Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): देश भर में मौसम की चाल बदलने लगी है। वहीं उत्तर भारत के कुछ राज्यों में गर्मी के तेवर देखने को मिल रहे हैं तो वहीं कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई जा रही है। दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी गर्मी बढ़ने लगी है। यहां हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने दिल्ली और यूपी के कई जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहां गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई जा रही है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली और यूपी में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर के समय कम से कम बाहर निकलने के लिए कहा गया है। बाहर निकलते हुए सिर को ढकने और पानी की बोतल साथ रखने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में आसमान से बरसेगी आग
दिल्ली समेत एनसीआर क्षेत्रों में गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। यहां तापमान बढ़ने के साथ हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा में तीन दिन यानी 7 अप्रैल से 9 अप्रैल तक हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में अभी तापमान 40 के नीचे दर्ज किया जा रहा है। हालांकि गर्मी से लोगों का हाल यहां भी बेहाल है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में तपती गर्मी के साथ लू की स्थिति बनी हुई है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 के पार दर्ज किया जा रहा है। अप्रैल के महीने में बढ़ रही गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग की मानें को पूर्वी पश्चिमी हिस्से में गर्मी से लोगों की हालत खराब है। लेकिन वहीं बिहार से सटे यूपी के पूर्वी हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई जा रही है।
बिहार में गरज-चमक के साथ होगी बरसात
जहां दिल्ली और यूपी के कुछ जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के अररिया, किशनगंज, सुपौल, पूर्णिया, दरभंगा और मधुबनी में कल यानी 7 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
आग की भट्टी बना राजस्थान
राजस्थान में लोगों का गर्मी से हाल बेहाल हो गया है। यहां भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। पश्चिमी राजस्थान में तापमान 42 से 44 डिग्री तक पहुंच गया है। जिसके आने वाले दिनों में और बढ़ने की संभावना है। राजस्थान की राजधानी जयपुर, जोधपुर और बीकानेर में तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चल रही हैं। यहां लोगों के कम से कम बाहर निकलने की अपील की जा रही है।
