शहर

अगले 72 घंटे भारी, 9 राज्यों में बरसेगा झमाझम पानी; धूल भरी आंधी-वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 4 दिन तक पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव रहेगा, जिसके प्रभाव से हल्की बारिश एवं बर्फबारी से मौसम बदला रहेगा। हालांकि, मैदानी राज्यों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन तेज गति से हवाएं बहेंगी और न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी से गर्मी का एहसास होगा। 8 मार्च से पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के 4 से 5 राज्यों में गरज-चमक, आंधी-तूफान के साथ अच्छी खासी बारिश रिकॉर्ड की जाएगी।

Image

कल का मौसम

समूचे देशभर में गर्मी पैर पसार रही है। मार्च महीने की शुरुआत से ही न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है, जिससे अधिकांश राज्यों में मौसम काफी गर्म प्रतीत होने लगा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस सप्ताह के बाद हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा समेत अन्य राज्यों में हीटवेव की ओर मौसम शिफ्ट होगा। इधर, पहाड़ों एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले स्थानों पर रहेगा और अगले 4 दिन तक रुक-रुक कर बादल बरसते नजर आएंगे और कहीं-कहीं बर्फबारी होगी। वहीं, उत्तराखंड में 8 मार्च से विक्षोभ के असर से बारिश-बर्फबारी का अनुमान है। स्काईमेट ने बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान एक एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन पश्चिम बंगाल, ओडिशा और असम के कुछ हिस्सों पर बना रहेगा, जिस कारण बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं। वहीं, एक ट्रफ बनने से कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के तटीय हिस्सों पर आंधी-तूफान एवं पानी गिरने के आसार हैं। इसका कुछ असर महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ कोस्टल हिस्सों पर दिखाई दे सकता है।

यूपी का मौसम

उत्तर प्रदेश में होली के पीछे छूटते ही तापमान ऊपर की ओर बढ़ रहा है। आलम ये है कि सुबह धूप निकलते ही गर्मी परेशान कर रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार सामान्य से अधिक गर्मी पड़ सकती है। बुंदेलखंड में अभी से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। अनुमान है कि अगले 10 दिन में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। अगर 40 डिग्री सेल्सियस को तापमान टच करेगा तो हीटवेव का अलर्ट घोषित कर दिया जाएगा। फिलहाल, राज्य में 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे लू जैसे थपेड़े लग रहे हैं। फिलहाल, राज्य में बारिश के कोई आसार नहीं हैं। उधर, राजस्थान में भी तापमान बढ़ता जा रहा है। बाड़मेर समेत कई जिलों में अधिकतम पारा 38 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। आईएमडी के मुताबिक, जल्द ही हीटवेव का अलर्ट घोषित किया जा सकता है।

बिहार में मौसम कैसा रहेगा

बिहार में फिलहाल मौसम साफ है और तेज हवाओं के थपेड़े लग रहे हैं। अधिकांश जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राज्य में 9 से 11 मार्च के बीच 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और मौसम में बदलाव हो सकता है। इस दौरान मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं पड़ोसी राज्य झारखंड में भी 7 से 19 मार्च के बीच मौसम बदला रहेगा और बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली में मौसम साफ है, लेकिन पिछले 2 दिन से हवाओं की गति 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार रही, जिससे पतझड़ हावी है। हालांकि हवाओं का असर मौसम पर दिखाई नहीं दे रहा है। सुबह से तापमान बढ़ने से गर्मी का एहसास हो रहा है। इतना ही नहीं रात भी गर्म प्रतीत हो रही हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि वीकेंड पर न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल, मौसम साफ रहेगा और हवाओं की गति तेज रहेगी, जिससे पॉल्यूशन के स्तर पर कमी आएगी। फिलहाल, एक्यूआई फिर बढ़ा है और यह 220 के पार पहुंच गया है। माना जा रहा है पारा चढ़ने और लू की एंट्री के बाद प्रदूषण अपने न्यूनतम स्तर की और शिफ्ट होगा।

उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड के पर्वतीय भागों पर शनिवार को मौसम में बदलाव के संकेत हैं। 8 मार्च से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है, जिसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर हल्की बारिश एंव बर्फबारी रिकॉर्ड की जाएगी। आईएमडी का अनुमान है कि मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट हो सकती है, जिससे सर्दी का एहसास होगा। विक्षोभ से सबसे अधिक चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों पर हल्की बारिश एवं बर्फबारी की संभावना है। फिलहाल, अगले कई दिनों तक गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में बर्फबारी जारी रहने से न्यूनतम तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। हालांकि, मैदानी भागों पर मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी।

हिमाचल-उत्तराखंड का मौसम

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 7 से 11 मार्च तक हिमाचल प्रदेश के ऊंचे भागों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर रहेगा, जिससे बर्फबारी और बारिश की गतिविधियां दर्ज की जाएंगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और हवाओं की गति तेज होगी। आईएमडी ने बताया कि 9 मार्च को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और मजबूत होगा, जिससे पर्वतीय हिस्सों पर 10, 11 और 12 मार्च को बारिश के आसार हैं। मौसम के करवट लेने से बढ़ते तापमान पर ब्रेक लगेगा। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी।

जम्मू-कश्मीर का मौसम कैसा है

जम्मू-कश्मीर के ऊपरी भागों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके प्रभाव से बादल छाए हुए हैं और बारिश के साथ बर्फबारी जारी है। इस मौसमी गतिविधि के कारण संबंधित स्थानों पर कड़ाके की सर्दी का एहसास है। हालांकि, मैदानी हिस्सों पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान बढ़ता जा रहा है। आईएमडी की मानें तो 7 से 10 मार्च तक मौसम बदला रहेगा और रुक-रुक कर बारिश की गतिविधियां मौसम को प्रभावित करेंगी। अनुमान तो यहां तक है कि 12 मार्च तक बादल छाए रहेंगे और पानी बरसता नजर आएगा। फिलहाल, घाटी समेत अन्य स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।

तमिलनाडु-केरल में बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत में प्री मानसून की एंट्री के संकेत मिल रहे हैं। आने वाले दिनों में इसमें तीव्रता आ सकती है। फिलहाल, मन्नार की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने से तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक के तटीय हिस्सों पर बादलों की आवाजाही रहेगी। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान तेज धूल भरी आंधीनुमा हवाओं के झोंके महसूस किए जाएंगे और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि पश्चिमी घाट के हिस्सों पर एक ट्रफ मौसम को प्रभावित करेगी। उधर, पूर्वोत्तर के ओडिशा, मेघालय, असम और गंगीय पश्चिम बगाल में बारिश की संभावनाएं हैं।

8 मार्च रविवार का तापमान

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली19°C25°C
मुंबई24°C31°C
चंडीगढ़18°C32°C
जयपुर19°C34°C
भोपाल19°C34°C
लखनऊ19°C33°C
पटना21°C33°C
रांची19°C30°C
कोलकाता22°C32°C
चेन्नई24°C32°C
हैदराबाद20°C34°C
देहरादून15°C26°C
शिमला12°C23°C
कश्मीर7°C17°C

हीटवेव क्या है?

मार्च की शुरुआत से ही अधिकांश राज्यों में तापमान बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 4 दिन में तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायमसीला में दिन का तापमान तेजी से बढ़ सकता है। अगले 10 दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी इलाकों में हीटवेव के 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होना आवश्यक है, जो सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा होना चाहिए। तटीय क्षेत्रों के लिए यह सीमा 37 डिग्री सेल्सियस और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए 30 डिग्री सेल्सियस निर्धारित है। इस दौरान डीहाइड्रेशन, हीट क्रैम्प्स और जानलेवा हीटस्ट्रोक होने का खतरा बढ़ सकता है। ले चलमे से चक्कर आना, बेहोशी इत्यादि आने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

गर्मी कहां पड़ रही

देश के अधिकांश भागों पर तापमान में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि, अभी भी हिमालयी राज्यों पर बर्फबारी से मौसम सर्द है, लेकिन उत्तर भारत में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। लिहाजा, अगले सप्ताह तक मौसम काफी गर्म महसूस होगा। फिलहाल, दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है। जल्द ही कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है।

सनबर्न क्या होता है?

गर्मी का सीजन शुरू होने के संकेत मिलने लगे है। लिहाजा गर्मियों के सीजन से बचाव के लिए सनबर्न का अलर्ट जारी किया जाता है। दरअसल, एक्सपर्ट के मुताबिक, सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक माना जाता है। चिकित्सीय भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के अधिक संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द महसूस होता है। यानी की अधिकांश केस में स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क प्रतीत होता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
Pushpendra Kumar author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article