Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): पूर्वोत्तर से लेकर उत्तर भारत तक कोहरे का तेवर जारी रखेगा। हालांकि, ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने का अनुमान जताया जा रहा है। मौसम विभाग ने नॉर्थ ईस्ट में चक्रवात के असर से अरुणाचल प्रदेश, असम और उड़ीसा समेत कई राज्यों के मौसम में उतार चढ़ाव जारी रहने के संकेत दिए हैं। उधर, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी जारी रहने से न्यूनतम तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस में दर्ज किया जा रहा है, जिसके प्रभाव से मैदानी राज्य एमपी-यूपी, बिहार, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में हल्की सर्दी अभी जारी रहेगी। आईएमडी ने 4 और 5 फरवरी को तेज हवा और तूफान के साथ तेज गति से बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। साथ ही फरवरी माह में 5 से 6 पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है, जिससे बीच-बीच में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इसके अलााव अभी कहीं हल्का तो कहीं घना कोहरा दिखाई देगा जो हवाई यातायात और रेल यातायात को प्रभावित करेगा। हालांकि, इस सप्ताह के अंत तक इससे काफी राहत मिलने के संकेत हैं।
कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में कुछ दिनों तक हल्की धुंध की चादर छाई रहेगी। मंगलवार को मौसम विभाग ने बारिश की संभावना भी जताई है। आईएमडी के मुताबिक, मंगलवार को तेज हवा और तूफान के साथ तेज बारिश होने की हो सकती है। इसके बाद 5 फरवरी से न्यूनतम पारा 10 डिग्री और अधिकतम पारा 23 डिग्री पहुंचने की संभावना है। 6 फरवरी को न्यूनतम पारा 9 डिग्री और अधिकतम पारा 23 डिग्री तक पहुंच जाएगा। इस दिन लोगों को हल्की धुंध की चादर देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक 3 फरवरी को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया है और आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश भी हो सकती है। वहीं 4 फरवरी को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में यह स्थिति बार-बार बदल रही है। कभी-कभी लोगों को गर्मी का एहसास होता है और फिर एकदम से बारिश और कोहरे का सामना लोगों को करना पड़ता है।
दिल्ली में कैसा रहेगा कल का मौसम
दिल्ली में आईएमडी ने घने कोहरे के कारण येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान विजिबिलिटी कम हो सकती है, जिससे ट्रैफिक में दिक्कतें आ सकती हैं। आने वाले दिनों में बादल छाए सकते हैं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम में बदलाव का कारण सक्रिय मौसम विक्षोभ बताया जा रहा है। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में दिन में तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और रात में 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। आने वाले दिनों में, दिल्ली के लिए एक्यूआई प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि एक्यूआई 3 से 4 फरवरी तक बहुत खराब श्रेणी में रहेगा।
दिल्ली में कितना प्रदूषण है
दिल्ली में सोमवार सुबह 6 बजे एक्यूआई 313 था। आनंद विहार में एक्यूआई 357 था, जबकि अशोक विहार में 335 था। जहांगीरपुरी, पंजाबी बाग, पटपड़गंज और वजीरपुर में एक्यूआई 322 से 347 के बीच रहा तो विवेक विहार में सबसे अधिक एक्यूआई 359 दर्ज किया गया, जो दिल्ली में वायु प्रदूषण की गंभीरता को दिखाता है। आर के पुरम, चांदनी चौक और नजफगढ़ में भी एक्यूआई 300 से ऊपर रहा, जिससे इन इलाकों को 'बहुत खराब' श्रेणी में रखा गया। नोएडा और गाजियाबाद में एक्यूआई फिलहाल सांस लेने लायक बना हुआ है। गाजियाबाद में एक्यूआई औसतन 172 दर्ज किया गया है, तो ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 182 दर्ज किया गया है, जो हवा की फिलहाल बेहतर स्थिति दर्शाता है। वहीं अगर नोएडा की बात करें तो एक्यूआई 164 दर्ज किया गया है।
यूपी में कैसा रहेगा कल का मौसम
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिली हुई है। हालांकि, हवाएं तेज गति से बह रही हैं, जिससे सुबह और शाम गलन भरी सर्दी का एहसास हो रहा है। आईएमडी ने आने वाले दिनों में यानी 5 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से बादल छाए रहने के साथ पश्चिमी यूपी में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। हालांकि, अलर्ट के बीच कई दिन बारिश नहीं हुई और सूरज अपने समय से निकला और अस्त भी हुआ। राज्य की राजधानी लखनऊ, कुंभ नगरी प्रयाग, कानपुर, वाराणसी, आगरा, अलीगढ़, सहारनपुर, मेरठ, शामली, हरदोई, सीतापुर, गोरखपुर, देवरिया, झांसी, बांदा, जालौन, महोबा समेत ज्यादातर जिलों में हल्के से घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय के दौरान चमक गरज की संभावना है। हालांकि, इस सप्ताह के अंत तक ठंड से काफी राहत मिलेगी और दिन में गर्मी का एहसास भी होगा।
राजस्थान में बारिश का पूर्वानुमान
राजस्थान के कई भागों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मंगलवार को बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। आईएमडी के जयपुर केंद्र के मुताबिक, नया पश्चिमी विक्षोभ तीन और चार फरवरी के दौरान सक्रिय होगा, जिससे पूर्वी व उत्तरी राजस्थान में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इस बीच, राज्य के कई हिस्सों में अब भी सर्दी का दौर जारी है, जहां बीते चौबीस घंटे में निम्नतम न्यूनतम तापमान श्रीगंगानगर मे 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सिरोही में यह 6.2 डिग्री, चूरू में 6.5 डिग्री, संगरिया में 7.4 डिग्री, लूणकरणसर में 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान क्रमश: 25 डिग्री तथा 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के बाकी हिस्सों में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में मामूली बदलाव हो सकता है।
बिहार का मौसम कैसा है?
बिहार में अब गर्मा का एहसास होने लगा है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे दिन में काफी गर्मी प्रतीत हो रही है। हालांकि, मौसम के करवट लेने के संकेत मिल रहे हैं। 5 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ का असर दिख सकता है। इस दौरान बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में एक से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। आईएमडी ने राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, अररिया, मधुबनी, सुपौल, शिवहर, पूर्णिया, मधेपुरा, किशनगंज, हाजीपुर, नालंदा, वैशाली और गया समेत अन्य जिलों में सुबह शाम हल्का से घना कोहरा दिखाई दे सकता है।
हरियाणा-पंजाब का मौसम
हरियाणा-पंजाब में भी मौसम के मिजाज में तब्दीली के संकेत हैं। मौसम विभाग ने दोनों ही राज्यों में एक फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के असर बारिश की संभावना व्यक्त की थी, लेकिन ये पूर्वानुमान सफल नहीं रहा है। कुछ इलाकों को छोड़ दें तो दिन में धूप खिली हुई है, जिससे ठंड से काफी राहत है। बहरहाल, कोहरे की परत छाई रहने से यातायात में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन, मौसम विभाग ने फरवरी माह में 5 से 6 पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की बात कही है, जिससे बीच-बीच में मौसम में उतार चढ़ाव देखने को मिलता रहेगा।
हिमाचल में कैसा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में 4 फरवरी को बादल छाए रहने और बर्फबारी का अलर्ट है। शिमला, मसूरी, कुल्लू, मनाली में भारी बर्फबारी के संकेत हैं। उधर, धर्मशाला के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी तो होगी ही साथ ही बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। 5 फरवरी को भी इसी तरह के मौसम के संकेत हैं। राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में घने कोहरे का अलर्ट है। राज्य के बर्फीले इलाकों में कोल्ड डे बना हुआ है।
कश्मीर में कैसा है मौसम
कश्मीर घाटी में मौसम में नर्मी नहीं आ रही है। राज्य के घाटी इलाकों में बर्फबारी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। डावर, कंजालवान, नीरू, बागतोर और तुलैल में चार इंच तक बर्फबारी दर्ज की गई। खासकर, श्रीनगर के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात और मैदानी इलाकों में बारिश से कश्मीर घाटी में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम का दौर खत्म हो गया। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की है। बारामूला, बांदीपोरा, कुपवाड़ा और सोनमर्ग जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो रहा है, जिससे तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है, जिससे वहां अधिकतर इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति है।
महाराष्ट्र का मौसम
महाराष्ट्र में गर्मी के स्तर में बढ़ोतरी होती जा रही है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में महज 5 डिग्री सेल्सियस का अंतर है। यहां न्यूनतम तापमान 23 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। इधर, राजधानी मुंबई में आसमान में प्रदूषण की परत छाई रहने से धुंध का आलम है। मौसम विभाग ने बादल छाए रहने छिटपुट बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जारी किया है है। मुंबई में न्यूनतम तापमान 24°C और अधिकतम 28°C डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
कोल्ड डे किसे कहते है?
कश्मीर-हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में कोल्ड डे जारी है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है। इसके अभी और जारी रहने के संकेत हैं।
