कल का मौसम कैसा रहेगा : देश के उत्तरी हिस्से फिर से गर्मी की चपेट में आ गए हैं। पिछले कई दिनों से मॉनसून के थमने से तापमान और उमस में बढ़ोतरी देखी जा रही है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले दो से चार दिन उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में कम बारिश के संकेत दिए हैं, लेकिन बिहार में 15 जुलाई से तेज पानी बरसने का अनुमान जताया गया है। इधर पहाड़ों पर मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आईएमडी की मानें तो अगले 2 दिन तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश का दौर जारी रहेगा, लेकिन 17 जुलाई से तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। इस दौरान आंधी के साथ ओलावृष्टि होने का खतरा जताया गया है। साथ अत्यधिक पानी के इकट्ठा होने से नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी और लैंडस्लाइड से सतर्क रहने की आवश्यकता रहेगी।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से गर्मी का एहसास बढ़ गया है। पिछले कई दिनों से धूप और बादलों की बेरुखी के कारण उमस हो रही है। हालांकि, इस सप्ताह मौसमी गतिविधियां होने के चांस हैं, जिससे राहत की उम्मीद जताई जा रही है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 14 जुलाई से 19 जुलाई तक पूरे सप्ताह आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हालांकि, भारी बारिश, लू, आंधी या अन्य किसी गंभीर मौसमीय गतिविधि की संभावना नहीं जताई गई है। इस पूरे सप्ताह दिन का अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। साथ ही हल्की बारिश और बीच-बीच में चलने वाली तेज हवाएं लोगों को उमस और बढ़ती गर्मी से राहत दे सकती हैं।
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा
राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल कमजोर पड़ता दिख रहा है। आईएमडी के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और कहीं भी अच्छी बारिश के आसार नहीं जताए गए हैं। जयपुर मौसम विज्ञान के मुताबिक, फलोदी में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस अजमेर में रिकॉर्ड किया गया। अगले सात दिनों तक जोधपुर और बीकानेर संभाग और पूर्वी राजस्थान के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 16 और 17 जुलाई को उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और धूल भरी आंधी के आसार हैं।
कोलकाता का मौसम कैसा रहेगा
पश्चिम बंगाल में मॉनसूनी बारिश से गर्मी से राहत है। अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के जिलों में शनिवार तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। साथ ही, पूरे सप्ताह राज्य में आंधी-तूफान की भी संभावना है। ज्यादातर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। कोलकाता से सटे कई जिलों में अगले कुछ दिनों में और बारिश हो सकती है। दक्षिण बंगाल में आंधी-तूफान और बारिश के लिए 'येलो वॉर्निंग' जारी की गई है। कुछ जगहों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। बुधवार को दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी बारिश की संभावना है।
तमिलनाडु में दक्षिण-पश्चिम मानसून कमजोर
तमिलनाडु में दक्षिण-पश्चिम मानसून की कमजोर स्थिति के चलते राज्य में तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अनुमान जताया है कि 16 जुलाई तक राज्य के अधिकतम तापमान में सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है, जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की कमजोर सक्रियता के कारण तमिलनाडु के अधिकांश इलाकों में पर्याप्त वर्षा नहीं हो रही है। बादलों की कमी और बारिश न होने से दिन के समय तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। हालांकि, आरएमसी ने मंगलवार को पश्चिमी घाट से लगे जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
पूर्वोत्तर में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश के कारण जनजीवन पर बुरा असर पड़ रहा है। अधिकांश राज्यों में तेज आंधी-तूफान के साथ हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई हिस्सों पर जलभराव के कारण बस्तियों में लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के आसपास पहुंचने वाला है, जिससे तराई के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, मिजोरम, मेघालय, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है। आईएमडी के मुताबिक, 20 जुलाई के बाद बंगाल की खाड़ी और ओडिशा के तट पर एक निम्न दवाब का क्षेत्र बनेगा, जो पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके प्रभाव से मानसून की रेखा भी दक्षिण में बढ़ेगी तथा बारिश की गतिविधियां शुरू हो जाएगी।
महाराष्ट्र का मौसम
महाराष्ट्र में आईएमडी ने 14 से 17 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है, जबकि घाट क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है। 17 जुलाई को विदर्भ क्षेत्र में गरज चमक के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। फिलहाल भारी बारिश को लेकर रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं है। इधर, मुंबई में भी बारिश की गतिविधियां कम होने से राहत है, लेकिन उमस से थोड़ी से परेशानी बढ़ती नजर आ रही है। हालांकि, मौसम में बदलाव का अलर्ट जारी है।
