कल का मौसम कैसा रहेगा : देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। अगले सप्ताह की शुरुआत से उत्तर भारत में मौसम करवट लेने जा रहा है। पहाड़ों पर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने जा रहा है, जिसका असर हरियाणा, पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में दिखाई देगा और 28-29 अक्टूबर को तेज आंधी-तूफान के साथ मध्यम स्तर की बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने का भी खतरा जताया गया है। मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में तेजी से गिरावट से सर्द महसूस होगी। अगले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ ऊंचाई वाले हिस्सों पर नए मौसमी तंत्र के सक्रिय होने से बारिश व बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। उधर, बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया बनने से पूर्वोत्तर के राज्यों चक्रवाती तूफान और वर्षा का पूर्वानुमान है। जबकि उत्तर-पूर्वी मानसून के कारण दक्षिण भारतीय राज्यों में पानी गिरने का अनुमान है।
मौसम आज-कल
उत्तराखंड में बारिश
उत्तराखंड में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। 24 अक्टूबर से उत्तरकाशी, टिहरी, रूद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। 26 अक्टूबर को पर्वतीय भागों पर हल्की बारिश के संभावना व्यक्त की जा रही है। लेकिन मैदानी भागों पर मौसम साफ रह सकता है।
यूपी में बारिश होगी क्या?
यूपी में 28 अक्टूबर से मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर से आंधी और बारिश की संभावना है। 29 और 30 अक्टूबर को मौसम का असर तेज हो सकता है। मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंड बढ़ेगी।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटों के दौरान कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर, डीग, दौसा और चूरू जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। राज्य के शेष हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। इस दौरान सबसे अधिक 25 मिलीमीटर बारिश विराटनगर (कोटपूतली-बहरोड़) में दर्ज की गई। वहीं, राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 24 अक्टूबर को भी बीकानेर और जयपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि 25 अक्टूबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन से चार दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
हिमाचल प्रदेश में कैसा है मौसम
पहाड़ों पर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो गया है, जिसका असर अगले 48 घंटे तक रह सकता है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में बड़ा मौसमी अलर्ट घोषित किया है। खासकर, कांगड़ा, कुल्लू, चंबा, मंडी, सिरमौर, शिमला और लाहौल स्पीति के ऊंचाई वाले भागों पर तेज हवाओं के साथ मध्मय स्तर की बारिश की संभावना है। कुछ हिस्सों पर फाहे के साथ बर्फबारी गिरने का अनुमान है। हालांकि, कई स्थानों पर बर्फबारी हो रही है, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया है और लोग लुभावने दृश्यों का अनुभव उठा रहे हैं।
दक्षिण में उत्तर-पूर्वी मानसून एक्टिव
दक्षिण भारतीय राज्यों में उत्तर-पूर्वी मानसून के सक्रिय रहने से मौसम पूरी तरह से बदला हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी घाट के सभी राज्यों में बादल छाए रह सकते हैं। खासकर, समुद्री हिस्सों पर तूफानी हवाएं चलने के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही हैं। खासकर, तमिलनाडु के कई जिलों में मौसमी तंत्र का असर दिखाई दे रहा है, जिससे तूफानी हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश जारी है। राज्य के कई जिलों में अलर्ट जारी रखा गया है। स्काईमेट के मुताबित, आंध्र प्रदेश में खतरनाक मौसम की चेतावनी है। यहां आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है। उधर, केरल के कोस्टल हिस्सों पर भारी से अति भारी वर्षा का अलर्ट घोषित है।
चक्रवाती तूफान का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन बनने वाला है, जो समुद्री तूफान अर्नब में बदलने की संभावना है। यह 28 अक्टूबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट से तूफान के रूप में गुजरेगा। जिसका असर दक्षिण भारतीय राज्यों के साथ पूर्वोत्तर के राज्यों पर भी दिखाई देगा। लेकिन, 26 अक्टूबर को ओडिशा में तूफानी समुद्री हवाओं के साथ मूसलाधार वर्षा का अलर्ट है। लोगों को तटीय हिस्सों से दूरी बनाए रखने के लिए कहा गया है। इसके असर से 6 राज्यों में पश्चिम बंगाल, बिहार, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में तेज बारिश का अनुमान है।
कोलकाता में बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवात बनने की संभावना है। इसके चलते बुधवार से पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। आने वाले सप्ताह में दक्षिण बंगाल के बड़े हिस्सों में भारी बारिश और आंधी-तूफान आने की संभावना है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी है। अगले दो दिनों में यह सिस्टम और ताकतवर हो सकता है और उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिणी ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से बुधवार से दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और भारी बारिश हो सकती है। कोलकाता में अगले सप्ताह बुधवार से शुक्रवार के बीच कहीं-कहीं हल्की बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, पूर्वी बर्दवान, पश्चिमी बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में भी ऐसे ही हालात रहने का अनुमान है।
तमिलनाडु का मौसम कैसा है
तमिलनाडु के करूर कॉर्पोरेशन के अलग-अलग हिस्सों में हुई बारिश से भी मौसम ठंडा हो गया। हालांकि पल्लापट्टी में सड़कों पर बारिश का पानी भर जाने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। थेनी जिले के अंडीपट्टी, बोदिनायकानूर, पेरियाकुलम और कुंबुम इलाकों में अच्छी बारिश हुई।
