Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): भीषण कोहरे और कड़ाके की ठंड ने उत्तर भारत को पूरी तरह बेहाल कर रखा है। बीच-बीच में बारिश की दस्तक से मौसम का मिजाज बदल रहा है। खासकर, पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड, मेघालय के कुछ हिस्सों में जारी बर्फबारी का असर मैदानी राज्यों को झेलना पड़ रहा है। यही कारण है कि राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा-पंजाब के साथ पश्चिमी राज्यों में भी सर्दी की दस्तक बनी हुई है। इन राज्यों में दिन में धुंध और भीषण कोहरे की चादर बिछी नजर आ रही है। ऊपरी राज्यों में बर्फबारी से वहां का तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है, जिससे मैदानी इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति है। अब एक बार फिर आईएमडी ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18 से 21 जनवरी तक बादलों के छाए रहने और कहीं कम तो कहीं मध्य बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। दक्षिणी राज्यों में मौसम का मिजाज बदलता दिख रहा है। तमिलनाडु के साथ कई अन्य राज्यों में 19 जनवरी को बारिश को संभावना जताई गई है। कई राज्यों में घना कोहरा छाए रहने से ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे विलंब से चल रही हैं और कई रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा फ्लाइट्स और सड़क परिवहन का शेड्यूल बिगड़ा हुआ है।
भारत में कल का मौसम
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में घने कोहरा के कारण दृश्यता काफी कम होने से 47 रेलगाड़ियों के परिचालन में देरी हुई। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से 2.6 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना व्यक्त की है। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में 21 और 22 जनवरी को भारी बारिश का भी अलर्ट है। 21 और 22 जनवरी को एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी बारिश हो सकती है, जिससे दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहेगा।
दिल्ली में कितना पॉल्यूशन
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 247 रहा जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। शून्य से 50 के बीच वायु एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को गंभीर श्रेणी में माना जाता है। दिल्ली का औसत एक्यूआई 350 अंक को पार कर गया था। इसमें तेजी से वृद्धि होने लगी थी, जो 400 अंक को पार करने की संभावना को दर्शाता है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान के जयपुर सहित अनेक इलाकों में सर्द हवाओं के बीच कड़ाके की सर्दी जारी है। सिरोही में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सर्द हवाओं और तापमान में गिरावट के कारण अनेक जगह शीत व अति शीत दिवस (कोल्ड डे) की स्थिति बनी रहेगी। मौसम केन्द्र के अनुसार 21-22 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के उत्तर-पश्चिमी व उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में कितना तापमान है
सिरोही में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 6.5 डिग्री, पिलानी में 6.7 डिग्री, संगरिया व अजमेर में 6.8 डिग्री, अलवर में 7.0 डिग्री, फतेहपुर व गंगानगर में 7.4 डिग्री, चूरू में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। कमोबेश इसी तरह का मौसम आगे भी देखने को मिलेगा।
यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम
यूपी में कोल्ड डे जारी है। वहीं, कहीं-कहीं हल्की बारिश और घने कोहरे के साथ ठंडी हवाएं मौसम का मिजाज बिगाड़ेंगी। लखनऊ, कानपुर, झांसी, मुरादाबाद, सीतापुर, चित्रकूट, उन्नाव, शाहजहांपुर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, फतेहपुर, जौनपुर, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, बहराइच और ललितपुर, बांदा और महोबा में भीषण कोहरे ने यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया है। गनीमत है कि एक दो दिन से दिन में सूरज की झलक देखने को मिल रही है, लेकिन शीतलहर के कारण धूप बेअसर साबित हो रही है। आईएमडी ने बताया कि अगले 2 दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी तक बदली छाई रहेगी और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती। गलन भरी हवाओं से दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तापमान में कमी आ सकती। इसके अलावा कई इलाकों में सुबह पाला गिरने से लोगों का हाल बेहाल है।
बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम
बिहार में मौसम अपने तेवर दिखा रहा है। तेज शीतलहरी के साथ सुबह देर तक और शाम को कोहरे ने समस्याएं बढ़ा रखी हैं। वहीं, पछुआ हवाओं ने गलन बढ़ा रखी है। आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले कुछ दिन कई इलाकों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी मौसम का मिजाज बिगाड़ सकती हैं। आशांका है कि दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट देखी जाए। वहीं, राजधानी पटना, दरंभगा, नालंदा, सहरसा, वैशाली, मधुबनी, भागलपुर, हाजीपुर, पूर्णिया, राजगीर समेत कई जिलों में सुबह के वक्त पाला गिरने से लोगों को आग का सहारा लेना पड़ रहा है।
मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम ?
मध्य प्रदेश कड़ाके की ठंड के सितम से जूझ रहा है। कोहरे के साथ तेज हवाओं के कारण सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। दिन में तेज हवाओं से सर्दी का ज्यादा असर दिख रहा है। राजधानी भोपाल, छिंदवाड़ा इंदौर, उज्जैन, छतरपुर, विदिशा और शिवपुरी समेत कई जिले ठंडा और कोहरे की कैद में हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, एमपी के कुछ इलाकों में अगले कुछ दिनों में बारिश के आसार जताए हैं।
पंजाब का मौसम
पंजाब में के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, बठिंडा और गुरदासपुर समेत कई जिले में न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 से 21 जनवरी कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा चंडीगढ़ समेत कई जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
हरियाणा में कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा में भी कड़ाके की सर्दी के साथ कोहरा का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। अंबाला, करनाल, नारनौल, हिसार, भिवानी और सिरसा में 6 डिग्री सेल्सियस से लेकर 7 डिग्री सेल्सियस तक न्यूनतम तापमान दर्ज किया जाएगा। आईएमडी ने अगले 2 दिन बादलों की आवाजाही के साथ बारिश के दस्तक देने का अलर्ट जारी किया है। साथ ही भीषण कोहरा यातायात को बुरी तरह प्रभावित करेगा।
कश्मीर में कैसा है मौसम
जम्मू-कश्मीर में न्यूनतम तापमान शून्य से भी कम दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 दिनों में मौसम शुष्क रह सकता है। घाटी के कुछ मैदानी इलाकों में भी बर्फबारी जारी रहेगी। बर्फबारी के बाद कश्मीर में शीतलहर और तेज हो गई। कश्मीर में 22 जनवरी को छिटपुट स्थानों पर हल्का हिमपात और 23 जनवरी को जम्मू कश्मीर में कई स्थानों पर हल्का से मध्यम हिमपात की संभावना है।
श्रीनगर का मौसम
श्रीनगर, उत्तरी कश्मीर, गुलमर्ग, पहलगाम, काजीगुंड, पंपोर, कोनीबल, कुपवाड़ा, कोकेरनाग में बर्फबारी के कारण न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज बना हुआ है। मौसम विभाग ने कश्मीर में 19, 20 और 22 जनवरी तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है, जिससे मौसम का मिजाज और बिगड़ेगा।
चिल्ला-ए-कलां क्या है?
कश्मीर घाटी ‘चिल्ला-ए-कलां’ (सर्वाधिक ठंड की अवधि) की चपेट में है, जो 21 दिसंबर से शुरू हुआ था। ‘चिल्ला-ए-कलां’ की 40 दिनों की अवधि के दौरान बर्फबारी की सबसे अधिक संभावना होती है। इसके बाद 20 दिन का ‘चिल्ला-ए-खुर्द’ और 10 दिन का ‘चिल्ला-ए-बच्चा’ का समय होगा जब ठंड धीरे धीरे कम होने लगेगी।
कोल्ड डे क्या होता है?
उत्तरी राज्यों में कोल्ड डे जारी है। Cold Day क्या होता है? तो आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है।
सीवर कोल्ड डे क्या होता है?
आईएमडी के मुताबिक, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम होता है, लेकिन अधिकतम में सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाती है तो इसे सीवियर कोल्ड (Very Cold Days) डे कहा जाता है। मौजूदा समय में कई राज्यों में सीवियर कोल्ड डे जैसी स्थिति देखी जा रही है, इसके बचने की बेहद जरूरत है।
