कल का मौसम रहेगा : उत्तर भारत में मॉनसून की बेरुखी के बाद एक फिर से उमस और गर्मी का ग्राफ बढ़ता नजर आ रहा है। खासकर, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकांश हिस्सों पर बादलों की आवाजाही तो है, लेकिन बारिश की गतिविधियां शांत हैं। हालांकि, बीच-बीच में बूंदाबांदी से उमस और परेशान कर रही है। उधर, पहाड़ों पर 17 जुलाई से मॉनसूनी बारिश रफ्तार पकड़ सकती है, जिसके बाद लैंडस्लाइड और बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। लिहाजा खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने के लिए अपील की जा रही है। स्काईमेट ने समूचे पूर्वोत्तर भारतीय राज्यों में तूफानी हवाओं के साथ भारी वर्षा का अलर्ट घोषित किया है। अत्यधित पानी के जमाव से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जो बस्तियों को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। उधर, दक्षिण भारत में तेज मौसमी गतिविधियां जारी है, जो पश्चिमी घाट से आगे महाराष्ट्र और गुजरात तक जारी रहने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर से मॉनसून की बेरुखी से तापमान में बढ़ोतरी रिकॉर्ड की जा रही है, जिससे गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है। हालांकि, बादलों की आवाजाही से बारिश के संकेत मिल रहे हैं और मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह राहत की बात कही है। विभाग ने अगले कई दिन बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जिससे दिन में भीषण गर्मी का असर बढ़ सकता है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 160 दर्ज किया गया जो ’मध्यम’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, एक्यूआई को 0 से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।
राजस्थान में बारिश का घटा ग्राफ
राजस्थान में दक्षिण पश्चिम मानसून का असर कमजोर होने के बीच राज्य में कई जगह आने वाले दिनों में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी कुछ दिनों में राज्य में कहीं कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग के अधिकतर भागों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान गंगानगर में और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस सिरोही में दर्ज किया गया।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के अधिकांश राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के कारण मूसलाधार बारिश रिकॉर्ड की जा रही है। आईएमडी ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्ष्यद्वीप, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों पर भारी बारिश की संभावना है, जिससे मौसम सुहावना हो सकता है। हालांकि, तमिलनाडु के हिस्सों पर तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी का असर बढ़ता दिख रहा है। पश्चिमी घाट के हिस्सों के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा के अधिकांश हिस्सों पर बादलों की आवाजाही के साथ अच्छी खासी बारिश का पूर्वानुमान है।
पूर्वोत्तर भारत में मॉनसूनी बारिश का ग्राफ बढ़ा
पूर्वोत्तर भारत में मॉनसूनी बारिश का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कई दिनों तक मौसम गहरा रहेगा और ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, नागालैंड और मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट जारी रखा गया है। अत्यधिक बारिश के कारण निचले हिस्सों पर बाढ़ का खतरा बढ़ता जा रहा है। अधिकांश नदियां अपने से साथ भारी मात्रा में पानी लेकर बह रही हैं, जिससे तटीय भागों पर जलभराव से कई गांवों का संपर्क टूट गया है, जिससे जनजीवन पर बुरा असर पड़ रहा है। मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान पहाड़ी हिस्सों पर लैंडस्लाइड का खतरा जताया है।
पश्चिम बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
पश्चिम बंगाल के अधिकांश भागों पर तेज बारिश का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने अगले चार दिनों तक कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। खराब मौसम की वजह से गुरुवार को होने वाले जगन्नाथ रथ यात्रा के कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, पश्चिमी मिदनापुर और झाड़ग्राम जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में मध्यम बारिश होने का अनुमान है। गुरुवार को जगन्नाथ रथ यात्रा के दिन कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुरा और पश्चिम बर्दवान जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
तमिलनाडु में भीषण गर्मी का आलम
तमिलनाडु में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि राज्य के कुछ हिस्सों, खासकर अंदरूनी जिलों में लू (हीटवेव) जैसी स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को चेतावनी दी है कि वे समुद्र में न जाएं, क्योंकि दक्षिणी तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की आशंका है। ताजा अनुमान के मुताबिक, बुधवार को राज्य के अंदरूनी जिलों में एक-दो जगहों पर लू जैसी स्थिति हो सकती है। 16 जुलाई तक दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की उम्मीद है। अंदरूनी इलाकों में तापमान मौसमी औसत से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने की संभावना है।
मन्नार की खाड़ी, कोमोरिन सागर और तमिलनाडु के आस-पास के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। समुद्र में खराब हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि जब तक हालात बेहतर न हों, वे इन इलाकों में न जाएं। मौसम विभाग ने कहा है कि वह मौसम में हो रहे बदलावों पर बारीकी से नजर रखेगा और जरूरत पड़ने पर नई सलाह जारी करेगा। साथ ही, विभाग ने लोगों से सरकारी अनुमानों का पालन करने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है, क्योंकि राज्य भर में लू के हालात बने हुए हैं।
