शहर

झांसी: NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष की पत्नी ने लगाई फांसी; वैलेंटाइन डे पर हुई थी शादी, पिता बोले- 'न्याय नहीं मिला तो खुद दूंगा सजा'

Priya Mishra Dowry Murder Case: झांसी के शिवाजीनगर निवासी विनोद कुमार मिश्रा ने अपनी बेटी प्रिया मिश्रा की शादी 14 फरवरी 2025 (वैलेंटाइन डे) को समथर कस्बा निवासी भरत व्यास से बड़े ही धूमधाम से की थी।

Image

झांसी: NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष की पत्नी ने लगाई फांसी; वैलेंटाइन डे पर हुई थी शादी, पिता बोले- 'न्याय नहीं मिला तो खुद दूंगा सजा'

Dowry Death in Jhansi: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में कानून-व्यवस्था और वीआईपी रसूख को चुनौती देता हुआ एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) के प्रदेश उपाध्यक्ष भरत व्यास की पत्नी प्रिया मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर झूलती हुई लाश मिली है। शादी के महज 15 महीने बाद हुई इस घटना से इलाके में तनाव फैल गया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।

वैलेंटाइन डे पर हुई थी शादी, फेसबुक पर हैं राहुल गांधी संग तस्वीरें

जानकारी के अनुसार, झांसी के शिवाजीनगर निवासी विनोद कुमार मिश्रा ने अपनी बेटी प्रिया मिश्रा की शादी 14 फरवरी 2025 (वैलेंटाइन डे) को समथर कस्बा निवासी भरत व्यास से बड़े ही धूमधाम से की थी। मृतका का पति भरत व्यास राजनीति में काफी सक्रिय है और वर्तमान में NSUI का प्रदेश उपाध्यक्ष है। सोशल मीडिया और फेसबुक पर उसकी कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित पार्टी के तमाम दिग्गज नेताओं के साथ तस्वीरें भी मौजूद हैं।

रात 12 बजे पिता को किया था आखिरी फोन

परिजनों ने बताया कि 1 जून को उन्हें अचानक ससुराल पक्ष से खबर मिली कि प्रिया ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। जब मायके वाले मौके पर पहुंचे, तो वहां के हालात देखकर उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है। प्रिया ने मौत से ठीक पहले यानी 31 मई की रात करीब 12 बजे अपने पिता विनोद कुमार मिश्रा को फोन भी किया था। लेकिन उस समय रात अधिक होने के कारण पिता गहरी नींद में थे और फोन अटेंड नहीं कर सके। जब सुबह पिता ने वापस कॉल किया, तो उन्हें बेटी की मौत की खौफनाक खबर सुनने को मिली।

'दहेज कम मिला' के ताने देते थे ससुराल वाले

मृतका के पिता का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही प्रिया को 'दहेज कम मिलने' के ताने दिए जाने लगे थे। पति भरत, सास और ससुर मिलकर लगातार कीमती सामान और नकदी की मांग कर रहे थे, जिसके लिए प्रिया को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित (उत्पीड़न) किया जाता था। प्रिया ने कई बार अपने माता-पिता को रोते हुए यह बात बताई थी, लेकिन हर बार परिवार वाले उसे समझा-बुझाकर और शांत कराकर वापस भेज देते थे। उन्हें अंदाजा नहीं था कि बात इतनी बढ़ जाएगी।

पति भरत व्यास समेत 5 लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

घटना के बाद मायके वालों ने मौके पर जमकर हंगामा किया और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता और परिजनों की तहरीर के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पति भरत व्यास, सास रोहिणी, ताऊ राजेश, देवर उदय और भरत की मौसी सहित कुल 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या (Dowry Death) की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

'प्रशासन सजा नहीं देगा तो मैं खुद दूंगा'

बेटी को खोने के गम में डूबे पिता विनोद कुमार मिश्रा ने पुलिस प्रशासन और व्यवस्था को बेहद कड़े लहजे में चेतावनी दी है। उन्होंने अपने बयान के आखिर में भावुक और गुस्से में होते हुए कहा, 'अगर प्रशासन ने इन दहेज लोभियों और मेरी बेटी के हत्यारों को सख्त से सख्त सजा नहीं दी, तो मैं खुद कानून को अपने हाथ में ले लूंगा। मैं उन्हें अपने हाथों से सजा दूंगा, इसके बदले चाहे मुझे खुद ही फांसी पर क्यों न चढ़ना पड़ जाए, मुझे कोई परवाह नहीं है।'

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article