Kal Ka Mausam (कल का मौसम कैसा रहेगा): पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है। झारखंड में ठंड अचानक बढ़ गई है, जबकि बिहार में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में कड़ाके की ठंड से लोग परेशान हैं। ठिठुरते मौसम के बीच लोग नए साल का स्वागत करने की तैयारियों में जुटे हैं। आइए जानें 1 जनवरी 2025 को मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में कड़ाके की ठंड का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी ऐसी ही ठंड बने रहने का पूर्वानुमान जताया है। मंगलवार को आसमान साफ रहने की संभावना है, हालांकि कुछ इलाकों में कोल्ड-डे की स्थिति देखी जा सकती है। शाम और रात के वक्त हल्के से मध्यम कोहरे और धुंध का असर रहेगा। 1 जनवरी को दिल्ली का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
झारखंड में कल का मौसम
झारखंड में अगले दो दिनों के भीतर तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, नए साल के जश्न की तैयारियां तेज हैं, लेकिन घने कोहरे और ठंडी हवाओं के कारण ठंड और बढ़ने की संभावना है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है, जबकि दिन में आसमान साफ रहने का अनुमान है। ठंड के बढ़ने से राज्य में ठिठुरन का असर और गहरा सकता है।
बिहार में कल का मौसम
बिहार में नए साल का स्वागत कड़ाके की सर्दी के बीच किया जाएगा। फिलहाल शीतलहर का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन पछुआ हवाओं के चलते तापमान में गिरावट की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी की शुरुआत अत्यधिक ठंड के साथ हो सकती है। अगले एक-दो दिनों में कोल्ड वेव की स्थिति बनने के भी आसार हैं। ठंड से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
यूपी में कल का मौसम
पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के कारण उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। मंगलवार सुबह से ही गलन और ठिठुरन में काफी बढ़ोतरी हुई है। राज्य के 52 जिलों में शीतलहर का असर है, जबकि 60 जिलों में घने कोहरे की चादर फैली हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक यह स्थिति बनी रह सकती है।
अन्य राज्यों में कल का मौसम
मौसम विभाग ने 31 दिसंबर तक ओडिशा, असम, मेघालय और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में घने कोहरे की संभावना जताई है। वहीं, उत्तराखंड, राजस्थान, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 1 जनवरी तक घना कोहरा छाया रह सकता है। हिमाचल प्रदेश में 2 जनवरी तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
