शहर

अगले 24 घंटे मौसम रहेगा खतरनाक, 11 राज्यों में आंधी-बारिश, वज्रपात; लू-ओलावृष्टि से रहें सावधान

उत्तर भारत में आसमान छू रहा पारा भीषण लू की ओर इशारा कर रहा है। हालांकि, कुछ हिस्सों पर मौसम बदलाव से गुजर सकता है। अगले 24 घंटे के दौरान कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, बारिश और बारिश का अलर्ट है। स्काईमेट ने पूर्वोत्तर भारत में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की संभावना व्यक्त है। वहीं, गुजरात, महाराष्ट्र के साथ दक्षिण भारत के कुछ तटीय भागों पर तेज वर्षा का अनुमान है। हालांकि, देश के ज्यादातर हिस्से लू की चपेट में रहेंगे।

Image

मौसम आज-कल

देश के अधिकांश भागों में गर्मी और लू की गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इस बीच कुछ हिस्सों पर मौसमी तंत्र सक्रिय हुए हैं, जिससे बादलों की आवाजाही तेज हुई और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटे के दौरान उत्तर भारत, पूर्वोत्तर और कुछ दक्षिणी हिस्सों पर आंधी-बारिश से मौसम सुहावना हुआ है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पहाड़ों पर 19 अप्रैल तक एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा, जिसके प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर के पर्वतीय भागों पर तेज हवाओं के बीच बारिश-बर्फबारी और ओलावृष्टि का खतरा बना रहेगा। इधर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली के कुछ भागों पर आंशिक तौर पर बदली छाई नजर आ सकती है और कुछ हिस्सों पर बूंदाबांदी मौसम तापमान पर असर डाल सकती है। हालांकि, बिहार-यूपी वालों को भीषण गर्मी और धूल भरी लू का सामना करना पड़ेगा। उधर, हीटवेव के बीच महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ जिलों में आंधी-तूफान के साथ तेज वर्षा का अलर्ट है। स्काईमेट ने पूर्वोत्तर के राज्यों में 60 से 70 किलोमीटर की रफ्तार से तूफान आने और बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

बिहार में आज मौसम कैसा रहेगा

बिहार के कुछ हिस्सों पर मौसम बदला हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ घंटों के दौरान सुपौल, अररिया, किशनगंज में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती हैं। वहीं, कई जिलों में गर्मी और धूप के बीच बादलों की आवाजाही हो सकती है, लेकिन किसी बड़े मौसमी गतिविधि को लेकर अलर्ट नहीं जारी किया गया। खराब मौसम के दौरान ठनका गिरने की संभावना है।

कल यूपी का मौसम

उत्तर भारत में सूरज की तपिश से लोगों का हाल बेहाल है। बुंदलेखंड में तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अप्रैल महीने में ही बांदा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जो देश का दूसरा सबसे गर्म शहर माना गया। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों पर लू (Heatwave) की स्थितियां बढ़ने की संभावना जताई है। अगले 2 दिन में पारा और बढ़ने की संभावना है, जिसके बाद मौसम चुनौतीपूर्ण होगा। फिलहाल, राज्य के पश्चिमी हिस्से को छोड़ दें तो अधिकतर भागों में मौसम में परिवर्तन की कोई संभावना नहीं है। लिहाजा, लोगों को गर्मी के लिए तैयार रहना होगा।

राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा

राजस्थान के अधिकांश भागों पर भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है, लेकिन पिछले 3 दिन से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से हल्की मौसमी गतिविधियां होने से मौसम में मामूली तब्दीली देखने को मिली। कई हिस्सों पर 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश के कारण मौसम सुहावना हुआ है, लेकिन अब बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है। फिर भी मौसम विभाग ने हनुमानगढ़, झुंझनू, चुरू और अलवर के कुछ भागों पर आंशिक तौर पर बादल छा सकते हैं और धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश का अनुमान जताया है। लेकिन अगले सप्ताह से अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।

दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटे के दौरान बादलों की आवाजाही रही और शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे गर्म हवाओं पर ब्रेक लगा। हालांकि, शनिवार को सुबह से धूप छाई रही, जिससे लोगों को गर्मी का एहसास हुआ है। फिलहाल, मौसम विभाग ने बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं जारी किया है, लेकिन आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की बात कही है। 19 अप्रैल को तापमान में बढ़ोतरी का अंदेशा जताया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। फिलहाल, तेज गर्मी और प्रदूषण से राहत की उम्मीद कम है और अगले कई दिनों तक किसी बड़े मौसमी परिवर्तन की संभावना नहीं है। सीपीसीबी के मुताबिक, समूचे एनसीआर में एक्यूआई 230 के आसपास है, जो खराब श्रेणी में आता है।

हरियाणा में बारिश होगी क्या

हरियाणा में मौसम का मिलाजुला असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे के दौरान राज्य में भारी बारिश के आसार जताए हैं। खासकर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल, रोहतक, पानीपत, सोनीपत, सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, पंचकूला, अंबाला, चारखी और दादरी में 40 से 50 की रफ्तार से आंधी के साथ बारिश होने के साथ ओले व आकाशीय बिजली गिरने का अनुमान व्यक्त किया है। हालांकि, शनिवार को बादलों के छाए रहने के सिवा विशेष मौसमी परिवर्तन नहीं देखे गए। उधर, पंजाब के भी कुछ हिस्सों पर मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान है।

हिमाचल प्रदेश में मौसम कैसा है

हिमाचल प्रदेश में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस राज्य के मौसम को प्रभावित कर रहा है। आईएमडी ने बताया कि पिछले 2 दिन से कुछ ऊंचे और मैदानी हिस्सों पर मौसमी गतिविधियों से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। अगले 24 घंटे के दौरान शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा और कुछ पड़ोसी हिस्सों पर अंधड़, ओलावृष्टि, बर्फबारी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इस दौरान कुछ हिस्सों पर हिमस्खलन और लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। उधर, उत्तराखंड के भी कुछ हिस्सों पर बारिश-बर्फबारी का अलर्ट घोषित है।

जम्मू-कश्मीर में कैसा है मौसम

जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई हिस्सों पर मौसम खराब है। आईएमडी के मुताबिक, पिछले 2 दिन से बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में बड़ा असर पड़ा है। खासकर, घाटी में लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है। 19 अप्रैल तक राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में मौसमी गतिविधियां होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और कश्मीर के हिस्सों पर बर्फबारी एवं ओलावृष्टि होने का खतरा है। मौम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए लैंडस्लाइड और हिमस्खलन की आशंका जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, जम्मू क्षेत्र में तेज गर्मी का अनुमान है।

असम, अरुणाचल में आंधी-बारिश

स्काईमेट के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत में अगले 48 घंटे मौसम के लिहाज से काफी अहम रहने वाले हैं। इस दौरान पूरे रीजन में बादल का पहला रहेगा और मौसमी गतिविधियां दर्ज की जाएंगी। असम, अरुणाचल, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ भागों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने के साथ मध्यम से भारी बारिश होगी और कुछ हिस्सों पर आकाशीय बिजली गिरने व ओले गिरने का खतरा रहेगा। मौसम विभाग ने तापमान में कमी आने के साथ लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधान रहने के लिए कहा है।

दक्षिण भारत में कैसा है मौसम

दक्षिण भारत में लगातार बढ़ते तापमान के बीच हीटवेव का अलर्ट जारी है। अधिकांश राज्यों में सुबह से शाम तक तेज धूप और दिन भर गर्म हवाएं परेशान कर रही हैं। ज्यादातर भागों पर मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन कर्नाटक में बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्सों पर आंधी-बारिश का अनुमान है। इसके अतिरिक्त 19 और 20 अप्रैल तक पश्चिमी घाट, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

19 अप्रैल (रविवार) का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली 24°C38°C
चंडीगढ़23°C36°C
जयपुर26°C39°C
भोपाल 27°C39°C
मुंबई27°C33°C
चेन्नई27°C34°C
हैदराबाद27°C38°C
कोलकाता267°C35°C
रांची24°C37°C
पटना25°C39°C
लखनऊ26°C41°C
देहरादून18°C32°C
शिमला13°C26°C
कश्मीर7°C15°C

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

कब आएगा मानसून?

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि प्री मानसून जल्द ही दस्तक देख सकता है। हालांकि, जून महीने के दौरान मानसून एंट्री दे सकता है, लेकिन गति थोड़ी धीमी रहेगी और अत्यधिक बारिश की संभावना नहीं है। माना जा रहा है कि जून में उत्तर पश्चिम भारत में भीषण लू और गर्म हवाएं चलेंगी, लेकिन दक्षिण और पूर्वोत्तर में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से तीव्र मानसून के आगे बढ़ने के आसार रहेंगे। हालांकि, मानसून सामान्य से कम रहेगा। उत्तर भारत में कम बल्कि पूर्वोत्तर भारत बिहार, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय में बेहतर बारिश को होने की उम्मीद है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article