Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : देशभर के विभिन्न राज्यों में भीषण गर्मी के बीच हीटवेव का अलर्ट जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान राजस्थान, गुजरात, हरियाणा-पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर और महाराष्ट्र में भीषण गर्मी बढ़ने का पूर्वानुमान जताया है। लेकिन, विभाग ने पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसी प्रकार पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। वहीं, बिहार, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। आईएमडी ने बताया कि गुरुवार के लिए पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी यूपी के कुछ भागों में धूल भरी आंधी और गरज चमक से साथ मौसमी गतिविधियां हो सकती हैं, जिससे भीषण गर्मी से मामूली राहत मिल सकती है।
कल का मौसम
यूपी में कल का मौसम
मौसम विभाग ने वेस्ट यूपी के अलग-अलग जिलों में मौसम बदलने का अनुमान जताया है, जहां कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है। इसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की जाएगी और लोगों को थोड़ी राहत मिलती भी दिखाई देगी। अगले तीन दिनों के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर में भी हल्की बूंदाबांदी और बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी। यूपी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में मंगलवार को इस मौसम की सबसे गर्म रात रही और बुधवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और भीषण गर्मी के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है, जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। 10 अप्रैल को आंधी का सामना करना पड़ सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। 11 और 12 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जिसके बाद अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि, 13 और 14 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा।
दिल्ली में कितना प्रदूषण?
दिल्ली में एक्यूआई 233 दर्ज किया गया जो खराब श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 के बीच का एक्यूआई संतोषजनक, 101 से 200 के बीच का एक्यूआई मध्यम, 201 से 300 के बीच का एक्यूआई खराब, 301 से 400 के बीच का एक्यूआई बहुत खराब और 401 से 500 के बीच का एक्यूआई गंभीर माना जाता है।
राजस्थान में भीषण गर्मी का अलर्ट
राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 10 और 11 अप्रैल को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और जोधपुर संभाग के कुछ भागों में बादलों की गरज के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। आंधी बारिश के बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने तथा भीषण गर्मी से राहत मिलने की प्रबल संभावना है। वहीं, 14-15 अप्रैल से पुनः तापमान में बढ़ोतरी होने तथा दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का एक और दौर शुरू होने की संभावना है। बाड़मेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
महाराष्ट्र में भीषण गर्मी
महाराष्ट्र में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। विदर्भ इलाके में इन दिनों तेज धूप और लू का कहर जारी है। बढ़ते तापमान से न सिर्फ इंसान बल्कि जानवर भी परेशान हैं। इस भीषण गर्मी से जानवरों को राहत देने के लिए नागपुर के महाराजबाग चिड़ियाघर में खास इंतजाम किए गए हैं। इस चिड़ियाघर में 200 से ज्यादा वन्यजीव हैं, जिनमें बाघ, तेंदुआ, भालू, हिरण, मगरमच्छ और अजगर शामिल हैं। इन सभी को गर्मी से बचाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| लखनऊ | 25 °C | 37 °C |
| पटना | 26 °C | 34 °C |
| दिल्ली | 24 °C | 40 °C |
| मुंबई | 27 °C | 34 °C |
| भोपाल | 24 °C | 39 °C |
| जयपुर | 26 °C | 41 °C |
| देहरादून | 18 °C | 32 °C |
| शिमला | 11 °C | 24 °C |
| कश्मीर | 6 °C | 17 °C |
कब आएगा प्री मानसून 2025
दक्षिण भारत के विभिन्न हिस्सों में अप्रैल में 3 अप्रैल से 23 अप्रैल तक प्री मॉनसून की गतिविधि देखने को मिल सकती है। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल में मानसून के एक्टिव होने से करीब एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान गरज चमक और आकाशीय बिजली गिर सकती है। पश्चिमी भारत यानी महाराष्ट्र और गुजरात के साथ पूर्वी भारत यानी छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में प्री मानसून की झलक भी देखने को मिल सकती है। 5 अप्रैल से पहाड़ी राज्य कश्मीर, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से एक बार फिर बादलों की आवाजाही शुरू होगी, जिससे हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। जम्मू-कश्मीर में हल्की बर्फबारी हो सकती है। इस अवधि के दौरान दोनों हिस्सों में भारी गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दिन गर्मी से राहत और रातें काफी ठंडी होंगी।
कहां लू अलर्ट?
स्काईमेट ने बताया कि पिछले 2 से 3 दिन से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, झारखंड और गुजरात के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। ओडिशा में 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान पहुंच गया है, जो सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इन राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट है। आईएमडी ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
हीटवेव क्या है?
भीषण गर्मियों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया जाता है। हीटवेट तब होती है जब किसी खास जगह पर तीन दिन तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान असामान्य रूप से गर्म होता है। इसे उस क्षेत्र की स्थानीय जलवायु और पिछले मौसम के संबंध में माना जाता है। इस दौरान तापमान सामान्य औसत से अधिक पहुंच जाता है तो उसे हीटवेव कहा जाता है। खासकर, मार्च से जून के दौरान और कुछ दुर्लभ मामलों में जुलाई के महीने में ये स्थिति बनती है। हीटेवव के दौरान लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। आमतौर पर शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर पानी की कमी बुखार, उल्टी, दस्त, थकान, कमजोरी इत्यादि लक्षण दिखाई देते हैं।
सनबर्न क्या होता है?
गर्मियों के मौसम में सनबर्न का अलर्ट रहता है। सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक होती है। चिकित्सा की भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के ज्यादा संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द होने लगता है। कुल मिलाकर स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क हो जाता है।
हॉट डे क्या होता है?
हॉट डे की स्थिति तब होती है, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहता है और न्यूनतम तापमान सामान्य औसत से 5 डिग्री सेल्सियस के बराबर या उससे भी अधिक होता है। इस दौरान अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। आमतौर पर अप्रैल से जून के बीच ये स्थिति देखी जाती है। मौसम विभाग ऐसा तापमान देख हॉट डे घोषित कर देता है।
