शहर

कल का मौसम 12 January 2025: आंधी बारिश कोहरा लेकर आ रहे सिरदर्दी, बर्फबारी शीतलहर ओलावृष्टि बढ़ाएंगे सर्दी; वीकेंड पर अलर्ट जारी

Kal Ka Mausam, 12 January 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: मैदानी इलाकों उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब, बिहार राजस्थान समेत छत्तीसगढ़-झारखंड में कड़ाके की ठंड के साथ गलन और घना कोहरा जी का जंजाल बना हुआ है। दिसंबर के आधे माह से पड़ रही सर्दी अभी थमने वाली नहीं है। उधर, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जारी भीषण बर्फबारी ने उत्तरी मैदानी इलाकों का पारा गिरा रखा है। खराब मौसम के बीच बारिश भी सिरदर्दी लेकर आने वाली है। आईएमडी ने अगले सप्ताह तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से खराब मौसम के साथ 12 से 14 जनवरी के बीच आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

Image

भारत का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): मैदानी क्षेत्र यानी उत्तर भारत मौसम की चोट से उबर नहीं पा रहा है। लगातार शीतलहर के साथ पड़ रही कड़ाके की सर्दी और कोहरे ने बुरी तरह प्रभावित कर रखा है। खासकर, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पड़ बर्फबारी से मैदानी इलाके कोल्ड डे का शिकार हैं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब सर्दी के सितम से बेहाल हैं। दिन में चल रहीं तेज हवाएं शीतलहर से उबरने नहीं दे रही हैं। वहीं, कोहरे की चादर बिछने से सूरज भी बादलों के पीछे दुबक कर बैठा है, जिससे दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को नहीं मिल रहा है। घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर यातायात क्षेत्र में पड़ रहा है। खासकर, रेल संचालन बुरी तरह प्रभावित है। कई मुख्य ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं तो कई अपने निर्धारित समय से कईयों घंटे विलंब से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा हवाई उड़ानें भी प्रभावित हैं, विभिन्न राज्यों में विजिबिलिटी शून्य होने से कई फ्लाइटें रद्द कर दी गईं। सर्दी तक तो ठीक था, लेकिन उत्तर भारत में अब पश्चिमी विक्षोभ का असर भी देखने को मिल रहा है। आने वाले कुछ दिनों 14 जनवरी तक उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में ठंड और बढ़ेगी तो वहीं दक्षिण भारतीय राज्यों में बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है।

कल कैसा मौसम रहेगा?

आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण दक्षिण-पूर्व ईरान और आस-पास के इलाकों में साइक्लोन सर्कुलेशन (चक्रवाती परिसंचरण) बन रहा है। इसके अलावा, एक और साइक्लोन सर्कुलेशन दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आस-पास के इलाकों में बना हुआ है। इसके प्रभाव से पश्चिमी विक्षोभ के साथ पश्चिमी हवाएं और निचले स्तर पर पूर्वी हवाएं चल सकती हैं। 11 और 12 जनवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की से मध्यम वर्षा या बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। उधर, 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि लक्षद्वीप में भी हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई।

उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट

उत्तर भारत के पंजाब, दिल्ली और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाये रहने का अनुमान है। पंजाब में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। स्काईमेट वेदर के मुताबिक, 11 से 12 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा, उत्तर और पूर्वी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, तटीय तमिलनाडु और दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आंतरिक तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में हल्की बारिश का अनुमान है।

यूपी में कैसा मौसम रहेगा?

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा और शीतलहर का कहर जारी रहेगा। ठंड की वजह से लोग अपने घरों और रजाई में दुबके नजर आएंगे। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, बांदा, चित्रकूट, आगरा, इटावा, कन्नौज, फिरोजाबाद, मेरठ, बुलंदशहर , सहारनपुर, गोरखपुर और जौनपुर समेत विभिन्न जिलों में घने कोहरे और शीतलहर का असर रहेगा। कन्नौज में तापमान में गिरावट के कारण आलू की फसल को नुकसान का खतरा बढ़ गया है। अमरोहा के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से सर्दी और अधिक बढ़ गई है।

दिल्ली में कल कैसा मौसम रहेगा

वीकेंड में दिल्ली के लिए आईएमडी ने 11 और 12 जनवरी को सुबह के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है। पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में भारी गिरावट देखी गई, जिसमें तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। अधिकतम तापमान 18-22 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 6-8 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ-साथ कोहरा छंटने की उम्मीद है, लेकिन हल्की बारिश इसके प्रभाव को बढ़ा सकती है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है और यह लगभग 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

दिल्ली में प्रदूषण कितना

इस बीच, वायु गुणवत्ता में गिरावट के बीच गुरुवार को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के तहत तीसरे स्टेज (GRAP-3) के प्रतिबंधों को फिर से लागू किया गया। यह निर्णय मौसम की स्थिति में सुधार के कारण पहले हटाए गए प्रतिबंधों के बाद आया है। दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को लगातार ठंड और कोहरे की स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए क्योंकि तापमान में गिरावट जारी है और विजिबिलिटी कम बनी हुई है।

दिल्ली में घने कोहरे से ट्रेन सेवाएं प्रभावित

दिल्ली में सुबह घना कोहरा छाये रहने के कारण दृश्यता कम हो गई, जिससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने बताया कि घने कोहरे के कारण 45 ट्रेन विलंबित हुईं। ईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में सामान्य है। शनिवार रात और रविवार तक छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बिहार में कैसा मौसम रहेगा

बिहार में भी पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर देखने को मिल रहा है। हलांकि, आईएमडी के मुताबिक, मकर संक्रांति तक ठंड थोड़ी नरम हो सकती है। वीकेंड में राज्य के पटना, मोतिहारी, सीतामढ़ी, औरंगाबाद, दरभंगा, हाजीपुर, मधुबनी, सहरसा समेत राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और बारिश के भी आसार बन सकते हैं। हलांकि, कोहरा परेशानी का सबब बना रहेगा, जिससे ट्रेनों की आवाजाही पर बुरा असर पड़ेगा।

राजस्थान में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम अचानक बदल गया है और कई जगह बारिश व वज्रपात के बीच कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। राज्य के अनेक इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार सुबह के चौबीस घंटों के दौरान राज्य में कहीं कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 2.8 मिलीमीटर बारिश फलोदी में हुई। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में कब तक होगी बारिश

जोधपुर, जैसलमेर, अलवर, अजमेर व बीकानेर जिले में बारिश दर्ज की गई। राजधानी जयपुर सहित अनेक जगह पर शनिवार सुबह से बूंदाबांदी व बारिश हो रही है। मौसम केंद्र ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार को राज्य में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है। इसके अनुसार 11 जनवरी को भी बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी होने की संभावना है। वहीं, 12 जनवरी से फिर मौसम शुष्क रहने तथा कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है।

कश्मीर में कैसा है मौसम

जम्मू-कश्मीर में ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। हालांकि, आसमान साफ रहने के कारण कश्मीर में रात का तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। रविवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश तथा बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।

क्या होता 'चिल्ला-ए-कलां'?

कश्मीर इस समय 'चिल्ला-ए-कलां' की चपेट में है, जो सर्दी के मौसम की सबसे ठंड वाली अवधि होती है। ‘चिल्ला-ए-कलां’ के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। यह 21 दिसंबर से शुरू हुआ था। ‘चिल्ला-ए-कलां’ 30 जनवरी को समाप्त होगा। इसके बाद 20 दिनों का ‘चिल्ला-ए-खुर्द’ और 10 दिनों का ‘चिल्ला-ए-बच्चा’ होगा है।

हिमाचल प्रदेश का मौसम कैसा है

हिमाचल प्रदेश में 11 और 12 जनवरी को मौसम में बदलाव आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इन दोनों दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है। आईएमडी ने किन्नौर, लाहौल स्पीति, कुल्लू और शिमला के उच्च क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। इन इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है, जिससे सड़क मार्गों पर यात्रा में मुश्किलें आ सकती हैं। वहीं निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आ सकती है। यात्रियों और स्थानीय निवासियों को इन मौसम परिस्थितियों के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिमाचल कहां होगी बर्फबारी

मौसम विभाग ने 11 ओर 12 जनवरी को किन्नौर, लाहौल स्पीति, कुल्लू ,शिमला में बर्फबारी के साथ बारिश के हालात दिख रहे हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने निचले इलाकों में बारिश की आशंका जताई है। इस दौरान शिमला शहर, मनाली, नारकंडा में बर्फबारी होने की संभावना बनती नजर आ रही है। मैदानी इलाकों में आगामी 24 घंटे तक शीतलहर और कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मुंबई का मौसम कैसा रहेगा

महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों में उत्तरी इलाकों में पड़ रही भीषण सर्दी का असर बना हुआ है। राज्य के हिस्सों में सर्दी का एहसास हो रहा है। खासकर, सुबह शाम गर्म कपड़े पहनने को मजबूर होना पड़ रहा है। नागपुर, पुणे, कोल्हापुर, औरंगाबाग, नासिक, अहमदनगर, जलगांव, मुंबई में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21-22 के आसपास दर्ज किया जा रहा है। आईएमडी ने मुंबई में 12 और 13 जनवरी को बादल छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

कोल्ड डे क्या है?

उत्तर भारत के यूपी, हरियाणा-पंजाब और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में कोल्ड डे जारी है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है। इसके अभी और जारी रहने के संकेत हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article