शहर

झारखंड में 48 निकायों के लिए आज हो रही है वोटिंग, जानें कब आएगा रिजल्ट

झारखंड के 48 नगर निकायों में सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। राजधानी रांची सहित पूरे राज्य के मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, गिरिडीह में एक बूथ पर झड़प की घटना सामने आई, जिसे प्रशासन ने समय पर नियंत्रित कर लिया। राज्यभर में 4307 केंद्रों पर मतदान हो रहा है।

Image

झारखंड में निकाय चुनाव के लिए मतदान (फोटो - PTI)

Photo : PTI

झारखंड के 48 नगर निकायों में आज यानी सोमवार 23 फरवरी को नगर सरकार चुनने के लिए मतदान की प्रक्रिया चल रही है। आज सुबह ठीक 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। लंबे अंतराल के बाद हो रहे इन चुनावों को लेकर राज्य की राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही लोग अपने-अपने बूथों पर पहुंचने लगे थे। बता दें कि इस बार मतदान बैलेट पेपर से कराया जा रहा है, जिसके कारण कुछ स्थानों पर मतदान की रफ्तार धीमी देखने को मिल रही है। हालांकि, अधिकांश जिलों में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

गिरिडीह में वार्ड संख्या 18 स्थित बूथ नंबर 4 पर मतदान के दौरान दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट और पथराव की घटना सामने आई है। आरोप है कि यहां पर कुछ मतदाताओं को जबरन रोकने और धमकाने की कोशिश की गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पाकुड़ नगर परिषद के 21 वार्डों में 42 केंद्रों पर मतदान जारी है। अध्यक्ष पद के लिए 10 महिला प्रत्याशियों सहित कुल 89 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं मेदिनीनगर नगर निगम के 35 वार्डों में 132 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1 लाख, 29 हजार, 34 वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। ज्ञात हो कि यहां तीन वार्डों के पार्षद पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।

धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद में 1016 बूथों पर मतदान हो रहा है। कई केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। जामताड़ा और कोडरमा में भी महिला मतदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। कोडरमा के तीनों निकायों में कुल 1 लाख, 13 हजार, 928 मतदाता हैं, जहां 114 केंद्रों पर मतदान जारी है।

पूरे झारखंड में 4307 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 43 लाख से ज्यादा मतदाता अपने प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से 2445 केंद्रों को संवेदनशील और 896 को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए कड़े इंतजाम किए हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article