Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): उत्तर भारत के सभी राज्यों में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मौसम के अलग-अलग तेवर देखने को मिल रहे हैं। कहीं बर्फबारी तो कही बारिश तो कहीं कोहरा आफत का सबब बन रहा है। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब, मध्य प्रदेश में शीतलहर से हालत खराब है। इसी बीच राजस्थान, हरियाणा और पंजाब, यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। कोहरे के कारण उत्तर भारत के राज्यों में चलने वाली अधिकतर ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे विलंब से चल रही हैं। इसके अलावा कई फ्लाइटें कैंसिल कर दी गई हैं और कईयों का रूट डायवर्ट किया गया है। उधर, पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी से जनजीवन अस्त व्यस्त है। सड़कों और पटरियों में बर्फ की परतें जमने से यातायात पूरी तरह से प्रभावित है। वहीं एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 10-12 जनवरी के दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। आइये जानते हैं आने वाले दिनों में मौसम किस ओर करवट बदलेगा?
यूपी में कल का मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश में शीतलहर का कहर जारी है। प्रदेश के कई इलाकों में सर्द मौसम और कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुछ क्षेत्र अत्यंत घने कोहरे की चादर दिखाई देगी। राजधानी लखनऊ समेत बुदेलखंड, पूर्वांचल और प्रयागराज मंडल में सुबह न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चल गया है। हालांकि, आईएमडी ने अगले 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना जताई है। प्रदेश के मध्य भाग को छोड़कर जहां अगले पांच दिनों के दौरान कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा। रात में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2°C-4°C की गिरावट होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
यूपी में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 9 जनवरी तक कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा 11 जनवरी तक बारिश के आसार हैं। इस दौरान 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं भी चलने का अनुमान है। उधर, देवरिया समेत कई जिलों में शीतलहर के प्रकोप से सभी प्राथमिक और जूनियर स्कूल को 14 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। बता दें कि मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ को लेकर चेतावनी दी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 10 से 12 जनवरी के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ मौसम के मिजाज में बदलाव लाएगा। इससे दिल्ली समेत उत्तर पश्चिम भारत में हल्की बारिश हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक, इससे धुंध तो छटेगी लेकिन तापमान पर कुछ खास असर नहीं पड़ेगा। साथ ही दिन के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अधिक अंतर नहीं होने से कोल्ड डे जारी किया गया है।
दिल्ली कल का मौसम
राजधानी दिल्ली में घने कोहरे के चलते सुबह शाम विजिबिलिटी बेहद कम देखी जा रही है, जो कई दिनों तक जारी रह सकती है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में दिन में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और सामान्य न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कोहरे के कारण इन रूटों की फ्लाइटें प्रभावित
भीषण कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से दिल्ली (डीईएल), अमृतसर (एटीक्यू), जम्मू (आईएक्सजे), श्रीनगर (एसएक्सआर), गोरखपुर (जीओपी), वाराणसी (वीएनएस), अयोध्या (एवाईजे), दरभंगा (डीबीआर) और पटना (पीएटी) खराब मौसम (कम दृश्यता) के कारण, 7 जनवरी को सभी उड़ानें प्रभावित रहेंगी। इसके अलावा शीत लहर और कोहरे से दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनें भी देरी से चलती नजर आएंगी
आईएमडी ने सात दिवसीय पूर्वानुमान में 11 और 12 जनवरी को बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की आशंका जताई है, हालांकि, बारिश से वायु प्रदूषण के स्तर को कम करने में मदद मिल सकती है। इस संभावित वर्षा से दृश्यता में भी सुधार हो सकता है और मौजूदा घने कोहरे से कुछ राहत मिल सकती है।
दिल्ली में प्रदूषण का स्तर
राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता लगातार दूसरे दिन भी 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने मंगलवार सुबह 6 बजे तक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 310 दर्ज किया। आनंद विहार (394), पटपड़गंज (364), जहांगीरपुरी (359) और अशोक विहार (343) में एक्यूआई का स्तर और भी अधिक दर्ज किया गया, जो इन इलाकों में गंभीर प्रदूषण को दिखाता है। हालांकि, नजफगढ़ (284) जैसे कुछ इलाकों में हवा की गुणवत्ता थोड़ी बेहतर रही, जिसे 'खराब' श्रेणी में रखा गया। निवासियों को सलाह दी गई कि वे कम दृश्यता वाली स्थितियों में सावधानी बरतें और खराब वायु गुणवत्ता और ठंड के प्रभावों से खुद को बचाने के लिए आवश्यक उपाय करें।
बिहार में कल का मौसम
बिहार में भी बर्फीली हवाएं लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर रही हैं। पछुआ हवाओं के चलते अभी शीतलहर से छुटकारा मिलने के आसार नहीं हैं। अभी 2 से 3 दिन हवाओं का दौर जारी रहेगा। इसके प्रभाव से सुबह न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। बुधवार को राजधानी पटना, दानापुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया, नालंदा, वैशाली समेत कई जिलों में कड़ाके की सर्दी के साथ घना कोहरा छाया रहेगा, जिसका असर सड़क और रेल परिवहन पर पड़ेगा। मौसम विभाग की मानें तो इस सप्ताह अभी बिहारवासियों को ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है। राज्य के कई जिलों में कोल्ड डे देखा जा रहा है।
पंजाब-हरियाणा में कल कैसा रहेगा मौसम?
पंजाब और हरियाणा में ठंड का प्रकोप जारी है। दोनों राज्यों के कुछ हिस्सों सुबह और शाम कोहरे की मौजूदगी लोगों को परेशान कर रही है। साथ ही शीतलहर से गलन का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पंजाब के अमृतसर में सामान्य से दो डिग्री कम तापमान रहेगा। इसके अलावा फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में आठ डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 10.2 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 10.4 डिग्री सेल्सियस और पठानकोट में 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। उधर, हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 10 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 10.4 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 11 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 11.6 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया सकता है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में कोल्ड डे जारी किया गया है।
राजस्थान में बारिश का अलर्ट
राजस्थान के अनेक इलाकों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और अगले कुछ दिनों में कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान जताया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार बीते चौबीस घंटे की अवधि में राज्य में निम्नतम न्यूनतम तापमान नागौर में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बुधवार को न्यूनतम तापमान सिरोही में 4.2 डिग्री सेल्सियस, सीकर के फतेहपुर में 4.4 डिग्री सेल्सियस, माउंट आबू में 5.2 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 5.9 डिग्री, वनस्थली (टोंक) में छह डिग्री, बीकानेर में 6.2 डिग्री, जोधपुर में 6.5 डिग्री, जैसलमेर में 6.6 डिग्री, जालौर में 6.7 डिग्री, पिलानी में 6.8 डिग्री, जयपुर और सीकर में सात डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
कुछ स्थानों पर घना कोहरा भी छाया रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में कुछ दिन मौसम सामान्य तौर पर शुष्क रहने और अधिकांश भागों में न्यूनतम तथा अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। इस दौरान बीकानेर, जयपुर तथा भरतपुर संभाग के कुछ भागों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। वहीं एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 10-12 जनवरी के दौरान बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के क्षेत्रों में मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें जालौर, सिरोही, पालो, जोधपुर, नागौर, चूरू, सीकर, झुंझुनू, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जोधपुर, हनुमानगढ़, गंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर शामिल हैं।
अरावली पहाड़ी क्षेत्र में बर्फबारी
राजसमंद के अरावली पहाड़ी क्षेत्र में बसे कुंभलगढ़ इलाके में शीतलहर का प्रकोप नजर आने लगा है। उपखंड मुख्यालय सहित आधा दर्जन गांवों में घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों पर बर्फ जम गई। कुंभलगढ़ के वरदड़ा, उदावड़ के साथ मजेरा व आसपास के गांवों में कड़ाके की ठंड के चलते वाहनों पर बर्फ की परत जम गई। वहीं खेतों में भी बर्फ की चादर बिछी दिखाई दी।
कश्मीर में कैसा है मौसम?
कश्मीर के अधिकांश स्थानों पर रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और श्रीनगर में तापमान हिमांक बिंदु से ऊपर दर्ज किया गया। IMD के अनुसार, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पिछली रात तापमान शून्य से 0.5 डिग्री नीचे था। श्रीनगर में सुबह तेज धूप निकली, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह आंकड़ा शून्य से 4.5 डिग्री नीचे था। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंपोर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिणी कश्मीर के कोकरनाग में शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। कश्मीर इस समय भीषण ठंड की अवधि ‘चिल्ला-ए-कलां’ की चपेट में है जो 21 दिसंबर से शुरू हुआ।
कब होता है कोल्ड डे?
यूपी, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में कोल्ड डे जारी किया गया है। दरअसल, आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है।
