Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी है। इस बीच, मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 22 और 23 जनवरी को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में बारिश हो सकती है। पंजाब और हरियाणा में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 21 और 22 जनवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी जारी रह सकती है। बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 22 और 23 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना है। क्षेत्र का अधिकतम तापमान 21-22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9-10 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। रविवार को 26.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो 2020 के बाद जनवरी का सबसे अधिक है। बुधवार से तापमान में गिरावट की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में कल का मौसम
उत्तर प्रदेश में 21 जनवरी को मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह और रात में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। 22 और 23 जनवरी को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
बिहार में कल का मौसम
बिहार में अगले दो-तीन दिनों तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट होगी। 21 जनवरी से तेज धूप से तापमान में वृद्धि हो सकती है, लेकिन 22 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाए रहेंगे। हालांकि, बारिश की संभावना नहीं है।
मध्य प्रदेश में कल का मौसम
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 5-7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। सागर, रीवा और शहडोल में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण जबलपुर और ग्वालियर में ट्रेनों की देरी और इंदौर में फ्लाइट्स लेट होने की खबर है। प्रदेश के उत्तरी इलाकों में शीतलहर तेज होने की संभावना है।
पंजाब और हरियाणा में कल का मौसम
पंजाब और हरियाणा के लुधियाना, पटियाला, जालंधर, फरीदकोट और बठिंडा जैसे क्षेत्रों में घना कोहरा छाया हुआ है। न्यूनतम तापमान 4-6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले 24 घंटों में हल्की बारिश हो सकती है। हरियाणा के हिसार और करनाल में न्यूनतम तापमान 5-7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है।
