Jhansi Car Accident: झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित आवास विकास कॉलोनी में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार बेकाबू कार पेड़ को टक्कर मारते हुए एलपीजी पाइपलाइन से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गैस पाइपलाइन टूट गई और तेज दबाव के साथ गैस लीकेज शुरू हो गया। इलाके में गैस की गंध फैलते ही दहशत का माहौल बन गया और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
पेड़ उखाड़कर घसीट ले गई कार
जानकारी के मुताबिक, आवास विकास कॉलोनी में घरों में पाइपलाइन के जरिए एलपीजी गैस की आपूर्ति की जाती है। मंगलवार रात करीब 10:45 बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। गाड़ी की रफ्तार इतनी अधिक थी कि कार पेड़ को उखाड़कर कुछ दूर तक घसीटते हुए सीधे एलपीजी पाइपलाइन में जा घुसी। टक्कर लगते ही पाइपलाइन टूट गई और तेज प्रेशर के साथ गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते आसपास के पूरे इलाके में गैस की दुर्गंध फैल गई, जिससे स्थानीय निवासियों में आग लगने के डर से अफरातफरी मच गई।
गैस कंपनी की टीम ने रोका रिसाव
स्थानीय नागरिकों ने तुरंत पुलिस और संबंधित गैस कंपनी को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गैस कंपनी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद वाल्व को बंद कर पाइपलाइन की मरम्मत शुरू की गई। जब गैस का रिसाव पूरी तरह रुका, तब जाकर कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली।
नशे में बताए जा रहे कार सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में तीन युवक सवार थे और वे कथित तौर पर नशे की हालत में थे। हादसे के तुरंत बाद दो युवक मौके से फरार होने में कामयाब हो गए, जबकि स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें तेज रफ्तार कार की टक्कर और पेड़ उखड़ने के दृश्य साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और पकड़े गए युवक से पूछताछ कर फरार साथियों की तलाश कर रही है।
