Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत और हिमालयी क्षेत्रों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। मार्च के आखिरी सप्ताह तक गर्मी अपने रिकॉर्ड स्तर की ओर बढ़ चुकी होगी। हालांकि, मौजूदा वक्त में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे सूरज पूरे वेग से अपना प्रभाव नहीं छोड़ पा रहा है। लिहाजा, भीषण गर्मी से थोड़ी राहत है। आईएमडी ने अगले 2 दिन तक इन राज्यों में बादलों के छाए रहने के साथ तेज हवाओं, गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। 24 मार्च तक नए विक्षोभ के भी आने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना है। उधर, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले हिस्सों में हल्की बर्फबारी और बारिश हो सकती है। कमोबेश यही हाल सिक्किम और अरुणाचल में भी देखे जाएंगे। पूर्वोत्तर के ओडिशा, दक्षिण में केरल, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, कर्नाटक और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी तूफान के साथ बादलों के गरजने और बारिश का पूर्वानुमान है।
यूपी कल का मौसम
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार-शनिवार तक कई हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, बांदा, चित्रकूट, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर, मऊ, गाजीपुर, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, अमेठी, सुलतानपुर, कानपुर नगर, झांसी, ललितपुर, अंबेडकरनगर रायबरेली, जालौन, उरई, हमीरपुर, महोबा समेत कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की है।
बिहार का मौसम
बिहार में आईएमडी ने 21 और 22 मार्च को 7 शहरों में मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर आकाशीय बिजली कड़कने के साथ ओले गिरने की संभावना है। मौसम विज्ञान पटना के मुताबिक, शुक्रवार को प्रदेश की राजधानी पटना, भभुआ, औरंगाबाद, रोहतास, गया, नवादा, बांका और जमुई में दिन में तेज मेघ गर्जन के साथ, आकाशीय बिजली गिरने और हल्की बारिश हो सकती है। पटना समेत कई अन्य इलाकों में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। गरज चमक के साथ हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने गया, औरंगाबाद, और नवादा जिले के अलग-अलग स्थानों पर आंधी पानी के साथ ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है। गुरुवार को नवादा में रुक-रुककर कई बार तेज ठंडी हवाएं चलीं और बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से राहत मिली। दो दिनों बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
झारखंड में बारिश का अलर्ट
झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने के बाद लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। रांची, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। राज्य में पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। मौसम में बदलाव के कारण बुधवार के बाद से अधिकतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। राज्य में सबसे अधिकतम तापमान सिमडेगा में गुरुवार को 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने 21 से 22 मार्च तक झारखंड के लिए 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोहरदगा जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
राजस्थान में बारिश का अनुमान
राजस्थान में नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार-शनिवार तक हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार एक बार फिर बादल छाए रहने व राज्य के उत्तरी भागों में मेघ गर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के साथ साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 21 मार्च को जयपुर व भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश व शेष अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। सर्वाधिक तापमान बाड़मेर में दर्ज किया गया जो 37.8 डिग्री सेल्सियस था।
आंध्र प्रदेश में भीषण गर्मी का अलर्ट
आंध्र प्रदेश के 59 मंडलों में भीषण गर्मी से हाल बेहाल है। अल्लूरी सीतारामराजू जिले के दो मंडल, काकीनाडा जिले के तीन मंडल और पूर्वी गोदावरी जिले के पांच मंडल के भी भीषण गर्मी से प्रभावित होने की संभावना है। नंदयाल जिले के चागलामरी में अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य का सबसे अधिक गर्म स्थान रहा और इसके बाद वाईएसआर जिले के अतलुरू और खाजीपेटा में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह प्रकाशम जिले के गोलाविदीपी में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस, कुरनूल जिले में 40.6 डिग्री सेल्सियस, अन्नामय्या जिले के कंबलाकुंटा में 40.2 डिग्री सेल्सियस और अनाकापल्ली जिले के नाथावरम में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ओडिशा में कैसा है मौसम
ओडिशा में राज्य भर में कई स्थानों पर एक महीने पहले ही तापमान सामान्य से अधिक पहुंचना शुरू हो गया है। बौद्ध, संबलपुर, झारसुगुड़ा, बरगढ़, बोलांगीर और सुंदरगढ़ जैसे जिलों के लोग तेज गर्मी का सामना कर रहे हैं, जबकि तटीय क्षेत्र में भी उमस भरा मौसम है। पिछले 10 वर्षों में 330 से अधिक लोगों की गर्मी के कारण मौत हो चुकी है। हमने अधिकारियों से गर्मी से होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए है। पिछले 24 घंटों में राज्य के पश्चिमी हिस्से में स्थित बोलांगीर शहर में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।
दिल्ली-एनसीआर कल का मौसम
दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में आसमान साफ रहने तथा अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। स्काईमेट ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि अगले 2 दिन तक दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सुबह हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद तापमान में मामूली गिरावट देखी जाएगी, लेकिन अगले सप्ताह तक प्रचंड गर्मी का अलर्ट है। स्काईमेट के हवाले ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी देखने को मिलेंगे। बारिश होने से तापमान पर थोड़ा ब्रेक लगेगा और लोगों को सुहावने मौसम का एहसास होगा।
दिल्ली में कितना प्रदूषण है?
दिल्ली में एक्यूआई 150 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51-100 के बीच संतोषजनक, 101-200 के बीच मध्यम, 201-300 को खराब, 301-400 को बहुत खराब और 401-500 को गंभीर माना जाता है।
जम्मू-कश्मीर में मौसम कैसा है?
जम्मू-कश्मीर में अगले 2 दिन तक पश्चिमी विक्षोभ के असर से घाटी क्षेत्र में बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान है, जिससे दिन में तापमान को सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह, रात और शाम को लोगों को कड़ाके की सर्दी का एहसास। आईएमडी ने कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। ताजा बर्फबारी से न्यूनतम तापमान कई डिग्री सेल्सियस गिरने की बात कही जा रही है, जिससे कोल्ड जैसा एहसास हो रहा है। कई इलाकों में तापमान माइनस डिग्री सेल्सिय से नीचे बना हुआ है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| हैदराबाद | 23 °C | 36 °C |
| बेंगलुरु | 23 °C | 33 °C |
| चेन्नई | 28 °C | 32 °C |
| रायपुर | 22 °C | 33 °C |
| रांची | 17 °C | 24 °C |
| भोपाल | 19 °C | 33 °C |
| जयपुर | 20 °C | 32 °C |
| दिल्ली | 17 °C | 33 °C |
| मुंबई | 24 °C | 33 °C |
| लखनऊ | 18 °C | 33 °C |
| पटना | 21 °C | 28 °C |
| चंडीगढ़ | 14 °C | 21 °C |
| कश्मीर | -3 °C | 12 °C |
| शिमला | 7 °C | 20 °C |
कहां लू अलर्ट?
स्काईमेट ने बताया कि पिछले 2 से 3 दिन से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। ओडिशा में 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान पहुंच गया है, जो सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इन राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट है। आईएमडी ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
कब आएगा प्री मॉनसून?
मध्य भारत के कुछ भागों में प्री मॉनसून संकेत मिल रहे हैं। इनमें बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, एमपी का पूर्वी भाग, तेलंगाना और पूर्वी भारत में प्री मॉनसून एक्टिव हो सकता है। 24 मार्च तक पहाड़ी राज्य कश्मीर, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से एक बार फिर बादलों की आवाजाही शुरू होगी, जिससे हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। जम्मू-कश्मीर में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
सनबर्न क्या होता है?
गर्मियों के मौसम में सनबर्न का अलर्ट रहता है। सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक होती है। चिकित्सा की भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के ज्यादा संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द होने लगता है। कुल मिलाकर स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क हो जाता है।
हीटवेव क्या है?
भीषण गर्मियों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया जाता है। हीटवेट तब होती है जब किसी खास जगह पर तीन दिन तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान असामान्य रूप से गर्म होता है। इसे उस क्षेत्र की स्थानीय जलवायु और पिछले मौसम के संबंध में माना जाता है। इस दौरान तापमान सामान्य औसत से अधिक पहुंच जाता है तो उसे हीटवेव कहा जाता है। खासकर, मार्च से जून के दौरान और कुछ दुर्लभ मामलों में जुलाई के महीने में ये स्थिति बनती है। हीटेवव के दौरान लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। आमतौर पर शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर पानी की कमी बुखार, उल्टी, दस्त, थकान, कमजोरी इत्यादि लक्षण दिखाई देते हैं।
कोल्ड डे क्या है?
कश्मीर-हिमाचल प्रदेश में अभी भी कोल्ड के जैसी स्थिति है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है।
