शहर

कल का मौसम 17 February 2025: नए पश्चिमी विक्षोभ से दिल्ली-यूपी में लौटेगी बारिश, पहाड़ों पर होगी बर्फबारी, नॉर्थ ईस्ट में उमड़-घुमड़कर बरसेंगे बदरा

Kal Ka Mausam, 17 February 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे गर्म होता जा रहा है। तापमान बढ़ने के साथ ही ठंड की भी विदाई होने वाली है। हालांकि इस दौरान पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और नॉर्थ ईस्ट राज्यों में बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल और जम्मू कश्मीर में बारिश की संभावना जताई गई है।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): देश में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ दिल्ली, यूपी, बिहार जैसे राज्यों में तापमान बढ़ने के साथ ही सर्दी के तेवर कमजोर होते जा रहे हैं। वहीं पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर देखने को मिल रहा है। इस दौरान नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में कहीं घना कोहरा तो कहीं झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। इस बीच मौसम एक बार फिर से करवट लेने वाला है। 17 फरवरी को हिमालयी क्षेत्र को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करने वाला है। जिसके प्रभाव से कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 19 फरवरी को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में कहीं-कहीं पर मेघगर्जन की संभावना है। जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 20 फरवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बिजली कड़कने की संभावना है।

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में कल आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं सुबह के समय छिछला कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 18 फरवरी को भी ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। इसके अलावा दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने का भी अनुमान है। जिसकी स्पीड 20 से 25 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 19 और 20 फरवरी को बारिश होने की संभावना है।

यूपी में कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में लगातार तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। आज यूपी में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री पहुंच गया, यह तापमान झांसी में दर्ज किया गया। वहीं अयोध्या में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। यूपी में कल यानी सोमवार को पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान सुबह और देर रात के समय कुछ जगहों पर कुहासा या छिछला कोहरा छाया रह सकता है। इस दौरान कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। यूपी में जल्द ही मौसम में बदलाव होने वाला है। मौसम विभाग ने 20 फरवरी को पश्चिमी यूपी में हल्की-फुल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

बिहार में कल का मौसम

बिहार में बीते कई दिनों की तरह आज भी मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान बक्सर में 28.9 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सबसे ठंडा शहर बांका रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिछले 24 घंटे में बिहार के अधिकांश हिस्सों में 2-3 डिग्री तापमान बढ़ा है। बिहार में कल भी मौसम शुष्क ही बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री का इजाफा होगा। जिसके बाद कई जगहों पर अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी अगले 48 घंटों में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। जिसक बाद 2 दिन कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री कम होगा।

राजस्थान में कल मौसम का हाल

राजस्थान में कल से मौसम करवट लेने वाला है और एक बार फिर बारिश की दस्तक होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार कल राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में बीकानेर और जोधपुर संभाग मे कहीं-कहीं पर हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान पूर्वी राजस्थान में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि 18 और 19 फरवरी को प्रदेश के दोनों हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया गया है। इस दौरान भरतपुर, जयपुर, बीकानेर और जोधपुर संभागों में हल्की बारिश हो सकती है। जिसके बाद मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा। राजस्थान में अगले 48 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होने की भी संभावना है।

हिमाचल में इस हफ्ते बारिश-बर्फबारी का दौर

हिमाचल प्रदेश में कई दिनों तक बारिश न होने के बाद अचानक मौसम में बदलाव हुआ है। शनिवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं मैदानी इलाकों में बारिश भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार कल हिमाचल में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। जिसके बाद 18, 21 और 22 फरवरी को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कांगडा, चंबा, कुल्लू और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं 19 और 20 फरवरी को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

जम्मू कश्मीर में कल मौसम का मिजाज

जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज लगातार शुष्क देखने को मिल रहा है। हालांकि इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। जिससे रात को कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई जा रही है। जम्मू-कश्मीर में अभी 20 दिनों का चिल्ले खुर्द का दौर जारी है। इस अवधि में घाटी में मौसम का मिजाज आमतौर पर शुष्क ही बना रहा। 20 फरवरी को चिल्ले खुर्द का दौर खत्म हो रहा है।

नॉर्थ ईस्ट राज्यों में मौसम का हाल

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। जिसके प्रभाव से नॉर्थ ईस्ट राज्यों में हल्की बारिश का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश मे 15 से 21 फरवरी तक गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं असम और मेघालय में 16 से 19 फरवरी के दौरान बारिश हो सकती है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम, असम, मेघालय, दार्जिलिंग और सिक्किम में अगले सात दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article