसका प्रभाव उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों पर पड़ेगा, जिससे शीतलहर की रफ्तार बढ़ेगी और सुबह घना कोहरा छाया नजर आएगा। स्काईमेट वेदर के पूर्वानुमान की मानें तो अगले 24 से 48 घंटे तक दितवाह चक्रवाती तूफान के कारण तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लक्ष्यद्वीप में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।
कल मौसम
दिल्ली में कल मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में हल्की सर्द हवाओं के साथ दिन में भी सर्दी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है। फिलहाल, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जबकि सुबह हल्का कोहरा छाने का अनुमान है। वीकेंड पर मौसम साफ रहेगा। हो सकता है, छिटपुट बदली छाई नजर आए। लेकिन, जहरीली हवा से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। पूरे एनसीआर में हवा की क्वालिटी खराब स्थिति में बनी हुई है। अधिकतम एक्यूआई 373 दर्ज की गई।
राजस्थान में मौसम
राजस्थान में शीतलहर ने सर्दी बढ़ा रखी है। धीरे-धीरे तापमान में गिरावट से गलन बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकांश हिस्सों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। सबसे कम फतेहपुर में 1.9, सीकर में 3.0, लूणकरणसर में 3.2, नागौर में 3.1, चुरू में 4.5 और पिलानी में 4.8 डिग्री डिग्री सेल्सियस तापमान बना हुआ है। आईएमडी ने कयास लगाए हैं कि अगले एक सप्ताह में अन्य क्षेत्रों में भी तापमान गिरेगा और कोहरा बढ़ेगा। इस दौरान मौसम साफ रहेगा, लेकिन शीतलहर के कारण सर्दी बढ़ती जाएगी।
पंजाब और हरियाणा का मौसम
पंजाब और हरियाणा के अधिकांश भागों में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। दोनों ही राज्यों में सबसे कम 3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच गया है। बठिंडा में 3.2, चंडीगढ़ में 6.1, अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 5.6, पटियाला में 5.8, गुरदासपुर में 5.5 और फिरोजपुर में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इधर, हरियाणा में भी शीतलहर से मौसम काफी सर्द हो चला है। नारनौल में 3.5, हिसार में 3.7, सिरसा में 5.4,करनाल में 5.8, अंबाला में 7.7, भिवानी और रोहतक में 6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान बना हुआ है। आईएमडी ने अगले सप्ताह से और मौसम गहराने का अनुमान जताया है।
कश्मीर पश्चिमी विक्षोभ का अलर्ट
कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आसमान पर बादल छाए हुए हैं। बादलों की आवाजाही के बाद सर्दी से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन रात्रि के समय अधिकांश हिस्सों में पारा जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है, जिससे नदी, नाले, झरने और पानी की पाइप लाइन जम गई हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन हल्की बारिश के साथ बर्फबारी से मौसम का मिजाज बिगड़ेगा, जो आगे चलकर अन्य मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा। फिलहाल, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री, काजीगुंड में 0.2, कुपवाड़ा में 0.2 और कोकेरनाग में 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग स्की में शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास है। वहीं, पुलवामा में 0 से 3 डिग्री सेल्सियस है। मौसम विभाग के मुताबिक, रात के समय ऊंचाई वाले इलाकों में 6,7 और 8 दिसंबर तक हल्की बर्फबारी जारी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम
हिमाचल प्रदेश में भी वेस्टर्न डिस्टर्बेंश का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और बूंदाबादी का अलर्ट जारी रखा है। मौसम बदलने से बर्फबारी में इजाफा होगा और शीतलहर जोर पकड़ेगी। राज्य के करीब 12 से 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। इधर, उत्तराखंड में भी मौसम खराब हो सकता है। नए मौसमी तंत्र के प्रभाव से बर्फबारी के संकेत मिलने लगे हैं, जिससे अब सर्दी के ग्राफ में बड़ा प्रभाव नजर आएगा।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 7°C | 21°C |
| मुंबई | 23°C | 31°C |
| चंडीगढ़ | 6°C | 21°C |
| जयपुर | 9°C | 24°C |
| भोपाल | 10°C | 24°C |
| लखनऊ | 9°C | 23°C |
| पटना | 11°C | 23°C |
| चेन्नई | 24°C | 28°C |
| देहरादून | 7°C | 18°C |
| शिमला | 5°C | 16°C |
| कश्मीर | 2°C | 10°C |
दितवाह तूफान का असर
दक्षिण भारत में दितवाह तूफान का असर अभी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 और 6 दिसंबर को कई राज्यों में इसका आंशिक प्रभाव रहेगा, जिससे तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। सबसे ज्यादा प्रभाव तमिलनाडु के 4 से 5 तटीय जिलों पर पड़ेगा, जिससे जनजीवन प्रभावित रहेगा। इस तूफान का असर आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, लक्ष्यद्वीप और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी बना रहेगा और हल्की बारिश दर्ज की जाएगी।
