शहर

अगले 2 दिन लुढ़केगा तापमान, आधे भारत में बारिश, आंधी-तूफान; ओले-वज्रपात से रहें सावधान

अगले 24 घंटे के दौरान समूचे उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव रहने से आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि-बिजली गिरने का अलर्ट घोषित किया गया है। पहाड़ों पर नये मजबूत विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना है। उधर, दक्षिण भारत के तीन से चार राज्यों और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में आंधी-तूफान व भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अधिकांश राज्यों में ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

Image

कल का मौसम

देश के विभिन्न राज्यों में आसमान पर बादल छाए हुए हैं और सूरज भी नर्म पड़ गया है। मौसमी गतिविधियां होने से तापमान में गिरावट के बाद गर्मी से राहत मिल रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान पहाड़ों पर मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिसके असर से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले भागों पर मौसम खराब रहेगा। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और मेघ गर्जन के साथ बारिश और बर्फबारी होगी। इधर, समूचे उत्तर भारत में विक्षोभ के प्रभाव से बादलों की आवाजाही जारी है और 19-20 मार्च को दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर तेज धूल भरी आंधी-बारिश व ओलावृष्टि के बीच आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। खराब मौसम से रबी की फसल को व्यापक नुकसान की आशंका है। गुरुवार और शुक्रवार को पूर्वोत्तर राज्यों ओडिशा, सिक्किम, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के कई स्थानों पर आंधी-तूफान तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। स्काईमेट ने कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा में बादलों के बरसने के संकेत हैं।

यूपी में कल मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश कई जिलों में मौसम बदला हुआ है और आसमान बादलों से ढके नजर आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी यूपी में तेज हवाओं के साथ गिरी बौछारों ने तापमान पर बड़ा प्रभाव डाला है, जिससे गर्मी की छुट्टी सी हो गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 20 मार्च तक राज्य के 20 से अधिक जिलों नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, संभल, हापुड़, अलीगढ़, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा और फिरोजाबाद में मेघ गर्जन के साथ आंधी-बारिश का अलर्ट है। इस दौरान वेस्ट यूपी के कुछ जिलों में ओले गिर सकते हैं और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। हालांकि, बुंदेलखंड, रुहेलखंड और अवध में आंशिक तौर पर बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन बारिश को लेकर कोई बड़ा अंदेशा नहीं जताया गया है। फिलहाल, अगले कई दिनों तक तापमान में गिरावट होने से गर्मी से राहत रहेगी।

बिहार में बारिश का अलर्ट

बिहार में अगले कई घंटों तक बादलों के छाए रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने 20 मार्च को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जताया है। खासकर, पटना, गया, दरभंगा, नालंदा, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नवादा, जमुई, शेखपुरा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, बेगूसराय और खगड़िया में तेज आंधी और बारिश के बीच ओलावृष्टि और ठनका गिरने का अलर्ट है। आईएमडी ने खराब मौसम के दौरान सावधान रहने की सलाह दी है।

दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में काले बादलों ने डेरा डाल दिया है। पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी हैं। दिन में भी अंधेरा छाया हुआ है और तापमान में बड़ी गिरावट से मौसम काफी ठंडा और सुहावना हो गया है व प्रदूषण से बड़ी राहत मिली है। फिलहाल, अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। आईएमडी ने 20 मार्च को गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान, बारिश एवं ओलावृष्टि का अलर्ट है। अगले 2 दिन 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गर्मी से राहत रहेगी। एक्यूआई 150 के आसपास है, जिससे हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। कमोबेश ऐसा ही मौसम नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में बना रहेगा।

राजस्थान में मौसम कैसा है

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है। कई जिलों में आधी-बारिश के बाद मौसम बदला हुआ है। आईएमडी ने अगले 2 दिन जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, शेखावटी और कोटा संभाग के कुछ भागों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे के रफ्तार से तेज आंधी चलने और बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। राज्य में बदले मौसम के असर से अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है और अधिकतर स्थानों पर तापमान गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

हरियाणा-पंजाब में बारिश

हरियाणा और पंजाब में अगले 2 दिन तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 20 मार्च को कुछ स्थानों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है। इस अवधि में कहीं-कहीं ओलावृष्टि और वज्रपात होने का खतरा है। खासकर, हिसार, नारनौल, भिवानी, चरखी और दादरी समेत कई अन्य जिलों में बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। उधर, पड़ोसी राज्य पंजाब में भी बारिश और आधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने चंडीगढ़, पठानकोट, अमृतसर, पटियाला, रूपनगर, लुधियाना, एसबीएस नगर समेत कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी रखा है।

उत्तराखंड में मौसम कैसा है

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और कई ऊंचाई वाले भागों पर बारिश एवं बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान रूद्रप्रयाग, केदारनाथ धाम, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में मौसमी गतिविधियां होगी। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जिससे तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है और लोगों को सर्दी का एहसास होगा। हालांकि, मैदानी भागों पर मौसम का खास असर नहीं रहेगा, जिससे तापमान सामान्य रहेगा।

हिमाचल प्रदेश में मौसम कैसा है

हिमाचल प्रदेश में लगातार मौसम में बदलाव के संकेत हैं। पिछले कई दिनों से बारिश एवं बर्फबारी का सिलसिला जारी है। आईएमडी ने 24 मार्च तक लाहौल-स्पीति, कुकुमसेरी, कुल्लू, मंडी, शिमला, चंबा और कांगड़ा के कुछ स्थानों पर भारी बारिश और हिमपात का अनुमान है। इस दौरान आकाशीय बिजली कड़कने के साथ आंधी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। खराब मौसम के दौरान सचेत रहने की सलाह दी गई है। पहाड़ों पर बिगड़े मौसम का असर मैदानी भागों पर भी दिखाई दे रहा है और लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है।

जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर में मौसम पूरी तरह से बदला हुआ है। स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर तेज हो गया है, जिससे घाटी के अधिकांश हिस्सों पर बारिश एवं बर्फबारी जारी है। आईएमडी ने गांदरबल, सोनमर्ग, चिनाब घाटी, बारामूला, कुपवाड़ा, मुगल रोड, श्रीनग घाटी और दक्षिण कश्मीर के ऊंचाई वाले हिस्सो पर बर्फबारी से पहाड़ ढके रहने की बात कही है, जिससे न्यूनतम तापमान बेहद नीचे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 20 मार्च को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश और ओलावृष्टि से मौसम बदलेगा। 23 से 29 मार्च के बीच फिर नए विक्षोभ की एंट्री से बारिश-बर्फबारी के आसार हैं।

दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव है, जिसके असर आंधी-तूफान के साथ बारिश की गतिविधियां होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मौसम खराब रहने के संकेत दिए हैं। खासकर समुद्री तटीय हिस्सों पर लोगों को सचेत रहने की सलाह दी गई है। उधर, पूर्वोत्तर के ओडिशा, सिक्किम, असम, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल, इन राज्यों में गर्मी और हीटवेव से राहत है।

20 मार्च शुक्रवार का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली15°C26°C
मुंबई24°C28°C
चेन्नई25°C31°C
हैदराबाद20°C31°C
बेंगलुरु19°C31°C
कोलकाता23°C33°C
पटना20°C32°C
लखनऊ20°C32°C
भोपाल20°C33°C
जयपुर16°C27°C
चंडीगढ़15°C23°C
देहरादून12°C20°C
शिमला8°C16°C
कश्मीर 3°C6°C

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article