शहर

अगले 48 घंटे भारी, 21 राज्यों में बारिश, तूफान-आंधी; ओले-बिजली की चेतावनी

देश के करीब 20 राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है गर्मी-हीटवेव से राहत है। आईएमडी ने 9 और 10 अप्रैल तक पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान चलने और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, समूचे उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी और ओलावृष्टि होने का खतरा जताया गया है। फिलहाल, कई दिनों तक लू (Heatwave) और तेज गर्मी से राहत की उम्मीद है।

Image

मौसम आज-कल

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले कई दिनों तक गर्मी से त्वरित राहत रहेगी और लू की गतिविधियों पर लगभग ब्रेक लगेगा। हालांकि, कई राज्यों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जो हीटवेव के करीब है। हालांकि, पिछले कई दिनों से अधिकांश राज्यों में मौसमी गतिविधियां होने से मौसम सुहावना बना हुआ है। इस बीच आईएमडी ने अगले 24 घंटे के मौसम का अनुमान जताते हुए पर्वतीय हिस्सों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ भागों पर 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि व बर्फबारी होने की बात कही है। वहीं, समूचे उत्तर भारत में गुरुवार तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा और पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, यूपी, एमपी एवं बिहार में गरज-चमक, झोंकेदार आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश होने का अलर्ट घोषित है। स्काईमेट ने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से तमिलनाडु, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तूफानी हवाओं के साथ तेज वर्षा होने की संभावना जताई है। उधर, पूर्वोत्तर में ओडिशा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल में पानी के साथ बर्फ गिरने के संकेत हैं। त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम, छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र में अगले कई दिन तक भारी बारिश की चेतावनी है।

बिहार का मौसम

बिहार में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि करीब 12 जिलों दरभंगा, अररिया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, शिवहर, सीतामढ़ी और सुपौल में आकाशीय बिजली गिरने (ठनका), आंधी के साथ बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर बादलों की गिरफ्त में है। पिछले कई दिनों से बारिश और गरज के साथ हुई बौछारों ने तापमान में काबू में रखा है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। इसके साथ वायु की गुणवत्ता में सुधार हुआ है, जिससे प्रदूषण से राहत है। फिलहाल, न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 के आसपास है। (आईएमडी ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से से अगले कुछ घंटे गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।

राजस्थान में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई जिलों में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले 3 दिन से जारी मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी देखी जा रही है। अगर बात अगले 24 घंटे के मौसम की करें तो कोटा, भरतपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर और जयपुर संभाग में मेघ गर्जन और तेज हवाओं के झोंकों के साथ हल्की से मध्यम बारिश से मौसम खराब होगा। इस दौरान बादलों की गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने का खतरा रहेगा। हालांकि, 9 अप्रैल से अगले 5 दिन तक मौसम साफ रह सकता है, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

मध्य प्रदेश में मौसम कैसा रहेगा

एमपी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और इधर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर से मौसमी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि अगले कुछ घंटो तक राजधानी भोपाल, रीवा, शिवपुरी, गुना, ग्वालियर, अशोकनगर, विदिशा, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, मऊगंज, सिंगरौली, सीधी, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, सतना, पन्ना, राजगढ़, रतलाम, आगर, निवाड़ी, मंदसौर और नीमच में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने बताया कि 11 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे फिर से बारिश और आंधी का दौर तेज होगा। बहरहाल, मौसमी गतिविधियां होने से गर्मी से काफी राहत है।

यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में खराब मौसम की संभावना बनी हुई है। पिछले 3 दिनों से आंधी-बारिश की गतिविधियों के बीच मौसम विभाग ने अगले कई घंटों के दौरान बादलों की आवाजाही जारी रहने के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि करीब 45 जिलों में बारिश और करीब 10 जिलों में ओले गिरने की संभावना है। इस दौरान मेघ गर्जन के बीच 50 से 60 किलोमीटर की रफ्तार वाली झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं वज्रपात का खतरा बना रह सकता है। राजधानी लखनऊ, कानपुर, कानपुर देहात, बुंदेलखंड के जिलों में बादल छाए रहने, बिजली चमकने और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र और आगरा, मथुरा समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। उधर, बिहार में भी बारिश आंधी का अलर्ट घोषित किया गया है।

पंजाब-हरियाणा में मौसम

पंजाब और हरियाणा में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से चंडीगढ़ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। पंजाब के अमृतसर, रूपनगर, मोहाली, पटियाला, पठानकोट और लुधियाना में बारिश का अलर्ट जारी है। मौसमी गतिविधियां होने से चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, पठानकोट, होशियारपुर में तापमान गिर गया है। फिलहाल अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत है। आईएमडी के मुताबिक, हरियाणा के अंबाला, पंचकुला, नरनौल, गुरुग्राम, फरीदाबाग और रोहतक समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

उत्तराखंड में मौसम

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। अगले 2 दिन तक उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार समेत कई स्थानों पर 60 किमी. की रफ्तार से आंधी तूफान चलने और बारिश के साथ ओलावृष्टि होने का खतरा है। वहीं, केदारनाथ समेत कई जगहों पर बर्फबारी रिकॉर्ड की जा रही है।

हिमाचल प्रदेश में मौसम कैसा है

हिमाचल प्रदेश में अगले कई घंटों तक बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। आईएमडी के मुताबिक, गुरुवार तक शिमला, मंडी, सोलन, कुल्लू, कांगड़ा में तेज आंधी के साथ बारिश और बर्फ गिरने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और मेघ गर्जन के साथ ओलावृष्टि होने और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी है। उधर, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, चंबा और सिरमौर में भारी बारिश के साथ वज्रपात और आंधी का पूर्वानुमान है। फिलहाल, मैदानी हिस्सों पर आंशिक असर ही दिखाई देगा और लोगों को गर्मी से राहत रहेगी। लेकिन, बर्फीली जगहों पर ठंडक का एहसास होगा।

जम्मू कश्मीर में मौसम कैसा है

जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का बड़ा असर दिखाई दे रहा है। आईएमडी के मुताबिक, बारिश के साथ गुलमर्ग, कुपवाड़ा और बांदीपुरा में बर्फबारी हो रही है, जबकि घाटी के मैदानी इलाकों में भारी बारिश से मौसम काफी सर्द हो गया है। मौसम विभाग ने बताया कि10 अप्रैल तक मौसम खराब रहेगा। श्रीनगर और घाटी के मैदानी इलाकों में भारी बारिश जारी है। अगले 24 घंटे के दौरान गरज के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं बर्फ गिरने का अलर्ट है। आईएमडी ने कई स्थानों पर हिमस्खलन (Avalanche), बाढ़, भूस्खलन और कुछ निचले इलाकों में जलजमाव की चेतावनी जारी की है।

दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन

दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से मौसम खराब रहेगा। मौसम विभाग ने 9 और 10 अप्रैल तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध प्रदेश के समुद्र तटीय भागों पर तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लोगों को समुद्र तटीय हिस्सों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है। केरल के एर्नाकुलम, कोट्टायम, अलाप्पुझा, कोल्लम, पुनालुर और तिरुवनंतपुरम में बारिश का खतरा रहेगा। फिलहाल, इस सभी राज्यों में हीटवेव की संभावना बनी हुई है।

पूर्वोत्तर में भारी बारिश का अलर्ट

उधर, बांग्लादेश के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के बने रहने से असम, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और तेज बारिश के साथ कहीं-कहीं ओलावृष्टि और कहीं-कहीं बर्फबारी की संभावना व्यक्त की गई है। असम के दिसपुर, धुबरी, बारपेटा, नलबाड़ी, गुवाहाटी, गोलपारा, कोकराझार, बोंगाईगांव, कछार, हाफलोंग, सिलचर और करीमगंज में मौसम अधिक खराब रहेगा।

9 अप्रैल गुरुवार का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली16°C25°C
मुंबई26°C30°C
कोलकाता22°C32°C
चेन्नई28°C32°C
बेंगलुरु22°C35°C
रांची19°C31°C
पटना19°C31°C
लखनऊ18°C28°C
भोपाल21°C31°C
जयपुर17°C28°C
चंडीगढ़13°C21°C
देहरादून9°C17°C
शिमला6°C13°C
कश्मीर3°C7°C

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। आज का मौसम कैसा रहेगा. शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!