शहर

कल का मौसम : बादल बरसेंगे पानी मूसलाधार, शीतलहर से पारा गिरेगा धड़ाम; भीषण कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने 27 से 31 दिसंबर के बीच अंडमान निकोबार द्वीप समूह, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और अधिकांश भागों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई है। नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से 31 दिसंबर तक लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय हिस्सों में बर्फबारी व बारिश से मौसम बिगड़ेगा। इधर, उत्तर भारत और मध्य भारत के अधिकांश राज्यों में शीतलहर चलने व घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी है, जिससे न्यूनतम तापमान गिरेगा और गलन वाली सर्दी परेशान करेगी। कुहासा के प्रभाव से हवाई, रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित रहेगा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो सकती है।

Image

कल का मौसम

कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि 27 दिसंबर को नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहाड़ों पर सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ ऊंचाई वाले भागों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश व बर्फबारी का सिलसिला शुरू होगा। इस मौसम का असर उत्तराखंड के कुछ हिस्सों पर भी दिखाई देगा। इधर, उत्तर भारत के लिए आईएमडी ने बड़ा अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि अगले 2 दिन में शीतलहर के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी आएगी एवं पाला गिरेगा। खासकर, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में भीषण कोहरा छाया रहेगा और कड़ाके की सर्दी महसूस की जाएगी। घने कोहरे के कारण अधिकतर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से विलंब से चलेंगी और फ्लाइट सेवाएं भी प्रभावित रहेंगी। स्काईमेट के हवाले से अगले 24 घंटे दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश जिलों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जाएगी।

यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा

उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने सामान्य जीवन को प्रभावित कर रखा है। खासकर, सुबह कोहरे के कारण विजिबिलिटी बहुत कम होने से वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ती नजर आ रही है। ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे लेट चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आईएमडी ने फिरोजाबाद, गोरखपुर, हरदोई, जौनपुर, वाराणसी, कानपुर, झांसी, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया, बस्ती, बहराइच, गोंडा और अयोध्या समेत अधिकांश जिलों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी रखा है। मौसम विभाग का मानना है कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली8°C21°C
मुंबई21°C29°C
जयपुर9°C21°C
भोपाल9°C23°C
चंडीगढ़8°C18°C
लखनऊ9°C20°C
पटना10°C21°C
कोलकाता13°C23°C
देहरादून7°C15°C
शिमला5°C13°C
कश्मीर2°C10°C

दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा

दिल्ली-एनसीआर में सुबह से धूप निकल रही है, लेकिन लगातार शीतलहर के चलने से गिर रहे पारे के कारण ठंडक का एहसास बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह और शान कोहरे और स्मॉग की स्थिति बनी रह सकती है। इस सप्ताह के बाद तापमान में और कमी आ सकती है, जिससे कड़ाके की ठंड महसूस होगी। फिलहाल, औसत वायु गुणवत्ता एक्यूआई 320 के आसपास बनी हुई है, जो बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। एक्यूआई) दर्ज किया गया। कई स्थानों पर 400 के करीब तक पहुंच गई है। सीपीसीबी ने अगले छह दिनों हवा की क्वालिटी बेहद खराब श्रेणी में बने रहने का अनुमान व्यक्त किया है। अगले 2 से 3 दिन तक 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

पंजाब में सर्दी का अलर्ट

पंजाब के कई स्थानों पर शीतलहर के कारण न्यूनतम तापमान डाउन है। मौसम विभाग ने बताया कि चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री, पटियाला में 7.7 डिग्री अमृतसर में 8.6 डिग्री, लुधियाना 8.2, सेल्सियस, पठानकोट में 6.1 डिग्री, बठिंडा में 8.1 डिग्री, गुरदासपुर 6 और फरीदकोट में 8.3 डिग्री सेल्सियस के आसपास न्यूनतम तापमान रहने का अनुमान है। अगले सप्ताह से राज्य में मौसम काफी खराब होने की उम्मीद है। 31 दिसंबर तक कई जिलों में बारिश को लेकर संभावनाएं जताई जा रही हैं। फिलहाल, कोहरे के कारण यातायात काफी धीमा नजर आ रहा है।

हरियाणा मौसम का हाल

हरियाणा में भीषण ठंड पड़ रही, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 8.7 डिग्री, हिसार में यह 6 डिग्री, करनाल में 8 डिग्री, रोहतक में 7.6 डिग्री, भिवानी में 7.3 डिग्री और सिरसा में 8.4 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। आईएमडी का अनुमान है कि अगले 2 दिन में अधिकांश जिलों में तापमान गिरेगा और सर्दी का सितम तेज होगा। वहीं, कोहरे के कारण ट्रेनों और सड़क यातायात काफी प्रभावित रहेगा।

राजस्थान में मौसम

राजस्थान में शीतलहर और कोहरे का कॉकटेल बन रहा है, जिससे कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। जयपुर मौसम विभाग के मुताबिक, सबसे कम न्यूनतम तापमान करौली में 3.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान बाड़मेर में 28.4 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, अधिकतर शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ। जयपुर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, सीकर के फतेहपुर में 4.6 डिग्री सेल्सियस, दौसा में 5.0 डिग्री, पाली में 5.1 और अंता में 5.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अगले 2 दिन में न्यूनतम तापमान में और कमी और आएगी व कोहरे का ग्राफ बढ़ेगा।

बिहार में कल मौसम का हाल

बिहार में शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप बना हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातर बह रही शीतलहर के कारण कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। आईएमडी के मुताबिक, औरंगाबाद और भागलपुर का सबौर सबसे सर्द स्थान बने हुए हैं, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया में 7.6 डिग्री, भागलपुर में 8.7, और शेखपुरा में 8.8 डिग्री, सहरसा में 9.3 डिग्री पश्चिम चंपारण में 8.9 डिग्री और जहानाबाद में 9.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। वहीं, पटना, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली और जहानाबाद जिलों में घने से बहुत घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है, जिससे विजिबिलिटी बेहद कम होगी और ट्रेनों की आवाजाही विलंब से होगी।

झारखंड में शीत लहर का अलर्ट

झारखंड के 12 जिलों में शीत लहर का अलर्ट घोषित है और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे है। आईएमडी ने बताया कि रांची में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, गुमला में 2.8 डिग्री, खूंटी में 5.2 डिग्री, लोहरदगा में 5.1 डिग्री, हजारीबाग में 5.2, डालटनगंज में 5.5 डिग्री, बोकारो में 6.7 डिग्री और सिमडेगा में 7.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आईएमडी ने कहा कि अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आने की संभावना है, जिससे सर्दी का ग्राफ और बढ़ेगा, जबकि रांची, खूंटी, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, लोहरदगा, चतरा, लातेहार, पलामू, कोडरमा, गुमला, और गढ़वा में शीत लहर और घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

कश्मीर में बर्फबारी का अलर्ट

कश्मीर के अधिकतर इलाकों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के आने के संकेत तेज हो गए हैं। फिलहाल, कई भागों में बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में सुधार हुआ, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है। आईएमडी के मुताबिक, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री, सोनमर्ग में शून्य से माइनस 4.6 डिग्री, कुपवाड़ा में शून्य से माइनस 2.4 डिग्री, गुलमर्ग में शून्य से माइनस 4.4 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में शून्य से माइनस 1.5 डिग्री, काजीगुंड में 0.2 डिग्री और कोकरनाग में 0.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आईएमडी 29 दिसंबर को ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी और 30 दिसंबर से एक जनवरी तक मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। फिलहाल, 40 दिन लंबे 'चिल्लई कलां' के दौरान मौसम में उतार चढ़ाव और बारिश-बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा।

'चिल्ला-ए-कलां से गिरेगा तापमान

आईएमडी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 21 दिसंबर को ‘चिल्ला-ए-कलां’ की दस्तक हो गई है, जिसके प्रभाव से घाटी के छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी जारी रहेगी। दरअसल ‘चिल्ला-ए-कलां’ सर्दियों के मौसम का सबसे भारी समय होता है। यह 21 दिसंबर से शुरू होता है 29 या 31 जनवरी तक जारी रहता है। 'चिल्ला-ए-कलां' के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। इस दौरान घाटी में नदी, नाले, पाइप लाइन और जल स्त्रोत जम जाते हैं क्योंकि न्यूनतम तापमान माइनस 6 से माइनस 8 डिग्री सेल्सियस के बीच गिर जाता है। चिल्लई कलां के दौरान दिन का तापमान दो अंकों से नीचे रहता है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच का अंतर कम हो जाता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article