दिसंबर के शेष दिनों में मौसम काफी तेजी से बदल सकता है। खासकर, पहाड़ी राज्यों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की आवाजाही रहेगी, जिससे 27, 28 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश बादल छाए रह सकते हैं। खासकर, लद्दाख और कश्मीर के कुछ ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश के साथ बर्फबारी होने से मौसम काफी चेंज होगा। इस मौसमी सिस्टम का असर 31 दिसंबर तक जारी रहेगा। इधर, उत्तर भारत में भारी कोहरा और सर्दी से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़-झारखंड में दिन में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी, जिससे कड़ाके की सर्दी का सिलसिला जारी रहेगा एवं भीषण कोहरे के कारण ट्रेनें अपने निर्धारित समय से विलंब से चलेंगी। अगले तीन दिनों में नॉर्थ इंडिया में 4 से 5 ड्रिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट आ सकती है। स्काईमेट वेदर ने तमिलनाडु और अंडमान निकोबार द्वीप समूह बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
दिल्ली में कल मौसम कैसा रहेगा
दिल्ली में मौसम काफी सर्द है और दिन में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से एक डिग्री कम है, जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सुबह और शाम को कोहरे की लेयर छाई रहेगी, जिससे विजिबिलिटी कम होने से ट्रैफिक सिस्टम काफी धीमा दिखाई देता है। पूरे दिल्ली-एनसीआर में पॉल्यूशन कायम है। हालांकि, एक्यूआई 230 है, जो खराब श्रेणी में आता है। यह राहत थोड़े समय के लिए ही रहने के आसार हैं और आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता फिर से खराब हो सकती है। कमोबेश ऐसा ही मौसम नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में दिखाई दे रहा है। आने वाले दिनों में स्थिति बेहद खराब हो सकती है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 7°C | 22°C |
| मुंबई | 21°C | 29°C |
| चंडीगढ़ | 8°C | 19°C |
| जयपुर | 8°C | 22°C |
| भोपाल | 10°C | 23°C |
| लखनऊ | 9°C | 20°C |
| पटना | 10°C | 19°C |
| कोलकाता | 12°C | 23°C |
| देहरादून | 7°C | 16°C |
| शिमला | 4°C | 15°C |
| कश्मीर | 2°C | 10°C |
पंजाब का मौसम कैसा है?
पंजाब में शीतलहर और कोहरे के ग्राफ में इजाफा होने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राज्य के अधिकांश भागों में कुहासा छाए रहने से यातायात धीमा है, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री, बठिंडा में 5.5 डिग्री, गुरदासपुर में 5.4 डिग्री, चंडीगढ़ में 6.7 डिग्री, लुधियाना में 6.3 डिग्री, पटियाला में 6.4 डिग्री और पठानकोट में 6.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने वाला है।
हरियाणा में मौसम का हाल
समूचा हरियाणा भीषण ठंड और कोहरे की चपेट में हैं। आईएमडी ने बताया कि फरीदकोट प्रदेश का सबसे ठंडा जिला है, जहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। शुक्रवार को अंबाला में 7.7 डिग्री, हिसार में 5.5 डिग्री, करनाल में 6.6 डिग्री, नारनौल में 5 डिग्री, रोहतक में 6.6 डिग्री, भिवानी में 6.7 और सिरसा में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सप्ताह के आखिर तक राज्य में न्यूनतम तापमान और गिरेगा, जिससे सिहरन वाली सर्दी महसूस होगी।
यूपी में कल मौसम
उत्तर प्रदेश के अधिकांश भागों में घना कोहरा विजिबिलिटी को प्रभावित कर रहा है, जिससे सड़क यातायात और ट्रेन सेवाएं प्रभावित हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, संत रविदास नगर, गोरखपुर, देवरिया, मिर्जापुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, खीरी, बाराबंकी, सीतापुर, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बागपात, मेरठ, सहारनपुर, हापुड़, अलीगढ़ और आगरा में भीषण कोहरे का अलर्ट है। आईएमडी का अनुमान है कि अगले 3 दिन में 2 से 3 डिग्री न्यूनतम तापमान में कमी आ सकती है, जिससे कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा।
बिहार में कल का मौसम
बिहार इन दिनों घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की चपेट में है। मौसम विभाग ने शीतलहर और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए 29 दिसंबर तक ठंड से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है। पहाड़ी पर बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का सीधा असर बिहार के मैदानी जिलों में पड़ रहा है। बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण सर्दी में इजाफा होता जा रहा है। यही कारण है कि पूरे राज्य के लिए शीतलहर और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जो अगले चार से पांच दिनों तक प्रभावी रहेगा। आईएमडी ने बताया कि बिहार में ‘कोल्ड-डे’ (शीत दिवस) जैसी स्थिति बनी हुई है। दिन में धूप नहीं निकलने के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पटना में न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि कई जिलों में 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। अगले चार से पांच दिनों तक मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम रह सकती है।
कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का असर
कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। रात को आसमान साफ रहने के कारण न्यूनतम तापमान कई डिग्री गिरकर जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 27 दिसंबर से एक बार फिर बारिश का दौर शूरू होगा, जिससे घाटी में मौसम खराब होगा। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस है। सोनमर्ग जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान है, जहां 0 से नीचे 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। गुलमर्ग 0 से नीचे 5.3 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में 0 से नीचे 4.2 डिग्री, काजीगुंड में 0 से नीचे 1.5 डिग्री, कोकेरनाग में 0 से नीचे 0.5 डिग्री, कुपवाड़ा में 0 से नीचे 2 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। नए साल मौसम बिगड़ने का पूर्वानुमान है। दिसंबर को ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 30 दिसंबर से एक जनवरी के बीच मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। इस मौसम का असर हिमाचल और उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों पर पड़ेगा।
'चिल्ला-ए-कलां क्या है?
आईएमडी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 21 दिसंबर को ‘चिल्ला-ए-कलां’ की दस्तक हो गई है, जिसके प्रभाव से घाटी के छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी जारी रहेगी। दरअसल ‘चिल्ला-ए-कलां’ सर्दियों के मौसम का सबसे भारी समय होता है। यह 21 दिसंबर से शुरू होता है 29 या 31 जनवरी तक जारी रहता है। 'चिल्ला-ए-कलां' के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। इस दौरान घाटी में नदी, नाले, पाइप लाइन और जल स्त्रोत जम जाते हैं क्योंकि न्यूनतम तापमान माइनस 6 से माइनस 8 डिग्री सेल्सियस के बीच गिर जाता है। चिल्लई कलां के दौरान दिन का तापमान दो अंकों से नीचे रहता है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच का अंतर कम हो जाता है।
दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारतीय राज्यों में मौसमी गतिविधियां होने की संभावना है। खासकर, तमिलनाडु और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में बारिश को लेकर अनुमान है। आईएमडी की मानें तो तमिलनाडु के कई हिस्सों में 28 दिसंबर तक हल्की बारिश और सुबह घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। अगले तीन दिनों में तटीय इलाकों, उत्तरी तमिलनाडु, चेन्नई और पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासकर, पहाड़ी इलाकों नीलगिरी, कोडाइकनाल पहाड़ियों में पाला पड़ने का अलर्ट है। उधर, अंडमान निकोबार में 29 दिसंबर से काफी तेज बारिश हो सकती है।
