शहर

कल का मौसम 11 March 2025 : बादल छाएंगे झमाझम बारिश लाएंगे, मौसम होली का 'रंग' करेगा फीका; आकाशीय बिजली से रहें सतर्क

Kal Ka Mausam, 11 March 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega : होली पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ रंगों का 'रंग' फीका कर सकता है। स्काईमेट ने 14 मार्च को उत्तर भारत के यूपी, एमपी, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब और दिल्ली एनसीआर में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। उधर, पहाड़ों में एक बार फिर तेज बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई जा रही है, जिससे तापमान में कमी आने से कोल्ड डे जैसी स्थिति रहेगी। दक्षिण और पश्चिम भारत के राज्यों में तेज गर्मी परेशान करेगी।

Image

भारत कल का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : उत्तर भारत में होली तक सर्दी का असर धीरे-धीरे कम हो जाएगा। दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का एहसास होगा। हालांकि, 14 मार्च तक पश्चिमी विक्षोभ के एक बार फिर एक्टिव होने से बादलों की आवाजाही शुरू होगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब, राजस्थान में होली के दिन बारिश रंगों का मजा किरकिरा कर सकती है। उधर, पहाड़ों में वेस्टर्न डिसटरबेंस के सक्रिय होने से बारिश और बर्फबारी का दौर एक बार फिर शुरू होगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी, जिससे दिन में कोल्ड डे होगा और लोगों को कड़ाके की ठंडी परेशान करेगी। स्काईमेट ने बताया कि 10 मार्च से पश्चिमी हिमालयी के पास नया पश्चिमी विक्षोभ के आने की उम्मीद है, जिससे मध्य पाकिस्तान और राजस्थान में साइक्लोन सर्कुलेशन भी होगा। इसके असर से 15 और 16 मार्च तक तेज हवाएं, बारिश और बर्फबारी होगी सकती है। इस दौरान आकाशीय बिजली कड़कने और ओलावृष्टि के भी आसार बन सकते हैं।

हरियाणा और पंजाब का मौसम

हरियाणा और पंजाब में 12 मार्च को हल्की बारिश का अनुमान है। स्काईमेट के मुताबिक, 13 और 14 बारिश में तेजी आ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से मौसम में तब्दीली रबी की फसल के काफी नुकसानदेह साबित हो सकती है। हालांकि, इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी।

राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में लगातार तापमान बढ़ रहा है। कई जिलों में अधिकतम टेंपरेचर 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। आईएमडी ने होली के दिन से 15 मार्च तक बारिश की संभावना जताई है। बादलों की आवाजाही के बीच उमस का एहसास होगा। दिन और रात को पंखे का सहारा लेना पड़ सकता है। आईएमडी के मुताबिक, भरतपुर, अलवर, करौली, जैसलमेर, जोधपुर, दौसा और जयपुर समेत कई इलाकों में बादलों के छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है।

यूपी कल का मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार गर्म होता जा रहा है। स्काईमेट ने 14 और 15 मार्च को अलीगढ़, आगरा, मथुरा, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, बुलंदशहर, हाथरस और बहराइच में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान पश्चिमी यूपी में भी मौसम बदला नजर आएगा।

दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में सापेक्षिक आर्द्रता 40 से 91 प्रतिशत के बीच रही और न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने मंगलवाप को धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है और अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 डिग्री और 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली में 13 से 15 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। होली के दिन बारिश रंग में भंग मिला सकती है।

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर

दिल्ली में हवाओं की रफ्तार कम होने से एक बार फिर प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, एनसीआर में वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी से ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई। एक्यूआई 208 दर्ज किया गया। इससे एक बार फिर हवा जहरीली होने लगी है।

हिमाचल मौसम का ‘येलो अलर्ट'

आईएमडी ने हिमाचल प्रदेश के विभिन्न स्थानों में सोमवार को और बुधवार से शुक्रवार तक गरज के साथ बूंदाबांदी का पूर्वानुमान जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर सोमवार को हल्की बर्फबारी हुई। केलांग में एक सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि गोंदला में बहुत कम बर्फबारी हुई। इस बीच, रोहतांग में अटल सुरंग के पास बर्फबारी की सूचना के बाद लाहौल एवं स्पीति में पुलिस ने यात्रियों को अनावश्यक यात्रा करने से बचने और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।

राज्य में रविवार शाम से मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा और कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हुई। लाहौल एवं स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम था। आईएमडी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में एक से 10 मार्च तक मानसून पूर्व सीजन में 50.4 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 44 प्रतिशत अधिक है।

ओडिशा का तापमान

ओडिशा में आईएमडी ने दिन के तापमान में वृद्धि का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। राज्य में अगले चार से पांच दिनों के दौरान दिन के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। अगले पांच दिनों के दौरान सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, सोनपुर, बौध और बोलांगीर जिलों के अलग-अलग स्थानों पर अधिकतम तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस और उससे अधिक होने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, रविवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान बौध में 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि टिटलागढ़ में यह 38 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य स्थान जहां दिन का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा है उनमें झारसुगुड़ा, भवानीपटना, बोलांगीर एवं सोनपुर शामिल है।

दक्षिण भारत में कैसा है मौसम

केरल में 13 और 14 मार्च को छिटपुट हल्की बारिश की संभवना है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क और गर्म रहने की उम्मीद है। दक्षिण के राज्यों में अगले सप्ताह में तापमान काफी बढ़ेगा, लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होगा। तेलंगाना, हैदराबाद, कर्नाटक और तमिलनाडु में भीषण गर्मी का अलर्ट है। जल्द ही लू के थपेड़े परेशान करते नजर आएंगे।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
ताबो (हिमाचल)-3 डिग्री सेल्सियस0 डिग्री सेल्सियस
श्रीनगर 4 डिग्री सेल्सियस8 डिग्री सेल्सियस
देहरादून14 डिग्री सेल्सियस26 डिग्री सेल्सियस
मुंबई27 डिग्री सेल्सियस37 डिग्री सेल्सियस
गोवा25 डिग्री सेल्सियस35 डिग्री सेल्सियस
चेन्नई28 डिग्री सेल्सियस31 डिग्री सेल्सियस
बेंगलुरु19 डिग्री सेल्सियस31 डिग्री सेल्सियस
भोपाल19 डिग्री सेल्सियस33 डिग्री सेल्सियस
कानपुर 17 डिग्री सेल्सियस31 डिग्री सेल्सियस
पटना19 डिग्री सेल्सियस31 डिग्री सेल्सियस

मार्च में कैसा रहेगा मौसम?

11 से 14 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ के आने और आगे बढ़ने की संभावना है। इसी तरह का सपोर्ट सर्कुलेशन फिर से उत्तर और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में दस्तक देगा। ये बैक-टू-बैक सिस्टम पूरे गुजरात और पड़ोसी दक्षिण राजस्थान में हवा के पैटर्न को बदलेंगे।

कहां सबसे ज्यादा गर्मी?

दक्षिण भारत से लेकर पश्चिम तक अभी से मार्च वाली गर्मी का एहसास हो रहा है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और गुजरात में गर्मी का प्रकोप शुरु हो गया है। कुल मिलाकर सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। उधर, केरल में भीषण गर्मी के मद्देनजर लू और सनबर्न का अलर्ट जारी कर दिया गया है।

सनबर्न क्या होता है

गर्मियों के मौसम में सनबर्न का अलर्ट रहता है। सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक होती है। चिकित्सा की भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के ज्यादा संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द होने लगता है। कुल मिलाकर स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क हो जाता है।

हीटवेव का अलर्ट जारी

देश भर में मौसम के मिजाज में नाटकीय रूप से उतार-चढ़ाव को देखते हुए हीटवेव अलर्ट जारी किया है। जहां कुछ इलाकों में बारिश हो रही है, वहीं कुछ इलाकों में अत्यधिक गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दिल्ली-एनसीआर को अस्थायी राहत मिल रही है। आईएमडी ने मार्च से मई तक सामान्य से अधिक तापमान का अनुमान लगाया है, जिससे आने वाले महीनों के बारे में चिंताएं बढ़ गई हैं। खासकर, महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत के राज्य विशेष रूप से प्रभावित होंगे। आईएमडी इन बदलावों के लिए जलवायु परिवर्तन को जिम्मेदार माना है। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी के लिए तैयार रहने की जरूरत है।

हीटवेव क्या है?

भीषण गर्मियों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया जाता है। हीटवेट तब होती है जब किसी खास जगह पर तीन दिन तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान असामान्य रूप से गर्म होता है। इसे उस क्षेत्र की स्थानीय जलवायु और पिछले मौसम के संबंध में माना जाता है। इस दौरान तापमान सामान्य औसत से अधिक पहुंच जाता है तो उसे हीटवेव कहा जाता है। खासकर, मार्च से जून के दौरान और कुछ दुर्लभ मामलों में जुलाई के महीने में ये स्थिति बनती है। हीटेवव के दौरान लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। आमतौर पर शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर पानी की कमी बुखार, उल्टी, दस्त, थकान, कमजोरी इत्यादि लक्षण दिखाई देते हैं।

कोल्ड डे क्या है?

कश्मीर-हिमाचल प्रदेश में अभी भी कोल्ड के जैसी स्थिति है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article