शहर

Kishtwar Encounter: किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, जैश का एक आतंकी ढेर; टॉप कमांडर घेरे में

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चतरू इलाके में रविवार को सुरक्षाबलों और जैश-ए-मोहम्मद आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें संगठन का एक आतंकी मारा गया, जबकि संगठन के शीर्ष आतंकवादी कमांडर सैफुल्लाह को सुरक्षाबलों ने घेर लिया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : PTI

Kishtwar Encounter: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार को जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। सूत्रों के मुताबिक इस एनकाउंटर में जैश का एक आतंकी मारा गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संगठन के शीर्ष आतंकवादी कमांडर सैफुल्लाह को सुरक्षाबलों द्वारा घेरे जाने की भी सूचना है। पूरे इलाके में तनावपूर्ण हालात हैं और सर्च ऑपरेशन जारी है।

पिछले 15 दिनों से सर्च ऑपरेशन जारी

सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की यह घटना किश्तवाड़ के चतरू इलाके में हुई। पिछले करीब 15 दिनों से यहां सुरक्षाबल लगातार घेराबंदी और तलाशी अभियान चला रहे थे। सुरक्षाबलों को खुफिया एजेंसियों से यहां पर आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। जिसके बाद इलाके में यह कार्रवाई तेज की गई। इस संयुक्त ऑपरेशन में जम्मू-कश्मीर पुलिस स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG), भारतीय सेना और CRPF की टीमें शामिल थीं।

जब सुरक्षाबलों की एक टुकड़ी रविवार सुबह संदिग्ध स्थान की ओर बढ़ी, तभी वहां छिपे आतंकियों ने अचानक उनपर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद यह मुठभेड़ में बदल गई। फायरिंग के दौरान एक आतंकवादी के मारे जाने की सूचना है। वहीं अन्य आतंकवादियों के जंगलों और रिहायशी इलाके के पास छिपे होने की आशंका है।

इलाके का एंट्री-एग्जिट प्वाइंट सील

सूत्रों के मुताबिक, इस क्षेत्र में 2 से 3 आतंकवादियों की मौजूदगी की संभावना है, जिनमें कुख्यात और मोस्ट वॉन्टेड आतंकवादी सैफुल्लाह के शामिल होने की भी खबर है। वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। सैफुल्लाह पर पर कई आतंकी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों को भागने से रोकने के लिए इलाके के सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स को पूरी तरह सील कर दिया है। ऑपरेशन की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त सैन्य टुकड़ियों को भी भेजा गया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article