Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा) : आसमान पर काले बादल छाए हुए हैं। हल्की से मध्यम हवाओं के साथ गिर रहीं बौछारें मौसम को सुहावना बना रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। हालांकि, बीच-बीच में धूप से उमस और चिपचिपी गर्मी परेशान कर सकती है, लेकिन यह क्षणिक होगा। IMD की मानें तो इस सप्ताह मानसूनी गतिविधियां काफी तेज हो सकती हैं। 15, 16 और 17 जुलाई को कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक हवा पानी का दौर जारी रहेगा। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और राजस्थान में तेज हवाओं, आंधी बवंडर के साथ झमाझम बारिश का अलर्ट घोषित है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की संभावनाएं प्रबल रहेंगी, लिहाजा लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। इसके अतिरिक्त दक्षिण भारत के राज्यों कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल में मानसूनी बारिश की बड़ी चेतावनी जारी है। कमोबेश ऐसी ही बारिश, पूर्वोत्तर में असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय और पश्चिम बंगाल के अधिकतर भागों में दर्ज की जाएगी। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बादल फटने और अचानक अत्यधिक बारिश के कारण बाढ़ की समस्याएं बनी रह सकती हैं। उधर, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़ और झारखंड में भारी बारिश के कारण जलाशयों और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के संकेत हैं।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| दिल्ली | 27°C | 33 °C |
| मुंबई | 27 °C | 29 °C |
| जयपुर | 25 °C | 29 °C |
| भोपाल | 23 °C | 30 °C |
| लखनऊ | 28 °C | 33 °C |
| पटना | 27 °C | 30 °C |
| हैदराबाद | 24 °C | 33 °C |
| चेन्नई | 28 °C | 36 °C |
| देहरादून | 24 °C | 28 °C |
| शिमला | 18 °C | 24 °C |
| कश्मीर | 13 °C | 19 °C |
यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का अलर्ट घोषित है। मौसम विभाग ने 16, 17, 18 और 19 जुलाई को बादलों की गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, मेरठ, शामली, बरेली, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरेया, कानपुर, कानपुर देहात, फतेहपुर, झांसी, जालौन, चित्रकूट, हमीरपुर, कौशांबी, प्रयागराज, गोरखपुर, हरदोई, सिद्धार्थ नगर, जौनपुर, लखनऊ, सीतापुर, देवरिया, बस्ती और बहराइच समेत प्रदेश के करीब 40 जिलों में आंधी, बवंडर के साथ मध्यम बारिश का अलर्ट है। खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना व्यक्त की जा रही है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बादलों और सूरज की लुकाछिपी का खेल जारी है। हालांकि, बादल सूरज पर भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं। लेकिन, सूरज की मौजूदगी से उमस से बेचैनी बढ़ रही है। मंगलवार सुबह से बादल छाए हुए हैं और हल्की हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग की मानें तो आज, कल और परसों मेघ गर्जन के साथ बारिश का अनुमान है। अगर, बात तापमान की करें तो अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे गर्मी से काफी राहत है।
दिल्ली में कितना पॉल्यूशन?
दिल्ली-एनसीआर में जहां लोगों को बारिश ने गर्मी से राहत दी है, वहीं पॉल्यूशन के लेवल पर भारी कमी आई है। शहर की आबोहवा पहाड़ों के एक्यूआई यानी हवा की गुणवत्ता को मात दे रही है। CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को AQI 48 दर्ज किया, जो बेहद अच्छी कैटेगरी में आता है।
राजस्थान का मौसम
राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मानसून के जोर पकड़ने से भारी बारिश का दौर जारी है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। आईएमडी ने अगले कुछ दिनों के लिए कई जिलों में भारी, अतिभारी बारिश व कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने का अलर्ट घोषित किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 जुलाई को जोधपुर, कोटा, अजमेर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर समेत अन्य कुछ भागों में भारी, अतिभारी बारिश व कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है।
बिहार में कल मौसम का हाल
बिहार में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। काले बादलों से घिरे आसमान से बड़ी बूंदे गर्मी पर अटैक कर रही हैं। मौसम विभाग ने राज्य के पटना, गया, शेखपुरा, नालंदा, अरवल, रोहतास, औरंगाबाग, जहानाबाद, जमुई और दरभंगा समेत कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और मेघ गर्जन के साथ ठनका गिरने की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश का अलर्ट घोषित किया गया है।
झारखंड में कैसा है मौसम
झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिलों के लिए अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने रांची, गुमला, लातेहार, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, लोहरदगा, सरायकेला, कोडरमा, गिरिडीह, जामताड़ा, देवगढ़, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गढ़वा, पलामू और दुमका जिलों के लिए बुधवार भारी बारिश के साथ अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है। कई जिलों में मूसलाधार बारिश ऑरेंज अलर्ट घोषित है।
उत्तराखंड में मौसम कैसा है?
उत्तराखंड इन दिनों मानसूनी बारिश से तर-बतर है। कई जगहों पर अत्यधिक बारिश के कारण लैंडस्लाइड और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और रूद्र प्रयाग में अगले कुछ घंटों में भारी बारिश की चेतावनी है। आईएमडी के मुताबिक, ये तेज मौसमी गतिविधियां अगले 48 घंटे तक जारी रहेंगी, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर जारी है। अचानक मूसलाधार वर्षा के कारण भूस्खलन और बाढ़ की समस्या के बाद कई जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में कुल 208 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गई हैं, जिसमें आपदा प्रभावित मंडी जिले में 157 सड़कें शामिल हैं। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में तेज बारिश दर्ज की जाएगी।
ओडिशा का मौसम
ओडिशा में मौसम विभाग ने 30 में से 19 जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी ने मछुआरों को अगले 24 घंटे तक बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है। उत्तरी ओडिशा में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की संभावना है, जो 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। कोलकाता में अगले 24 घंटे के भीतर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कमोबेश ऐसा ही मौसम पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्यों में देखा जाएगा।
