शहर

झारखंड में मॉब लिंचिंग! चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में पुलिस बल तैनात

झारखंड के पलामू जिले के तेलियाही गांव में चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने एक युवक को हाथ-पैर बांधकर बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्ट्या में यह मामला मॉब लिंचिंग का है। इस मामले में एक संदिग्ध हिरासत में है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Image

फाइल फोटो

Jharkhand News: झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र तहत तेलियाही गांव में चोरी के संदेह में एक युवक की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पलामू की एसपी रिष्मा रमेशन ने माना है कि प्रथमदृष्ट्या यह मामला मॉब लिंचिंग का प्रतीत होता है।

हाथ-पैर बांधकर युवक को पीटा

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार देर रात की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक युवक गांव में खड़े ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करने की कोशिश कर रहा था। संदेह के आधार पर उसे पकड़ लिया गया। आरोप है कि भीड़ ने युवक के हाथ-पैर बांध दिए और उसकी लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से पिटाई की। सूचना मिलने पर पड़वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया। उस समय उसकी स्थिति गंभीर बताई गई। पुलिस उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जा रही थी, जहां पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

गांव में तनाव का माहौल

मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के मुरमा गांव निवासी मनोज राम के पुत्र पवन राम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दंडाधिकारी की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले में मॉबलिंचिंग की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े वीडियो फुटेज व स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि वर्ष 2024 में मृतक पर कुछ लड़कियों पर टिप्पणी करने का आरोप लगा था, जिसकी भी जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त बल की तैनाती की है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article