कल का मौसम (Kal Ka Mausam): देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। एक तरफ कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर जारी है, तो वहीं दूसरी ओर आंधी-तूफान, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई के बाद तापमान में गिरावट और मानसून की गतिविधियों में तेजी आने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। वेदर सिस्टम की बात करें तो मध्य उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) मौजूद है।
उत्तर-पश्चिमी ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण है जो निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों तक फैला हुआ है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से दक्षिणी तटीय ओडिशा तक निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक गर्त फैला हुआ है। उत्तरी बिहार से दक्षिणी तेलंगाना तक निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक उत्तर-दक्षिण गर्त फैला हुआ है।उत्तरी तमिलनाडु तट और आसपास के क्षेत्रों में मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर अक्ष वाला एक पछुआ गर्त लगभग 89° पूर्व देशांतर के अनुदिश 21° उत्तर अक्षांश के उत्तर में फैला हुआ है। मध्य असम और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। दक्षिणपूर्वी अरब सागर और आसपास के क्षेत्र में निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। पूर्वी मध्य और दक्षिणपूर्वी बंगाल की खाड़ी में निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। 28 मई, 2026 से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है।
क्या है IMD का पूर्वानुमान?
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों तक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। कई इलाकों में ऊष्ण लहर (Heatwave) से लेकर गंभीर ऊष्ण लहर (Extreme Heatwave) की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि 29 मई से अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं। वहीं उत्तर-पूर्व और उससे सटे पूर्वी भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 28 और 29 मई 2026 को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 28 से 30 मई के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में तेज आंधी-तूफान के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाएं चलने की आशंका है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में कल मौसम फिलहाल मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, लेकिन दिन ढलने के साथ आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं। दिनभर तेज सतही हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है और कुछ समय के लिए यह 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। वहीं शाम और रात के समय हल्की बारिश, गरज-चमक, धूल भरी आंधी और तेज़ हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। इस दौरान हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि कुछ इलाकों में यह 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। IMD के अनुसार राजधानी में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज होने की संभावना है। हवा की दिशा में भी दिनभर बदलाव देखने को मिलेगा। सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। दोपहर में हवा की गति बढ़कर 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच जाएगी और दिशा पूर्वी हो जाएगी। वहीं शाम और रात में हवाओं की रफ्तार घटकर करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा रह जाएगी तथा हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से चलने की संभावना है।
यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आएगा। फिलहाल राज्य के कई हिस्सों में गर्मी और लू का असर बना रहेगा, लेकिन 28 मई से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। 28 से 31 मई के बीच प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं कुछ इलाकों में तेज तूफानी हवाएं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं। मौसम विभाग ने 28 और 29 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा 29 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज आंधी, बिजली चमकने और धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 28 मई के बाद इसमें धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
बिहार में कल के मौसम का हाल
बिहार में भी आने वाले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव आने की संभावना है। राज्य के कई हिस्सों में 28 से 30 मई के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 29 मई को बिहार में मौसम और भी ज्यादा खराब हो सकता है। मौसम विभाग ने इस दिन तेज तूफानी हवाओं की चेतावनी जारी की है, जिनकी रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। इसके साथ राज्य के अलग-अलग इलाकों में भारी वर्षा होने के आसार हैं। तापमान की बात करें तो कल 28 मई से मौसम में राहत मिलने की उम्मीद है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से कुछ राहत मिल सकती है।
राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम
पूर्वी राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और आंधी चली जबकि राज्य के पश्चिमी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया, "बीकानेर व कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में तापमान 46 से 47 डिग्री तक रह सकता है जबकि पश्चिमी राजस्थान के सीमा क्षेत्रों में 28 मई को तापमान 48 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है।" IMD ने 28 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस बीच, एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से 28 मई से राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश शुरू होने का अनुमान है। अधिकारी ने बताया कि 29 से 31 मई के बीच इसका अधिकतम असर रहेगा और जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर व बीकानेर संभागों में धूल भरी आंधी, 60–70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 मई से तापमान में दो–तीन डिग्री की गिरावट दर्ज होने का अनुमान है, जिससे लू की स्थिति से राहत मिलेगी।
पंजाब और हरियाणा का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल सकता है। 28 से 31 मई के दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। IMD ने यह भी कहा कि 28 और 29 मई को मौसम ज्यादा प्रभावी रहने की संभावना जताई गई है। इन दिनों तेज़ आंधी-तूफान के साथ हवाओं की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि की भी संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हालांकि फिलहाल गर्मी और लू का असर बना रहेगा, लेकिन 29 मई के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है और मौसम अभी की तुलना में सुहावना हो सकता है।
पहाड़ी क्षेत्रों का मौसम कैसा रहेगा?
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो यहां अगले कुछ दिनों तक मौसम के तेवर बदले हुए नजर आएंगे। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 से 30 मई के दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज़ हवाएं भी चलने की आशंका है, जिनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। साथ ही 28 और 29 मई को पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में तेज़ आंधी-तूफान के साथ हवाओं की गति 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश में भी 28 और 29 मई को खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है। मौसम में इस बदलाव के कारण मैदानी इलाकों के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि तेज हवाओं, बारिश और आकाशीय बिजली को देखते हुए IMD ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मानसून को लेकर क्या अपडेट है?
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून (Southwest Monsoon) ने 27 मई 2026 को अपनी रफ्तार बढ़ाते हुए दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व और पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के कई इलाकों, अंडमान सागर के शेष भागों तथा पश्चिमी मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों तक पहुंच बना ली है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान मानसून के और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप क्षेत्र, पूर्वी एवं पश्चिमी मध्य बंगाल की खाड़ी, उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और आसपास के अन्य क्षेत्रों में मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी, हीटवेव और उमस भरे मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। 28 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लू चलने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में भीषण उष्ण लहर का असर देखने को मिल सकता है। राजस्थान में भी 28 और 29 मई के दौरान गर्म हवाओं का प्रभाव बना रहेगा। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गंभीर लू चलने की आशंका जताई गई है, वहीं पूर्वी राजस्थान में भी कई स्थानों पर उष्ण लहर का असर रह सकता है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अगले कुछ दिनों तक तेज गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भीषण उष्ण लहर चल सकती है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी 28 मई को लू का प्रभाव देखने को मिल सकता है। तेलंगाना में 28 और 29 मई तक तथा हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में 28 मई को गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। इसके अलावा कई राज्यों में गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने की संभावना है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कोंकण, गोवा, गुजरात के तटीय क्षेत्रों, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में उमस भरे मौसम का असर बना रह सकता है। वहीं ओडिशा के कुछ हिस्सों में 28 मई को तथा मध्य प्रदेश और विदर्भ में गर्म रातें रहने की भी संभावना जताई गई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
