Kishtwar Cloudburst: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दो अलग-अलग दूरदराज के इलाकों में बादल फटने (Cloud Burst) की घटनाएं घटी हैं। पहला बादल फटने का मामला किश्तवाड़ के 'गहन सरथल' इलाके में दर्ज किया गया है, जबकि दूसरी घटना 'माछीपाल' (Machipal) क्षेत्र में हुई है।
राहत की बात यह है कि अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, दोनों में से किसी भी स्थान से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान या बड़ी तबाही की कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे द्राबशाला जीरो प्वाइंट, सुरु-सार्थल, गान और मच्छीपाल समेत 34 सड़कें प्रभावित हुईं।
किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान नहीं
किश्तवाड़ के जिला उपायुक्त (DC) पंकज कुमार के अनुसार, क्षेत्र में बादल फटने की घटना के कारण तीन से चार सड़कों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, हालांकि कोई गंभीर क्षति नहीं हुई है। राहत की बात यह है कि इस प्राकृतिक आपदा में अब तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
प्रशासन द्वारा प्रभावित सड़कों की मरम्मत का काम तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही, डीसी ने एहतियात के तौर पर आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे फिलहाल झील क्षेत्र की ओर जाने से बचें।
इस मामले पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि आज किश्तवाड़ जिले में बादल फटने की दो घटनाएं सामने आईं। पहली घटना सरथल के गहान इलाके में हुई, जबकि दूसरी घटना माचीपाल से रिपोर्ट की गई। मौके से मिली शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, दोनों ही जगहों पर किसी के हताहत होने, घायल होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है।
