28 फरवरी का मौसम
Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): उत्तर भारत में मौसम की चाल बदलने लगी है। फरवरी के आखिरी दिनों में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बादलों के छाए रहने के साथ बारिश का अलर्ट है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के कई हिस्सों में जारी बर्फबारी और बारिश के कारण मैदानी राज्यों के मौसम में तब्दीली देखने को मिल रही है। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक 28 फरवरी को बिहार, हरियाणा-पंजाब, बिहार और राजस्थान में वेस्टर्न डिसटरबेंस के एक्टिव होने से बादलों की आवाजाही के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान आंधी-तूफान का भी अलर्ट है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है। उधर, नॉर्थ ईस्ट में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण असम, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड और सिक्किम में आंधी के साथ वर्षा की संभावना है। अगर, बात दक्षिण भारत की करें तो केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है। महाराष्ट्र और गुजरात के भी अधिकतर शहर गर्मी की चपेट में हैं।
उत्तर प्रदेश मौसम की मार झेल सकता है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, कई जिलों में बादलों की आवाजाही का दौर जारी है। खासकर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में वेस्टर्न डिसटरबेंस का असर दिखाई दे रहा है। नोएडा गाजियाबाद समेत सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली इत्यादि क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बूंदा की संभावना है। इधर, कानपुर, लखनऊ, फतेहपुर, बांदा, कौशांबी में सूरज आंख मिचौली का खेल खेल रहा है। प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर में बादलों का रुख बदल सकता है। कुल मिलाकर फरवरी के आखिरी दिन आंधी-तूफान के साथ बारिश का येलो अलर्ट है। आईएमडी के मुताबिक, राज्य के 13 जिलों में चमक के साथ मेघ गर्जन भी देखने को मिल सकता है।
राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का अनुमान है। कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश दस्तक दे सकती है। चक्रवाती परिसंचरण के कारण गरज चमक भी परेशान कर सकती है। उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में आसमान में बिजली कड़केगी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के आसार जताए गए हैं। शेष भागों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली, एनसीआर के कई स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इनमें लोनी देहात, हिंडन एयरफोर्स स्टेशन, बहादुरगढ़, गाजियाबाद, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, बल्लभगढ़ शामिल हैं। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 4.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग ने 28 फरवरी तक गरज के साथ बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
आईएमडी के मुताबिक, नरवाना, राजौंद, असंध, सफीदों, बरवाला, जिंद (हरियाणा) में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। दिल्ली के कुछ स्थानों (नरेला, बवाना, अलीपुर, बुराड़ी, कंझावला, रोहिणी, बादिली, मॉडल टाउन, करावल नगर, आजादपुर, पीतमपुरा, दिल्ली यूनिवर्सिटी, सिविल लाइन्स, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, मुंडाका, पश्चिम विहार, पंजाबी बाग, राजौरी गार्डन, जाफरपुर, नजफगढ़, द्वारका, पालम, आईजीआई एयरपोर्ट, आयानगर, डेरामंडी) पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में एक्यूआई 260 श्रेणी में दर्ज किया गया। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है।
दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में 28 और 1 मार्च को तेज तूफान के साथ तेज बारिश का सामना भी लोगों को करना पड़ सकता है, जिसके चलते अधिकतम पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों में यह दर्शाया गया है कि लगातार बढ़ते अधिकतम तापमान में इस दौरान गिरावट दर्ज की जाएगी और दिन में हो रही इस गर्मी से भी लोग राहत महसूस करेंगे। इसके बाद 1 मार्च को भी मौसम ऐसे ही बना रहेगा और इस दिन अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक इसके बाद लगातार तीन दिनों तक न्यूनतम पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी।
2 मार्च की बात करें तो उस दिन भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री रहने की संभावना है। जबकि 3 मार्च को अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जिसके चलते सुबह और शाम लोगों को हल्की ठंड का सामना करना पड़ेगा। इसके अलावा 4 मार्च को अधिकतम तापमान कम होगा लेकिन न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदल दी है। हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी तो निचले इलाकों में बारिश होने लगी है। दो दिनों से केदारनाथ, तुंगनाथ, मदमहेश्वर धाम सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है तो मिनी स्विटजरलैंड चोपता में बर्फबारी होने से देश-विदेश से पर्यटक बर्फबारी आनंद उठाने को भी पहुंच रहे हैं। केदारनाथ धाम में बर्फबारी से ठंड का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया है। यहां आईटीबीपी के साथ पुलिस के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं। जवानों को भारी ठंड में पानी की समस्या से भी जूझना पड़ रहा है। यहां तीन से चार इंच तक बर्फ जम चुकी है।
इसके अलावा पानीपत, गोहाना, गन्नौर, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा (हरियाणा) में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही बिजली गिरने की भी संभावना है। आईएमडी ने बताया कि करनाल, राजौंद, असंध, सफीदों (हरियाणा), शामली, कांधला (यूपी) में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
बिहार के मौसम में बदलाव के पूरे संकेत हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में हल्की बारिश के आसार हैं। हो सकता इस दौरान थोड़ा तापमान गिरे, जिससे थोड़ी सी ठंड बढ़ेगी। अगले 2 दिन तक कहीं अधिक तो कहीं आंशिक तौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। लेकिन, मार्च के पहले सप्ताह में तेजी के साथ गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा।
जम्मू-कश्मीर में 27 और 28 फरवरी को भारी वर्षा या बर्फबारी होने के आसार हैं। सोनमर्ग, गुलमर्ग, पहलगाम और कश्मीर में ताजा बर्फबारी और बारिश दर्ज की जा रही है। कश्मीर के विभिन्न जिलों समेत श्रीनगर घाटी के मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। 28 फरवरी के दौरान ज्यादातर इलाकों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट देखी जाएगी, जिससे कोल्ड डे वाली फीलिंग आएगी।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पिछले 3 दिनों से बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। लाहौल स्पीति, चंबा और किन्नौर में हिमपात से सड़कें ठप पड़ गई हैं। कई फीट तक बर्फ जमी हुई है। भारी बारिश के मद्देनजर कई जिलों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है। आईएमडी ने अगले 40 घंटो के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान है।
| राज्य का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| कश्मीर | -3 डिग्री सेल्सियस | 0 डिग्री सेल्सियस |
| हिमाचल | 8 डिग्री सेल्सियस | 10 डिग्री सेल्सियस |
| पंजाब | 16 डिग्री सेल्सियस | 20 डिग्री सेल्सियस |
| हरियाणा | 17 डिग्री सेल्सियस | 26 डिग्री सेल्सियस |
| उत्तर प्रदेश | 19 डिग्री सेल्सियस | 31 डिग्री सेल्सियस |
| बिहार | 19 डिग्री सेल्सियस | 29 डिग्री सेल्सियस |
| महाराष्ट्र | 26 डिग्री सेल्सियस | 32 डिग्री सेल्सियस |
| दिल्ली | 17 डिग्री सेल्सियस | 26 डिग्री सेल्सियस |
| मध्य प्रदेश | 18 डिग्री सेल्सियस | 31 डिग्री सेल्सियस |
| तेलंगाना | 19 डिग्री सेल्सियस | 33 डिग्री सेल्सियस |
| राजस्थान | 21 डिग्री सेल्सियस | 30 डिग्री सेल्सियस |
दक्षिण भारत से लेकर पश्चिम तक अभी से मार्च वाली गर्मी का एहसास हो रहा है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और गुजरात में गर्मी का प्रकोप शुरु हो गया है। कुल मिलाकर सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। उधर, केरल में भीषण गर्मी के मद्देनजर लू और सनबर्न का अलर्ट जारी कर दिया गया है।
गर्मियों के मौसम में सनबर्न का अलर्ट रहता है। सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक होती है। चिकित्सा की भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के ज्यादा संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द होने लगता है। कुल मिलाकर स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क हो जाता है।
कश्मीर-हिमाचल प्रदेश में अभी भी कोल्ड के जैसी स्थिति है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से। - Updated