शहर

अगले 3 दिन आंधी-तूफान, बारिश, ओलावृष्टि-वज्रपात; 18 राज्यों में IMD का बड़ा अलर्ट

अगले 24 घंटे मौसम के लिहाज से काफी भारी हो सकते हैं। IMD की ओर से दक्षिण और पूर्वोत्तर में मानसून तंत्र के एक्टिव होने से आंधी-तूफान और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने पहाड़ों पर एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले भागों पर तेज बारिश और बर्फबारी की संभावना व्यक्त की है। वहीं, 26 से 29 मार्च तक दिल्ली से लेकर बिहार तक समूचे उत्तर भारत और मध्य भारत में धूल भरी आंधी के साथ बारिश व ओलावृष्टि का खतरा जताया गया है।

Image

मौसम आज-कल

उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके असर से बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने बताया कि 26 मार्च से राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम करवट लेगा और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने के साथ बादलों की गरज-चमक के बीच हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ हिस्सों पर आकाशीय बिजली और ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पहाड़ों पर नया मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है, जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों पर बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी आएगी और लोगों को ठंडक का एहसास होगा। स्काईमेट ने अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण भारत में चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) का प्रभाव रहने और तमिलनाडु के समुद्र तटीय हिस्सों तूफानी हवाओं के साथ अच्छी-खासी बारिश रिकॉर्ड होने की बात कही है। वहीं, पूर्वोत्तर में अगले 3 दिन तक मौसम खराब रहेगा। लिहाजा, अभी गर्मी और हीटवेव से राहत रहेगी।

बिहार में बारिश का अलर्ट

बिहार में आज की रात से मौसम बिगड़ने वाला है। हालांकि, कई जिलों में बादल छाए नजर आ रहे हैं और आंधी आने की संभावना बनती दिख रही है। मौसम विभाग ने राज्य के करीब 12 जिलों में आंधी और बारिश के साथ ठनका गिरने का अलर्ट जारी किया है। अगले 2 दिन तक पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, गोपालगंज, सारण, वैशाली, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, शिवहर में आंधी-बारिश का येलो चेतावनी जारी की गई है, जबकि गयाजी, पटना, बेगूसराय, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में मौसम बिगड़ने का अंदेशा है। लिहाजा, मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

दक्षिण-पूर्वोत्तर में आंधी-बारिश

दक्षिण भारत के समुद्र तटीय भागों पर अगले कई दिनों तक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय रहेगा, जिसका व्यापक असर तमिलनाडु के तटीय भागों पर पड़ेगा। स्काईमेट ने बताया कि 27 मार्च को तेज तूफान के साथ कोस्टल एरिया में तेज बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। इसका आंशिक असर केरल, कर्नाटक समेत कई राज्यों पर दिखाई दे सकता है। हालांकि, अन्य राज्यों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया और हीटवेव की आहट मिलने लगी है। आईएमडी ने पूर्वोत्तर के राज्यों पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मेघालय में एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर रहेगा, जिस कारण 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। ये मौसमी गतिविधियां प्री-मानसून के संकेत हैं। इसके अतिरिक्त बिहार और झारखंड समेत मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर भी बारिश की संभावना है।

राजस्थान में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका असर राज्य के कई हिस्सों पर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग की मानें तो पिछले 24 घंटे के दौरान बीकानेर संभाग समेत कई अन्य स्थानों पर आंधी-बारिश रिकॉर्ड की गई। 28 मार्च से जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर और शेखावटी संभाग के कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इतना ही नहीं ये मौसमी गतिविधियां 30 मार्च तक रुक-रुक कर जारी रह सकती हैं। फिलहाल, राज्य में न्यूनतम तापमान अंता में 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम बाड़मेर में 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। फिलहाल, अगले सप्ताह तक गर्मी और लू से राहत की उम्मीद है।

दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। गुरुवार की दोपहर से आसमान बादलों की गिरफ्त में देखे गए, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश दस्तक देगी, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बौछारें गिरने से हवा की क्वालिटी में सुधार होगा और प्रदूषण से राहत मिलेगी। आईएमडी ने अगले 2 दिन तक न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है। फिलहाल, एक्यूआई 150 के आसपास पहुंच गया है। सीपीसीबी की मानें तो अगले कुछ दिन में प्रदूषण से काफी राहत मिलेगी। सीपीबीसीबी के मुताबिक, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम, 201 से 300 को खराब, 301 से 400 को बेहद खराब और 401 से 500 को गंभीर माना जाता है।

यूपी में कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान एक बार फिर से मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में दिखाई दे सकता है, जिससे मौसमी गतविधियां होंगी और कई जिलों में आंधी-बारिश से मौसम बदला रहेगा। आईएमडी ने 27, 28 और 29 मार्च को आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, एटा, नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मेरठ, बागपत, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, संभल, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत में 40 से 50 की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इस मौसम का आंशिक असर मध्य यूपी और बुंदेलखंड तक भी पहुंच सकता है। कहीं-कहीं ओले गिरने और बिजली गिरने का खतरा रहेगा, जिससे खेतों पर खड़ी रबी की फसल को नुकसान होगा।

उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी

पहाड़ों पर एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के हवाले से उत्तराखंड में मौसम बदला हुआ है। आईएमडी ने राज्य के ऊंचाई वाले हिस्सों पर बारिश और बर्फबारी की गतिविधियां होने का अनुमान जताया है। 26 से 30 मार्च तक रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश एवं बर्फबारी का अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, पौड़ी, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा की पहाड़ियों पर हल्की बारिश और बर्फ गिर सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर ओलावृष्टि और आंधी आने का अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, मैदानी हिस्से शुष्क रह सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश में मौसम कैसा रहेगा

हिमाचल प्रदेश में गुरुवार से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, मंडी समेत कई स्थानों पर काले घने बादलों की आवाजाही जारी है। कई स्थानों पर बारिश एवं बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। आईएमडी ने बताया कि 28 मार्च से मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा, जिसका प्रभाव ऊंचाई वाले भागों के साथ आंशिक तौर पर मैदानी हिस्सों पर भी दिखाई देगा और बारिश-बर्फबारी की गतिविधियां होंगी। खराब मौसम के दौरान लोगों को सतर्क रहने का अनुमान जताया गया है। उधर, कश्मीर के ऊंचे और घाटी के हिस्सों पर बारिश एवं बर्फबारी जारी है। आईएमडी ने अगले 5 दिन तक बारिश और बर्फीली हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है।

27 मार्च शुक्रवार का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली16°C30°C
मुंबई27°C33°C
चंडीगढ़17°C29°C
चेन्नई23°C31°C
हैदराबाद24°C31°C
कोलकाता23°C31°C
रांची19°C30°C
पटना20°C31°C
लखनऊ20°C30°C
भोपाल22°C33°C
जयपुर19°C29°C
देहरादून14°C25°C
शिमला10°C19°C
कश्मीर5°C11°C

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article