शहर

कल का मौसम 29 दिसंबर 2024: बारिश-ओलावृष्टि से बढ़ी सिरदर्दी, इन राज्यों में हवा टाइट करेगी कड़ाके की सर्दी; बर्फबारी-कोहरा करेगा अटैक

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब, उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी है। उधर, पहाड़ों में भारी बर्फबारी से मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आईएमडी ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों अभी और अधिक बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का सितम जारी है। हरियाणा-पंजाब राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में पारा लुढ़कता जा रहा है। इधर, दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा-पंजाब, उत्तराखंड और राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक उत्तर भारत के संबंधित राज्यों में बादलों की गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। शनिवार की सुबह दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कमोबेश यही हाल उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों का है, जहां बारिश के बाद तापमान में कमी देखी जा रही है। उत्तरकाशी के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में लगभग एक फीट बर्फ जमा होने से निचले इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है। बर्फबारी के कारण प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

उत्तरकाशी में भारी बर्फबारी

मौसम विभाग ने उत्तरकाशी जिले में भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, जनपद के 2200 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम में तीव्र परिवर्तन होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और बारिश हो सकती है, जिससे सर्दी और बढ़ सकती है और यातायात प्रभावित हो सकता है। इस अलर्ट के मद्देनजर प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। यात्रियों और स्थानीय निवासियों को खराब मौसम के कारण सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। सड़क मार्गों पर बर्फ जमने और दुर्घटनाओं के खतरे को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर भी अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं। यह अलर्ट विशेष रूप से गंगोत्री, यमुनोत्री और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए है, जहां बर्फबारी और बारिश की अधिक संभावना है। उत्तरकाशी जनपद के मुख्यालय सहित अन्य क्षेत्रों में जबरदस्त बारिश हुई है, जिससे ठंड में और भी वृद्धि हो गई है। भारी बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस मौसम में ठंड से बचने के लिए लोग अब अलाव का सहारा ले रहे हैं।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का पहरा

दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश आज पूरे दिन होने की आशंका है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। इसमें पालम, सफदरजंग, लोदी रोड, आईजीआई एयरपोर्ट, महरौली, छतरपुर, आयानगर, डेरामंडी, गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर जैसे इलाके शामिल हैं। नोएडा और मानेसर में भी हल्की से लेकर भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि यहां गंभीर मौसम की स्थिति बनी रह सकती है।

राजधानी में शनिवार के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आ जाएगी, जिसके बाद फिर से घने कोहरे की वापसी होगी। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन दिल्ली में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को दिल्ली में अधिक घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

दिल्ली में बारिश ने तोड़ा 101 साल का रिकॉर्ड

दिल्ली में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 41.2 मिमी बारिश हुई, जो 101 साल में दिसंबर में एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में तीन दिसंबर 1923 को एक ही दिन में सबसे अधिक बारिश हुई थी, जो 75.7 मिमी थी। इस बीच शनिवार को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहे और मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताते हुए दिन के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है।इस दौरान गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं सोमवार को भी घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 17 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है। शहर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

यूपी में बारिश ने बिगाड़ा मौसम का मिजाज

आईएमडी ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है। हरियाणा में यमुनानगर, झज्जर, फरुखनगर और होडल; उत्तर प्रदेश में सहारनपुर, गंगोह, देवबंद, मुजफ्फरनगर, सकौती टांडा, बड़ौत, दौराला, बागपत, मेरठ, मोदीनगर, किठौर और नंदगांव; और राजस्थान में तिज़ारा और अलवर में बारिश हो सकती है। इस बीच, उत्तर प्रदेश के मथुरा शहर के कई इलाकों में शुक्रवार रात और शनिवार की सुबह भी बारिश हुई। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। 28 और 29 दिसंबर को करीब 40 जिलों में मौसम बदला रहेगा। आईएमडी के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिन के बाद अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की कमी देखी जाएगी। वहीं, न्यूनतम में कमी के कारण शीतलहर का भी प्रकोप दिखेगा। विवार से भीषण कोहरे के छाए रहने का अनुमान है। मौसम के खुलने से तापमान में तेजी के साथ गिरावट दर्ज की जाएगी।

कश्मीर में जारी रहेगी बर्फबारी

आईएमडी ने बताया कि पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के कारण यूपी में अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस गिरेगा। वहीं, 2 दिन बात यही तापमान 4 डिग्री तक कम हो सकता है, जिससे प्रदेश में शीतलहर के साथ सर्दी का सितम देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड समेत शिलॉग में बर्फबारी का दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में अभी बर्फबारी से राहत नहीं मिलने वाली है।

मध्य प्रदेश में बारिश के साथ ओलावृष्टि

मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि और गरज के साथ बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। मौसम अधिकारियों ने बताया कि नए साल की पूर्व संध्या तक ठंड फिर से लौटने का अनुमान है और पिछले तीन दिनों से आसमान में बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। शनिवार सुबह बादल छाए हुए थे। भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल कार्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ और मध्य राजस्थान के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण के कारण मध्यप्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश हुई। रविवार को आसमान साफ होने और अगले 72 घंटों में तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। शनिवार को सुबह 8:10 बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान भोपाल में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने शनिवार रात तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि, बिजली गरजने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article