Jharkhand Municipal Election Result 2026: झारखंड के धनबाद नगर निगम (डीएमसी) में महापौर पद के चुनाव में भाजपा के ‘बागी’ उम्मीदवार संजीव सिंह ने जीत हासिल की है। वहीं, भाजपा समर्थित प्रत्याशी चौथे स्थान पर रहे। यह जानकारी रविवार को एक अधिकारी ने दी। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी 48 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतगणना शुक्रवार सुबह शुरू हुई थी और शनिवार रात धनबाद नगर निगम के नतीजों की घोषणा के साथ पूरी हुई। हालांकि नगर निकाय चुनाव दलों के चुनाव चिह्नों पर नहीं लड़े गए, लेकिन कई उम्मीदवारों को विभिन्न राजनीतिक दलों का समर्थन प्राप्त था।
राज्य चुनाव आयोग के सचिव ने दी ये जानकारी
राज्य चुनाव आयोग के सचिव राधे श्याम प्रसाद के अनुसार, नगर निकायों में चुने गए सदस्य 10 से 20 मार्च के बीच अपने-अपने निकायों में उप महापौर या उपाध्यक्ष का चयन करेंगे। इसी अवधि में वे शपथ भी ग्रहण करेंगे। उन्होंने बताया कि रांची नगर निगम में शपथग्रहण और उप महापौर का चुनाव 19 मार्च को तय किया गया है, जबकि धनबाद नगर निगम में यह प्रक्रिया 18 मार्च को आयोजित होगी। भाजपा के पूर्व विधायक संजीव सिंह ने इस बार पार्टी के आधिकारिक समर्थन के बिना चुनाव मैदान में उतरकर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी, झामुमो समर्थित उम्मीदवार चंद्रशेखर अग्रवाल को 31,902 मतों के अंतर से पराजित किया।
संजीव सिंह को मिले कुल 1,14,362 वोट
चुनाव परिणामों के अनुसार, संजीव सिंह को कुल 1,14,362 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी चंद्रशेखर अग्रवाल को 83,460 वोट मिले। वहीं, भाजपा समर्थित उम्मीदवार संजीव कुमार को 57,895 मतों के साथ चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा। जीत के बाद पूर्व विधायक संजीव सिंह ने कहा कि वे धनबाद के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करेंगे। इस बीच, धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी चुनावी मैदान में नए थे। उन्होंने यह भी बताया कि मतदाताओं के बीच कुछ भ्रम की स्थिति थी, क्योंकि संजीव सिंह पहले भाजपा से जुड़े रहे हैं और उनकी पत्नी रागिनी सिंह झरिया से पार्टी की विधायक हैं।
मतदाताओं ने किया अपने मताधिकार का इस्तेमाल
बोकारो जिले के चास नगर निगम में निर्दलीय प्रत्याशी भोलू पासवान ने 17,796 मत प्राप्त कर महापौर पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा समर्थित उम्मीदवार अविनाश कुमार को 3,196 वोटों के अंतर से पराजित किया। राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकायों में हुए चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए महापौर या अध्यक्ष के कुल 20 पदों पर कब्जा जमाया। वहीं, भाजपा समर्थित 13 प्रत्याशी इन शीर्ष पदों पर विजयी रहे। झामुमो समर्थित 11 और कांग्रेस समर्थित तीन उम्मीदवारों ने भी नौ नगर निगमों, 20 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों में प्रमुख पद हासिल किए। 23 फरवरी को संपन्न हुए इन नगर निकाय चुनावों में लगभग 43 लाख मतदाताओं में से 63 प्रतिशत से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
(इनपुट - भाषा)
