Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक अलग-अलग मौसमी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी और हरियाणा-पंजाब में आज मौसम थोड़ा सा नर्म है। हवाओं में नमी के कारण गर्मी से थोड़ी राहत है। धूप भी कम असर कर रही है। हल्की धूप-छांव का दौर जारी है। उधर, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से बारिश और बर्फबारी देखी जा रही है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ अब धीमा पड़ जाएगा। अगले 10 दिन तक इसके एक्टिव नहीं होने के संकेत हैं। इस दौरान तापमान में तेजी के साथ बढ़ोतरी होगी और लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होगा। स्काईमेट के मुताबिक, मार्च और अप्रैल में मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इस दौरान गरज चमक के साथ बारिश की संभावना बन रही है। मार्च के अंत तक प्री मानसून दक्षिण में एक्टिव हो सकता है। इसकी वजह से गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन, अप्रैल में लू के स्तर में तेजी से बढ़ोतरी होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाएगा। आईएमडी ने 29 मार्च से 1 अप्रैल तक केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 3.8 डिग्री अधिक है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 1.4 डिग्री अधिक है। विभाग ने शुक्रवार को दिन के समय तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। अगले 10 दिनों तक कोई नया मौसमी सिस्टम आने की उम्मीद नहीं है।
दिल्ली में कितना प्रदूषण?
दिल्ली में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई क्योंकि शाम सात बजे एक्यूआई 263 रहा। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर माना जाता है।
चेन्नई में कैसा रहेगा मौसम?
चेन्नई में आज मौसम पूरी तरह शुष्कर रहेगा। शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि, पूरा दिन बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश का पूर्वानुमान नहीं है। लिहाजा, चेन्नई में होने वाले चेन्नई सुपर किंग्स और रायल चैलेंजर्स बैंगलोर के आईपीएल मैच पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
जम्मू-कश्मीर में कैसा है मौसम
जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और बर्फबारी हो रही है। शुक्रवार को ओलावृष्टि भी हुई, जिसका असर मैदानी राज्यों में पड़ रहा है और गर्मी से थोड़ी राहत है। श्रीनगर समेत कई इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट होने से कड़ाके की ठंड का एहसास हो रहा है।
यूपी में कल का मौसम
यूपी में मौसम के तेवर बदल सकते हैं। पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक के साथ छीटे पड़ सकती हैं, जबकि पूर्वी यूपी में बादलों की आवाजाही देखी जा सकती है। वहीं, राजस्थान में कल गर्मी से हल्की राहत की उम्मीद है। आईएमडी के मुताबिक, धूल भरी आंधी की आशंका है। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा। वहीं, एमपी में पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की बारिश और पूर्वी हिस्सों में बादल छाए रहेंगे।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| मुंबई | 27 °C | 32 °C |
| दिल्ली | 16 °C | 31 °C |
| लखनऊ | 18 °C | 36 °C |
| पटना | 24 °C | 38 °C |
| जयपुर | 19 °C | 30 °C |
| शिमला | 5 °C | 21 °C |
| कश्मीर | -4 °C | 7 °C |
| देहरादून | 13 °C | 28 °C |
| भोपाल | 19 °C | 34 °C |
| चेन्नई | 26 °C | 34 °C |
कहां लू अलर्ट?
स्काईमेट ने बताया कि पिछले 2 से 3 दिन से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। ओडिशा में 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान पहुंच गया है, जो सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इन राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट है। आईएमडी ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
कब आएगा प्री मॉनसून?
मध्य भारत के कुछ भागों में 19 मार्च से प्री मॉनसून संकेत मिल रहे हैं। इनमें बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, एमपी का पूर्वी भाग, तेलंगाना और पूर्वी भारत में प्री मॉनसून एक्टिव हो सकता है। 19 मार्च से पहाड़ी राज्य कश्मीर, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से एक बार फिर बादलों की आवाजाही शुरू होगी, जिससे हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। जम्मू-कश्मीर में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
सनबर्न क्या होता है?
गर्मियों के मौसम में सनबर्न का अलर्ट रहता है। सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक होती है। चिकित्सा की भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के ज्यादा संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द होने लगता है। कुल मिलाकर स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क हो जाता है।
हीटवेव क्या है?
भीषण गर्मियों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया जाता है। हीटवेट तब होती है जब किसी खास जगह पर तीन दिन तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान असामान्य रूप से गर्म होता है। इसे उस क्षेत्र की स्थानीय जलवायु और पिछले मौसम के संबंध में माना जाता है। इस दौरान तापमान सामान्य औसत से अधिक पहुंच जाता है तो उसे हीटवेव कहा जाता है। खासकर, मार्च से जून के दौरान और कुछ दुर्लभ मामलों में जुलाई के महीने में ये स्थिति बनती है। हीटेवव के दौरान लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। आमतौर पर शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर पानी की कमी बुखार, उल्टी, दस्त, थकान, कमजोरी इत्यादि लक्षण दिखाई देते हैं।
हॉट डे क्या होता है?
हॉट डे की स्थिति तब होती है, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहता है और न्यूनतम तापमान सामान्य औसत से 5 डिग्री सेल्सियस के बराबर या उससे भी अधिक होता है। इस दौरान अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। आमतौर पर अप्रैल से जून के बीच ये स्थिति देखी जाती है। मौसम विभाग ऐसा तापमान देख हॉट डे घोषित कर देता है।
