Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): 21 जनवरी बीतने के बाद भी मौसम के तेवर आसमान पर हैं। हालांकि, सूरज ने सर्दी पर चोट की है। लेकिन, दिन में चल रही शीतलहर से धूप भी बेअसर है, पर आगे थोड़े राहत की उम्मीद है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत मेघालय के कुछ हिस्सों में बर्फबारी जारी है, जिससे न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया जा रहा है और कोल्ड डे जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। बर्फबारी के कारण मैदानी राज्यों में गलन और पाला परेशान कर रहा है। बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पंजाब-हरियाणा में मौसम का मिजाज नर्म जरूर हुआ है, लेकिन तेज हवाओं और भीषण कोहरे ने आम जनजीवन प्रभावित कर रखा है। यूपी, राजस्थान के कुछ हिस्सों में सीवियर कोल्ड डे की स्थिति है। एक बार फिर आईएमडी ने 22 से 23 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादलों की आवाजाही के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ओलावृष्टि भी दर्ज की जाएगी। उधर, दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज बदल रहा है। खासकर, तमिलनाडु में तेज आंधी के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इधर उत्तरी राज्यों में भयानक कोहरे के कारण ट्रेनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित है। आइये जानते हैं किस राज्य में कल का मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में मौसम थोड़ा नर्म हुआ है। उसका कारण सूरज की मौजूदगी। पिछले 2 से 3 दिन से सुबह से धूप निकल रही है। हालांकि, तेज हवाओं के कारण गलन का एहसास हो रहा है। आईएमडी ने 22 और 23 जनवरी को दिल्ली में बादल छाए रहने का अनुमान अलर्ट जारी किया है, जबकि पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। दिल्ली-एनसीआर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम, ग्रेटर नोएडा में सुबह भीषण कोहरे की परत भी देखी जाएगी। इसके कारण शीतलहर और बढ़ेगी।
दिल्ली-एनसीआर में कब तक रहेगा प्रदूषण
दिल्ली-एनसीआर में सीपीसीबी के मुताबिक, दिल्ली में वायु गुणवत्ता 'खराब' रहेगी। शहर में जहरीली धुंध छाई रहेगी। एक्यूआई स्तर की बात करें तो ओखला फेज 2-320, अलीपुर -300, रोहिणी -332, आईटीओ -318, अशोक विहार -322, शादीपुर -257, मुंडका -343, वजीरपुर -338, जहांगीरपुरी -318, नरेला -305, आर.के. पुरम -314, पूसा डीपीसीसी -316 दर्ज किया जा रहा है। वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद दिल्ली और पड़ोसी क्षेत्रों में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के चरण 3 के तहत प्रतिबंधों को हटा दिया।
उत्तर में कल कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में 22 जनवरी से एक बार फिर मौसम में बदलाव की संभावना है। अगले दो दिन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही और गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जाएगी। हालांकि, इसके बाद मौसम साफ रहने और आसमान में सूरज की मौजूदगी देखी जाएगी। इसकी वजह से लखनऊ, कानपु, रायबरेली, प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान में कमी आ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले सप्ताह तक सर्दी धीरे-धीरे कम हो जाएगी। 22 जनवरी से 25 जनवरी तक राज्य भर में घना कोहरा छाया रहेगा। 26 और 27 जनवरी को कहीं-कहीं मध्यम कोहरा छाए रहने का आसार है।
राजस्थान में कल का मौसम
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का सितम जारी है। हालांकि, न्यूनतम तापमान बढ़ने से लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में 22 जनवरी को बारिश होने का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, फतेहपुर में 5.2 डिग्री, लूणकरणसर में 6.6 डिग्री, चूरू में 7.3 डिग्री, संगरिया में 7.4 डिग्री, पिलानी में 7.8 डिग्री, बीकानेर में 8.5 डिग्री, सीकर में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाएगा। फिलहाल, न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी से लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिलती नजर आ रही है। जयपुर में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री और अच्छी धूप खिली है।
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक, 21-22 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के उत्तर पश्चिमी और उत्तर पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इसी तरह 22 जनवरी के बाद जयपुर, भरतपुर, बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम
बिहार में भी पहाड़ी राज्यों के मौसम का असर है। राज्य के ज्यादातर इलाकों में भीषण कोहरे के साथ शीतलहर और पाले का प्रकोप है। पटना, पूर्णिया, दरभंगा, भागलपुर, मधुबनी, सहरसा, वैशाली, नालंदा, हाजीपुर, औरंगाबाद, गया, समस्तीपुर, किशनगंड और खगड़िया समेत कई जिलों में बादल छाए रहने का अनुमान है। कहीं-कहीं, बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, अगले सप्ताह तक सर्दी में काफी गिरावट देखे जाने का अनुमान है।
हरियाणा-पंजाब में कैसा रहेगा मौसम
पंजाब के कई इलाकों में भीषण कोहरा और शीतलहर का अलर्ट है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, मैदानी इलाकों के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं देखा जाएगा। लेकिन, 23 और 24 जनवरी को भीषण कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। कमोबेश इसी प्रकार का मौसम हरियाणा में भी रहने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर में कैसा है मौसम
जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से ऊपर पहुंच गया। वहीं, जम्मू शहर में मौसम में सुधार हुआ है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में माइनस 3.2 डिग्री और पहलगाम में माइनस 2.2 डिग्री दर्ज किया गया। जम्मू शहर में रात का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस, कटरा में 10.8 डिग्री, बटोत में 5.2 डिग्री, बनिहाल में 1 डिग्री और भद्रवाह में 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कमोबेश इसी तरह का तापमान अगले कुछ दिनों में दर्ज किया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर में अगले 10 दिन का मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कई स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 22 जनवरी को बादल छाए रहेंगे और जम्मू के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी का अनुमान है। वहीं, 23 जनवरी (गुरुवार) को जम्मू डिवीजन के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है। 24 से 28 जनवरी तक आमतौर पर मौसम शुष्क रहेगा। 29 से 31 जनवरी के बीच बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी हो सकती है।
चिलाई कलां क्या है?
कश्मीर में 21 दिसंबर से शुरू होकर 30 जनवरी तक चलने वाली 40 दिनों की सर्दी की भीषण अवधि को 'चिलाई कलां' कहा जाता है। इस दौरान, स्थानीय लोग ढीले ऊनी वस्त्र पहनते हैं, जिन्हें 'फेरन' कहा जाता है। डॉक्टरों ने लोगों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को आगाह किया है कि वे लंबे समय तक ठंड के संपर्क में रहने से बचें, क्योंकि इससे हार्ट अटैक की समस्या हो सकती है।
तमिलनाडु में बारिश-आंधी का अलर्ट
तमिलनाडु के कई जिलों में आंधी और बिजली गिरने के साथ बारिश का बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। आरएमसी के अनुसार, तिरुनेलवेली, तेनकाशी, थूथुकुडी, डिंडीगुल और कन्याकुमारी जिले में बारिश होने की संभावना है। निचले क्षोभमंडल स्तर पर हल्की से मध्यम उत्तर-पूर्वी और पूर्वी हवाएं चलती रहेंगी।
तमिलनाडु में तूफानी मौसम
तमिलनाडु में तूफानी मौसम की स्थिति के कारण मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है। अगले दो दिनों में कोमोरिन क्षेत्र और मन्नार की खाड़ी में हवा की गति 35-45 किमी/घंटा के बीच रहने की उम्मीद है। हवा की गति 55 किमी/घंटा तक जा सकती है। समुद्र में नमी के स्तर में वृद्धि और हवा के बदलते पैटर्न के कारण पूरे राज्य में बारिश जारी है।
कोल्ड डे क्या होता है?
उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में कोल्ड डे जारी है। लेकिन हम आपको बताएं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है। इसके अभी और जारी रहने के संकेत हैं।
