Surat News: जिम में लोग आमतौर पर फिटनेस के लिए जाते हैं लेकिन सूरत में एक जिम रिश्तों, धोखे और ब्लैकमेल की कहानी का अड्डा बन गया। मामला इतना उलझा कि सात साल तक चलता रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी। सूरत के पॉश सिटीलाइट इलाके में स्थित ‘पूजा L1 जिम’ से सामने आए इस मामले ने शहर को हिला दिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जिम ट्रेनर शब्बीर असगर ट्रंकवाला ने एक प्रतिष्ठित हिंदू अरबपति परिवार की महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर उसी रिश्ते को 'हथियार' बना लिया।
आरोपी के पास महिला की तस्वीरें-वीडियो थे
करीब सात साल पहले महिला जिम में वर्कआउट के लिए जाती थी, जहां उसकी मुलाकात आरोपी से हुई। बातचीत, भरोसा, और फिर धीरे-धीरे एक ऐसा रिश्ता, जो बाद में बंधन नहीं, फंदा बन गया। जांच में सामने आया कि आरोपी के पास महिला की निजी तस्वीरें और वीडियो थे। इन्हीं के आधार पर उसने परिवार को लगातार ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। महिला के पति को जब अपने वैवाहिक जीवन में बदलाव का एहसास हुआ, तो उन्होंने सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश की। पिछले सात महीनों से वह आरोपी से संपर्क में थे, मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन आरोपी ने इसे 'कमाई का जरिया' बना लिया।
फिर पीड़ित पति ने पुलिस से संपर्क किया
पुलिस के अनुसार, शब्बीर ने तस्वीरें वायरल न करने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की। इतना ही नहीं, एक मुलाकात के दौरान उसने अपनी कार से कांच का टुकड़ा निकालकर पति की गर्दन पर रख दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए 50 हजार रुपये जबरन वसूल लिए। मामले में मोड़ तब आया, जब हाल ही में सूरत SOG पुलिस ने जिम संचालकों और ट्रेनरों के साथ महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बैठक की थी। इसी खबर को देखकर पीड़ित पति ने हिम्मत जुटाई और पुलिस से संपर्क किया। शिकायत दर्ज होते ही SOG हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है, जिसमें यह भी देखा जा रहा है कि क्या आरोपी ने इसी तरह और लोगों को निशाना बनाया था।
