Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): दिल्ली समेत उत्तर भारत के सभी राज्यों में शीतलहर का कहर जारी है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। पहाड़ों में भारी बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है। दिसंबर के आखिरी सप्ताह में हुई बारिश के चलते मौसम पूरी तरह बेईमान है। तेज हवाओं के कारण गलन महसूस हो रही है। वातावरण में कोहरे की चादर छाई दिख रही है, जिससे परिवहन संचालन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर, रेलवे के संचालन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे विलंब से चल रही हैं। कईयों को रद्द कर दिया गया है। इधर, सड़क परिवहन भी पूरी तरह से चरमराया हुआ है। मौसम विभाग ने एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश का अंदेशा है। अगर, जनवरी में एक बार फिर बारिश दस्तक देती है तो और कड़ाके की सर्दी पड़ने के आसार बने रहेंगे।
भारत का मौसम
देशभर में कल का मौसम
देश के कई राज्य शीतलहर की चपेट में हैं। उत्तर भारत में लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी तो मैदानी क्षेत्रों में सर्द हवा और कोहरे से आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। नए वर्ष का आगाज शीतलहर से हुआ है। एक जनवरी को पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में ठंड ने गलन बढ़ा दी। अगले एक हफ्ते तक पारा और लुढ़क सकता है। इसे लेकर आईएमडी ने अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर भी दिखाई दे रहा है। एक ओर जहां घने कोहरे और न्यूनतम तापमान में गिरावट से लोग परेशान हैं, वहीं बीच-बीच में हो रही बारिश मौसम को कुछ सामान्य जरूर करती है, लेकिन अगले दिन से फिर से लोगों को फिर घने कोहरे का सामना करना पड़ता है।
बिहार-मुंबई का मौसम
उधर, बिहार में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। पटना, भागलपुर, नालंदा, मधुबनी समेत कई जिलों कोहरे का अलर्ट जारी है। हालाकिं, मुंबई में तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे है। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग3ी सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसी प्रकार मध्य प्रदेश में सर्दी का सितम जारी है। भोपाल में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 5 के आपसास बना हुआ है।
यूपी का मौसम कैसा है?
उत्तर प्रदेश में पिछले 4 से 5 दिनों से कोहरे की धुंध छाई और सूरज बादलों के पीछे छिपा हुआ है। हालांकि, 1 जनवरी को थोड़ी देर के लिए दिखाई पड़ा, लेकिन, सर्द हवाओं के चलते धूप का कोई असर नहीं दिखा। मौसम विभाग ने प्रदेश में गुरुवार को तापमान में सुधार के संकेत दिए गए हैं। सुबह के समय यहां तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस होने के आसार जताए गए हैं। इससे जहां दिन में सर्दी से लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी, तो वहीं रात के समय सर्दी बढ़ेगी। श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी सहित अन्य जिलों में तीन जनवरी के लिए मौसम विभाग की तरफ से येलो अलर्ट जारी किया गया है। उधर, उत्तर प्रदेश के छोटे शहरों और कस्बों में भी सर्दी ने लोगों को परेशान कर दिया है। फिरोजाबाद और जौनपुर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड से लोग परेशान हैं। सुबह खेत खलिहानों में विजिबिलिटी बेहद खराब रही और दूर तक कोहरे की घनी चादर दिखी। तीन जनवरी से उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। आईएमडी का कहना है कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों शीतलहर-कोहरे का कहर जारी है। अगले 24 घंटे में बर्फीली हवाओं के असर से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
राजस्थान में कल का मौसम
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी गलन बढ़ गई है। लोग सर्दी के कहर से खुद को बचाने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। सीकर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका दर्ज किया गया है। यहां न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहा है। अजमेर में बुधवार रात तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी भी जारी की है। कोहरे का प्रभाव आज उत्तरी-दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान बताया जा रहा है। वहीं, पंजाब के अमृतसर का भी कुछ ऐसा ही हाल है। दूर-दूर कुछ नजर नहीं आ रहा है। कोहरे की वजह से लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस सर्दी के कहर की वजह से लोग अपने घरों से भी बाहर निकलने से बच रहे हैं। लोग यहां ठंड से बचने के लिए आग सेंक रहे हैं। सड़कों पर वाहनों की संख्या भी कम है। गिने चुने वाहन ही नजर आ रहे हैं। आने वाले सप्ताह में इससे भी कम तापमान होने वाला है। शुक्रवार को भी कमोबेश इसी प्रकार का मौसम रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम
दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में कोल्ड वेव का असर लगातार जारी है। जिस कारण लोग सर्दी के सितम से परेशान हैं। आने वाले दिनों में भी शीतलहर का प्रकोप देखने को मिलेगा, जिससे सर्दी और बढ़ जाएगी। मौसम विभाग ने दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर दिन के दौरान ठंड और कुछ इलाकों पर घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। यहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। आईएमडी ने बताया कि दोपहर के समय हवा की गति बढ़कर 12 से 14 किलोमीटर प्रति घंटा हो जाने की संभावना है तथा शाम तक धीरे-धीरे ये घटकर आठ किलोमीटर प्रति घंटा से कम हो जाएगी। शाम और रात के समय धुंध एवं हल्का कोहरा छाए रहने के आसर हैं।
दिल्ली में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में चल रही हवा से दोगुनी तेज हवा चलने की संभावना है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। इसके अलावा, मौसम विभाग ने 6 जनवरी को एनसीआर में बारिश की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में शीतलहर जारी है और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। 2 जनवरी को सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम रहा, जिसमें सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री और पालम में 6.5 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में भी गिरावट होगी, जिससे दिन में भी ज्यादा सर्दी महसूस होगी। मौसम विभाग ने कोल्ड वेव का अलर्ट जारी करते हुए बताया कि दिल्ली और पूरे एनसीआर में 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका है, जिससे लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ेगा।
पंजाब में कल का मौसम
मौसम विभाग ने बठिंडा, मोगा, मानसा, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बरनाला में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, पंजाब के कई जिलों में कोहरे का असर भी देखने को मिल रहा है। कई जिलों में विजीबिलिटी जीरो पर पहुंच गई है। मौसम विभाग ने बताया कि चार जनवरी को मौसम फिर करवट बदल सकता है। चार जनवरी को पंजाब के पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन और होशियारपुर में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
जम्मू-कश्मीर हिमाचल प्रदेश का मौसम
उधर, जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर समेत कई स्थानों पर भारी बर्फबारी जारी है। गुलमर्ग समेत कई इलालों के बर्फबारी के चलते सड़कें सफेद नजर आ रही हैं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित है। माइनस तापमान पहुंचने से डल झील पूरी तरह बर्फ की सतह जम गई है। कमोबेश यही हाल हिमाचल प्रदेश का है। कुल्लू-मनाली समेत ज्यादातर पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जारी है। इसके अलावा उत्तराखंड में भी भारी बर्फ गिर रही है, जिससे जनजीवन अस्त व्यस्त है। मौसम विभाग ने जनवरी के पहले सप्ताह में कुछ इसी प्रकार के मौसम का अनुमान लगाया है।
