कल का मौसम कैसा रहेगा : मॉनसून इन दिनों अलग-अलग रंग दिखा रहा है। उत्तर भारत में अलर्ट के बावजूद बारिश की गतिविधियां नहीं हो रही हैं, जिससे गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है। हालांकि, आईएमडी ने अगले कुछ घंटे में दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकांश भागों पर बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पहाड़ों पर एक नये विक्षोभ के कारण के कारण बारिश का ग्राफ बढ़ रहा है, जिससे लैंडस्लाइड और बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्काईमेट ने समूचे पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में भारी मॉनसूनी बारिश का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है। उधर, दक्षिण भारत और पश्चिमी घाट के साथ महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में भी हल्की वर्षा का अनुमान है।
कल का मौसम (फोटो-AI)
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में तेज हवाओं 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। तेज हवाओं से पेड़, बिजली के खंभे और खड़ी फ़सलों को नुकसान पहुंच सकता है, जबकि कई इलाकों में बिजली गिरने का भी खतरा है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे आंधी-तूफान के दौरान घर के अंदर रहें, पेड़ों के नीचे न रुके। खराब मौसम से प्रभावित इलाकों में परिवहन और बिजली आपूर्ति में रुकावट की संभावना को देखते हुए निवासियों को भी सावधान किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम कैसा रहेगा
दिल्ली-एनसीआर में आसमान पर बादल हैं, लेकिन जमीन आग उगल रही है। पिछले कई दिनों से बारिश की गतिविधियां थमने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, आईएमडी ने हल्की बारिश और गर्मी एवं उमस भरे मौसम की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने शनिवार और रविवार दोनों दिनों के लिए ’येलो’ अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटे में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बूंदाबांदी या हल्की बारिश का अनुमान है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। शनिवार सुबह राजधानी की वायु गुणवत्ता 180 के आसपास यानी ’मध्यम’ श्रेणी में दर्ज की गई।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून लगातार कमजोर होने से बारिश की गतिविधियों पर ब्रेक लगा हुआ है, हालांकि अगले हफ्ते इसके दुबारा जोर पकड़ने और कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। आईएमडी के अनुसार राज्य के अधिकांश भागों में कमजोर मानसून परिस्थितियां अगले दो-तीन दिन जारी रहेंगी। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में 21 जुलाई से बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
वहीं 22-23 जुलाई पश्चिमी और मध्य भागों में भी बारिश में तीव्रता आने की संभावना है। जबकि 23 से 28 जुलाई के दौरान पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर-बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी वर्षा बढ़ेगी। राज्य के कई हिस्सों पर सर्वाधिक अधिकतम तापमान गंगानगर में 41डिग्री सेल्सियस के आसपास है।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में तेज मॉनसूनी बारिश का सिलसिला जारी है। शिमला मौसम केंद्र ने 19 से 23 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, 18 जुलाई से दक्षिण-पश्चिम मानसून के साथ-साथ इस इलाके में एक नया 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' के सक्रिय होने की उम्मीद है, जिससे पूरे राज्य में व्यापक बारिश होगी। मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी बारिश के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है, खासकर उन इलाकों में जहां भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा अधिक है।
जम्मू-कश्मीर में IMD का क्या है अलर्ट
जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में भारी बारिश के साथ-साथ अचानक बाढ़, भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई है। शनिवार रात और रविवार सुबह से 20 से 22 जुलाई के बीच खास सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन ने कहा है कि नदियों, झरनों और जलप्रपातों के पास जाने से बचें। लैंडस्लाइड के कारण पहाड़ी रास्तों पर सावधानी से यात्रा करें। आपदा प्रबंधन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने और खराब मौसम के कारण पैदा होने वाली किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया गया है।
