शहर

कल का मौसम 21 February 2025: बादलों ने डाला डेरा, आंधी-बारिश ओलावृष्टि का खतरा; बर्फबारी के साथ गिरेगा कोहरा

Kal Ka Mausam, 21 February 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर भारत में बादलों ने डेरा डाल लिया है। यूपी, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा, राजस्थान में मामूली बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया है। आईएमडी ने अगले 3 दिन तक तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में बर्फबारी के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे दिन में कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। उधर, नॉर्थ ईस्ट के अरुणाचल, सिक्किम और असम समेत कई हिस्सों में चक्रवाती सर्कुलेशन के बनने से बारिश का दौर जारी है।

Image

21 फरवरी का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर भारत में एक बार फिर बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिन मैदानी राज्यों में तेज हवाओं के साथ वर्षा का अलर्ट है। इस दौरान हो सकता है कि तापमान में मामूली गिरावट देखी जाए। स्काईमेट के मुताबिक, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के साथ बारिश दर्ज की जा रही है। अगले 2 दिन इन राज्यों में बर्फबारी और बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है, जिससे तापमान में गिरावट आने से दिन में कोल्ड डे जैसी स्थिति होगी। हालांकि, उत्तराखंड में मौसम का ज्यादा प्रभाव रहेगा। इसके अतिरिक्त, पूर्वोत्तर के राज्यों मेघालय, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, सिक्किम, असम में तेज तूफान के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। उधर, पश्चिम बंगाल में तेज तूफान ने तबाह मचाई, जिससे कई घर धराशायी हो गए। इसके अलावा दक्षिण भारत के राज्यों में फरवरी में मार्च जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है।

राजस्थान में कैसा है मौसम

राजस्थान के कई इलाकों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते चौबीस घंटे में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि झुंझूनू के उदयपुर वाटी में 19 मिलीमीटर, सीकर के फतेहपुर में 16 मिमी., गंगानगर में 15.1 मिमी., खेतड़ी में 13 मिमी. बारिश हुई। इसके अलावा नोखा, संगरिया, सांभर तथा शाहपुरा में भी बारिश हुई। इस दौरान राज्य में जालौर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस तथा निम्नतम न्यूनतम तापमान अलवर में 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश कल का मौसम

यूपी का मौसम करवट ले चुका है। राज्य के पश्चिमी यूपी लेकर मध्य और पूर्वांचल के कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। आईएमडी ने 20 से 21 फरवरी तक मौसम में बदलाव के आसार हैं। गोरखपुर, गोंडा, बलरामपुर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, मेरठ और शामली समेत 33 जिलों में बादल छाए रहने के साथ बारिश का पूर्वीनुमान है। इस दौरान तेज हवाएं चलने के आसार हैं, जिससे तापमान में मामूली गिरावट से ठंडक का एहसास होगा। कहीं-कहीं सुबह कोहरा भी छाया नजर आएगा। इसके अलावा कन्नौज, फर्रुखाबाद, अमरोहा, बदायूं, शामली, रामपुर, बरेली, खीरी, शाहजहांपुर समेत कई जिलों में ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की गई है।

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गुरुवार की सुबह बारिश हुई और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। आईएमडीके मुताबिक, दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

दिल्ली में कितना प्रदूषण है?

सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 164 के साथ ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।

एनसीआर में बारिश

एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत कई इलाकों में मौसम बदल चुका है। 19-20 फरवरी की रात से बारिश दर्ज की गई। आईएमडी ने 20 और 21 फरवरी को एनसीआर के कई इलाकों में तेज बारिश का पूर्वानुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के असर तेज बारिश के साथ तूफान की संभावना व्यक्त की गई है। नोएडा नें 21 फरवरी को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहेगा। 22 और 23 फरवरी को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है।

बिहार का मौसम

बिहार में अगले 60 घंटों में मौसम तेजी के साथ परिवर्तित होगा। आईएमडी ने वेस्टर्न डिसटरबेंस के असर से 23 फरवरी से राज्य के 16 जिलों में बारिश की संभावना है। उत्तर-पूर्वी, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। 22 और 23 फरवरी को भागलपुर, सुपौल, किशनगंज, अररिया, खगड़िया, औरंगाबाद, कटिहार, मधेपुरा, किशनगंज, कटिहार, मुंगेर, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, बेगूसराय, भागलपुर, लखीसराय, शेखपुरा, जमुई, गया और नवादा समेत कई इलाकों में एक दो जगह आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश का येलो अलर्ट है।

झारखंड में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जबकि अन्य कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। रांची, खूंटी, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में बादलों की गरज के साथ बारिश हुई। रांची में 11.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, सरायकेला में 23.5 मिमी, सिमडेगा में 10.5 मिमी, लोहरदगा में 7.5 मिमी और बोकारो में दो मिमी बारिश हुई। रांची मौसम विज्ञान के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के कारण पिछले 24 घंटों में झारखंड के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां सहित पूर्वी राज्य के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है।

कश्मीर में बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर में मौसम तेजी के साथ बदल रहा है। श्रीनगर में ऊंचाई वाले इलाकों में गुरुवार को हिमपात हुआ। मैदानी इलाकों में बारिश दर्ज की गई। इस बारिश से घाटी में वर्षा की भारी कमी में कुछ सुधार होने की उम्मीद है। गुलमर्ग, सोनमर्ग और पहलगाम के प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों के साथ-साथ बडगाम जिले के दूधपथरी में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। शोपियां के हीरपोरा इलाके और बारामुला के उरी में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे तापमान में काफी कमी आई है। दिन में कोल्ड डे जैसी स्थिति है।

कश्मीर में इस साल ज्यादातर शुष्क सर्दी की वजह से जनवरी व फरवरी के महीनों में लगभग 80 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज की गई। इस साल बारिश में कमी के कारण हम सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। आने वाले दिनों में और अधिक बारिश से लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी का अनुमान लगाया है। अभी 21-23 फरवरी तक बादल छाए रहने की संभावना है, 24-25 फरवरी को हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 26-28 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी की संभावना है।

पश्चिम बंगाल में तूफान

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर अचानक आए तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं और ओलावृष्टि हुई। इस प्राकृतिक आपदा के बाद से स्थानीय लोग दहशत में हैं और खुले आसमान के नीचे जीवन बसर कर रहे हैं। तूफान इतनी तेजी से आया कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही मिनटों में कई घरों की छतें उड़ गईं, दीवारें गिर गईं और खेतों में खड़ी फसलें तहस-नहस हो गईं।

हिमाचल प्रदेश का मौसम कैसा है?

हिमाचल प्रदेश में मौसम करवट ले चुका है। ऊंचाई वाले स्थानों में बादल छाए हुए हैं। चंबा, मंडी, किन्नौर, लाहौल स्पीति, शिमला, कांगड़ा और सिरमौर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ बारिश दर्ज की गई। मौसम विभान ने अगले 6 दिन तक राज्य में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की संभावना है। 21, 22 और 24 फरवरी को लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचाई वाले इलाकों में छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 25 फरवरी को राज्य के कुछ स्थानों पर 26 फरवरी को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल के ताबों में सबसे कम तापमान करीब माइनस 8 डिग्री सेल्सियस, कल्पा में -2, केलंग में -6 और कुसुमसेरी में -5 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान दर्ज किया जा रहा है।

हरियाणा-पंजाब में कैसा है मौसम

हरियाणा और पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ के असर से 20 और 21 फरवरी को बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है। सिरसा, हिसार और फतेहाबाद में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। आईएमडी चंडीगढ़ ने करनाल, कुरुक्षेत्र, पंचकुला, यमुनानगर और अंबाला क्षेत्र में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। माना जा रहा है कि मौसम में बदलाव से तापमान में थोड़ी गिरावट महसूस की जाएगी। कमोबेश इसी प्रकार का मौसम पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में देखने को मिल सकता है। दोनों ही राज्यों में अभी कोहरे की मौजूदगी रहेगी।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली 15 डिग्री सेल्सियस25 डिग्री सेल्सियस
मुंबई 26 डिग्री सेल्सियस36 डिग्री सेल्सियस
नागपुर19 डिग्री सेल्सियस34 डिग्री सेल्सियस
हिमाचल-6डिग्री सेल्सियस7 डिग्री सेल्सियस
श्रीनगर-1 डिग्री सेल्सियस4 डिग्री सेल्सियस
पंजाब11 डिग्री सेल्सियस21 डिग्री सेल्सियस
भोपाल 16 डिग्री सेल्सियस28 डिग्री सेल्सियस
पटना18 डिग्री सेल्सियस29 डिग्री सेल्सियस
जयपुर16 डिग्री सेल्सियस27 डिग्री सेल्सियस
लखनऊ15 डिग्री सेल्सियस29 डिग्री सेल्सियस
चेन्नई25 डिग्री सेल्सियस31 डिग्री सेल्सियस
हैदराबाद20 डिग्री सेल्सियस34 डिग्री सेल्सियस

कहां सबसे ज्यादा गर्मी?

दक्षिण भारत से लेकर पश्चिम तक अभी से मार्च वाली गर्मी का एहसास हो रहा है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और गुजरात में गर्मी का प्रकोप शुरु हो गया है। कुल मिलाकर सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। उधर, केरल में भीषण गर्मी के मद्देनजर लू और सनबर्न का अलर्ट जारी कर दिया गया है।

सनबर्न क्या होता है

गर्मियों के मौसम में सनबर्न का अलर्ट रहता है। सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक होती है। चिकित्सा की भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के ज्यादा संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द होने लगता है। कुल मिलाकर स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क हो जाता है।

कोल्ड डे क्या है?

कश्मीर-हिमाचल प्रदेश में अभी भी कोल्ड के जैसी स्थिति है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article