Massanjore Dam: झारखंड का मसानजोर डैम दुमका जिले में स्थित एक पॉपुलर पिकनिक स्पॉट है, जो दुमका से तकरीबन 31km की दुरी पर है। चारो तरफ से सुंदर और ऊंची-ऊंची पहाड़ियों और जंगलों से घिरे इस डैम की खूबसूरत देखते ही बनती है। पानी की कमी को पूरा करने के लिए डैम बनाए जाते हैं, वहीं बिजली बनाने में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके साथ ही डैम पर्यटकों को भी अपनी ओर आकर्षित करते हैं। आइए आज हम इस डैम के इतिहास के बारे में जानते हैं।
झारखंड राज्य में दुमका जिले में मयूराक्षी नदी पर स्थित मसानजोर डैम काफी सुंदर है। लगभग 16650 एकड़ में फैले हुए इस डैम की ऊंचाई करीब 155 फीट और लम्बाई 2170 फीट है। मसानजोर डैम के आसपास हरे-भरे पहाड़ियां और घने जंगल हैं। इसके पास ही एक पार्क है, जहां लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इसके अलावा आप इस जगह पर बोटिंग का भी आनंद ले सकते हैं।
यह थी इस डैम को बनाने की वजह
मसानजोर डैम का निर्माण वर्ष 1954-56 में भारत के प्रथम पंचवर्षीय योजना के अंतर्गत किया गया था। वहीं इस डैम को बनाने का मुख्य कारण सिंचाई और बिजली उत्पादन करना था। यह पूर्णरूप से झारखण्ड क्षेत्र में है, लेकिन इसके पानी का इस्तेमाल ज्यादातर बंगाल सरकार करती है।
खूबसूरत है यहां सनसेट का नजारा
मसानजोर डैम के आसपास के शहरों में रहने वाले लोगों के लिए यह एक सबसे परफेक्ट जगह है, जहां वह अपने परिवार और दोस्तों के साथ क्वालिटी टाइम बिता सकते हैं, साथ ही यह जगह पिकनिक के लिए भी बेस्ट है। यहां से सनसेट का नजारा देखना सुखद अनुभव देता है। कहा जाता है कि इस डैम को बनाने में 144 गांव के लोगों को यहां से दूसरे जगह जाना पड़ा था। यहां की खूबसूरती को निहारने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते हैं।
