शहर

कल का मौसम 21 March 2025 : 2 दिन टूटेगा आंधी-बारिश का रिकॉर्ड, आसमानी बिजली-ओलावृष्टि से रहें सावधान; मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

Kal Ka Mausam, 21 March 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक बार फिर उत्तर भारत का मौसम बदलने को तैयार है। आईएमडी ने अगले दो दिन तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब, यूपी और बिहार में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : देशभर में मौसम बदलाव के दौर से गुजर रहा है। मार्च के आखिरी तक गर्मी अपने चरम स्तर की तरफ बढ़ चुकी होगी। फिलहाल, कहीं गर्मी तो कहीं बारिश तो कहीं ओले तो कहीं अभी भी कड़ाके की ठंड का सितम जारी है। आईएमडी के मुताबिक, उत्तर भारत में मौसम करवट लेने वाला है। पहाड़ी राज्यों में हिमालयी विक्षोभ के एक्टिव होने से 21 और 22 मार्च को हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है, जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तापमान गिरने के संकेत हैं। कई इलाकों में तापमान माइनस डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा सकता है। इसका असर मैदानी राज्यों हरियाणा-पंजाब, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार के कुछ हिस्सों में देखने को मिलेगा। इन राज्यों में अगले 2 दिन तक बादलों की आवाजाही के साथ तेज मेघ गर्जन और हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है। इस दौरान बिहार और यूपी में आकाशीय बिजली गिरने के साथ ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान जताया गया है। स्काईमेट के हवाले से 23 मार्च तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद भीषण लू का कहर शुरू होगा। वहीं, दक्षिणी-पूर्वी राज्यों पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में प्री मॉनसून (Pre Monsoon) के एक्टिव होने से संकेत भी मिल रहे हैं। अगर, ऐसा होता है तो लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी निजात मिलेगी।

दक्षिणी-पूर्वी राज्यों में बारिश का अलर्ट

21 से 24 मार्च के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीससगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना समेत कई राज्यों में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान बौछारे पड़ेंगी। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरेंगे। उधर, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 22 और 23 मार्च को बारिश का पूर्वानुमान है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।

यूपी कल का मौसम

उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों का मौसम अब बदलने वाला है। कई दिनों से तेज धूप परेशान कर रही है, जिसके बाद अब तेज आंधी के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। गुरुवार को सहारनपुर, शामली, अलीगढ़, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, मऊ, बलिया, जौनपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर समेत कई जिलों में गरज चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। इसके अलावा कानपुर, फतेहपुर समेत आसपास के इलाकों में बादल छाए हुए हैं।

बिहार में कल का मौसम

बिहार में अगले 2 दिन प्रदेश के मौसम में बदलाव दिखेगा। 21 और 22 मार्च को 7 शहरों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान आसमान से बिजली कड़कने के साथ गिरने की भी संभावना है। आइये जानते हैं किन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान पटना के मुताबिक, गुरुवार को प्रदेश के 7 शहरों औरंगाबाद, पटना, भभुआ, रोहतास, गया, नवादा, जमुई और बांका जिले में मेघ गर्जन के साथ, आकाशीय बिजली गिरने और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना समेत कई अन्य इलाकों में बादल छाए रहने के साथ गरज चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। औरंगाबाद, गया और नवादा जिले के अलग-अलग स्थानों पर आंधी पानी के साथ ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है। बढ़ती गर्मी के बीच मौसम में बदलाव के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इसके दो दिनों बाद अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। कुल मिलाकर यानी इस सप्ताह गर्मी से काफी राहत रहेगी। 24 घंटो के दौरान छपरा, अगवानपुर, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज को छोड़कर पटना समेत शेष जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी।

दिल्ली-एनसीआर कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 2 दिन बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। आईएमडी के मुताबिक, शुक्रवार को तेज हवाएं चलने के साथ अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। स्काईमेट के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 और 21 मार्च को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सुबह हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। यह बारिश बहुत ही कम समय के लिए होगी। इस स्थिति को 'टच एंड गो' वाली बारिश होगी। इसके बाद थोड़ा सा तापमान गिरेगा, लेकिन अगले सप्ताह से प्रचंड गर्मी का अलर्ट है। कमोबेश यही हालत, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी देखने को मिलेंगे। अगर, आज बारिश होती है तो यकीनन बढ़ते तापमान पर थोड़ा ब्रेक लगेगा और लोगों को सुहावने मौसम का एहसास होगा।

दिल्ली में प्रदूषण

दिल्ली में धीरे-धीरे प्रदूषण कम हो रहा है। गुरुवार को एक्यूआई 150 के आसपास रहने की संभावना है, जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51-100 को संतोषजनक, 101-200 को मध्यम, 201-300 को खराब, 301-400 को बहुत खराब और 401-500 को गंभीर माना जाता है।

हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान ओलवृष्टि होने का खतरा मंडरा रहा है। उधर, राजस्थान में भीषण गर्मी से अभी से हालत खराब है। हालांकि, बादलों की आवाजाही से थोड़ा मौसम नर्म रहेगा।

बद्रीनाथ धाम में मौसम

बद्रीनाथ धाम में दो-तीन दिनों से मौसम साफ हो चला है। चटक धूप खिल चुकी है लेकिन इसके बावजूद भी बद्रीनाथ धाम में काफी ठंड महसूस की जा रही है। धाम बर्फ के बीच किस तरह से चांदी और सोने की तरह चमकता हुआ नजर आ रहा है। तीर्थ यात्रियों को भगवान बद्री विशाल जी के धाम के कपाट खुलते समय चारों तरफ सुंदर बर्फ के नजारे भी देखने को मिल सकते हैं।

जम्मू-कश्मीर में मौसम कैसा है?

जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने के कारण घाटी के ऊपरी हिस्सों में बर्फबारी और बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। हालांकि, श्रीनगर समेत अधिकांश इलाकों में दिन में धूप नजर आ रही है। दिन में तापमान सामान्य रहा, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी से काफी राहत मिली। आईएमडी ने अगले 24 घंटों के दौरान कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है। ताजा बर्फबारी से न्यूनतम तापमान कई डिग्री सेल्सियस गिर गया, जिससे कोल्ड जैसा एहसास हो रहा है। कई इलाकों में तापमान माइनस डिग्री सेल्सिय से नीचे है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली17 °C 32 °C
मुंबई26 °C 34 °C
चेन्नई28 °C 32 °C
हैदराबाद22 °C 36 °C
बेंगलुरु22 °C 33 °C
भोपाल21 °C 34 °C
जयपुर21 °C 32 °C
लखनऊ19 °C 32 °C
पटना24 °C 33 °C
शिमला6 °C 20 °C
चंडीगढ़16 °C 31 °C
देहरादून13 °C 28 °C
कश्मीर-1 °C 13 °C
ताबो-16 °C -3 °C

कहां लू अलर्ट?

स्काईमेट ने बताया कि पिछले 2 से 3 दिन से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। ओडिशा में 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान पहुंच गया है, जो सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इन राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट है। आईएमडी ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ सकता है और लू भी अटैक करेगी।

कब आएगा प्री मॉनसून?

मध्य भारत के कुछ भागों में 19 मार्च से प्री मॉनसून संकेत मिल रहे हैं। इनमें बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, एमपी का पूर्वी भाग, तेलंगाना और पूर्वी भारत में प्री मॉनसून एक्टिव हो सकता है। 19 मार्च से पहाड़ी राज्य कश्मीर, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से एक बार फिर बादलों की आवाजाही शुरू होगी, जिससे हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। जम्मू-कश्मीर में हल्की बर्फबारी हो सकती है।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मियों के मौसम में सनबर्न का अलर्ट रहता है। सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक होती है। चिकित्सा की भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के ज्यादा संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द होने लगता है। कुल मिलाकर स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क हो जाता है।

हीटवेव क्या है?

भीषण गर्मियों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया जाता है। हीटवेट तब होती है जब किसी खास जगह पर तीन दिन तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान असामान्य रूप से गर्म होता है। इसे उस क्षेत्र की स्थानीय जलवायु और पिछले मौसम के संबंध में माना जाता है। इस दौरान तापमान सामान्य औसत से अधिक पहुंच जाता है तो उसे हीटवेव कहा जाता है। खासकर, मार्च से जून के दौरान और कुछ दुर्लभ मामलों में जुलाई के महीने में ये स्थिति बनती है। हीटेवव के दौरान लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। आमतौर पर शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर पानी की कमी बुखार, उल्टी, दस्त, थकान, कमजोरी इत्यादि लक्षण दिखाई देते हैं।

कोल्ड डे क्या है?

कश्मीर-हिमाचल प्रदेश में अभी भी कोल्ड के जैसी स्थिति है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article