अगले 72 घंटे में मौसम होगा भारी, 10 राज्यों में आंधी-बारिश, ओलावृष्टि की भविष्यवाणी; लू-वज्रपात से रखें सावधानी

मौसम विभाग ने अगले 5 दिन के मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया है कि दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में मेघ गर्जन के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और मध्यम से भारी बारिश व आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। 17 अप्रैल से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में एक बार फिर से बारिश एवं बर्फबारी का अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि समूचे उत्तर भारत समेत अन्य राज्यों में गर्मी और लू (Heatwave) की चेतावनी जारी है।

देशभर के अधिकांश राज्यों में गर्मी के साथ लू का असर बढ़ता दिखाई दे रहा है। कई राज्यों में अधिकतम तापमान में 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जो हीटवेव की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि, पिछले दिनों हुईं मौसमी गतिविधियों के असर से उत्तर भारत में मामूली तौर पर तापमान कंट्रोल है, लेकिन आने वाले दिन परेशान करने वाले हो सकते हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सप्ताह के अंत तक हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश में पछुआ हवाओं की गति तेज होगी, जिससे लू का सिलसिला शुरू हो सकता है। हालांकि, पहाड़ों पर 17 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ पर्वतीय हिस्सों पर गरज-चमक से साथ आंधी-बारिश का अनुमान है। अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी असम, नागालैंड में तूफानी हवाओं के साथ बादलों के बरसने का अलर्ट है। स्काईमेट ने बुधवार को केरल, अंडमान निकोबार द्वीप समूह समेत तटीय हिस्सों पर आंधी-बारिश के संकेत दिए हैं। अगले 5 दिन तक मराठवाड़ा, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु में भीषण लू की चेतावनी है।

Mausam Aaj Kal

मौसम आज-कल

यूपी का मौसम कैसा रहेगा

उत्तर प्रदेश में मौसम काफी गर्म होता प्रतीत हो रहा है। दिनभर चल रहीं पछुआ गर्म हवाएं लू के संकेत दे रही हैं। मौसम विभाग का मानना है कि सप्ताह के अंत तक 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। खासकर, बुंदेलखंड के जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है, जिसके बाद लू का अलर्ट जारी कर दिया जाएगा। फिलहाल बांदा में तापमान 40 डिग्री पहुंच गया है, जो राज्य में सबसे ज्यादा है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है।

End of Feed