शहर

Budgam Encounter: बड़गाम के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, रुक-रुक कर हो रही गोलीबारी

Budgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले के गहरे जंगलों में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के खिलाफ बड़ा एंटी-टेरर ऑपरेशन शुरू किया है। पुलवामा से बडगाम की ओर आतंकियों की आवाजाही की सूचना के बाद सेना और पुलिस की संयुक्त टीमों ने पूरे इलाके को घेर लिया है।

Image

आतंकियों को सुरक्षाबलों ने चारों तरफ से घेरा (फाइल फोटो)

Photo : AP

Budgam Encounter: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों (Jammu Kashmir Anti Terror Operation) का एक्शन लगातार जारी है। गुरुवार को केंद्र शासित प्रदेश के बडगाम जिले में सेना और पुलिस के संयुक्त बलों ने एक बड़ा एंटी-टेरर (आतंकवाद विरोधी) ऑपरेशन शुरू किया। पीटीआई के मुताबिक यह पूरी कार्रवाई जिले के दूरदराज और घने जंगलों वाले इलाके में चलाई जा रही है, जहां संदिग्ध आतंकियों के छिपे होने की पक्की खबर मिली थी।

अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिला था कि आतंकवादियों का एक संदिग्ध समूह पुलवामा जिले के पाखरपोरा इलाके से निकलकर बडगाम जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल युसमर्ग के जंगलों की तरफ बढ़ रहा है। खुफिया सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने बिना कोई वक्त गंवाए पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी और घने जंगलों के अंदर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

ऑपरेशन वाली जगह अत्यधिक घना और पहाड़ी जंगली क्षेत्र-अधिकारी

फिलहाल मुठभेड़ और इस सर्च ऑपरेशन से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जहां यह ऑपरेशन चल रहा है, वह अत्यधिक घना और पहाड़ी जंगली क्षेत्र है। इस वजह से वहां सामान्य मोबाइल नेटवर्क और सेल्युलर फोन जैसी संचार सुविधाएं काम नहीं कर रही हैं, जिससे जमीनी टीम से लगातार संपर्क साधने में कुछ तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं।

पूरे इलाके को सुरक्षाबलों ने किया सील

सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को सील कर दिया है ताकि आतंकी जंगल का फायदा उठाकर भाग न सकें। इलाके में अतिरिक्त बल भी तैनात किए जा रहे हैं। सेना और पुलिस का यह साझा अभियान आतंकियों का सफाया होने तक जारी रहेगा।

साथ ही आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को एक तलाशी अभियान के दौरान हथियारों का एक जखीरा बरामद किया जिसमें एक पिस्तौल, एक ग्रेनेड और 184 गोलियां शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सेना की स्थानीय खुफिया इकाई से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर, सुरक्षा बलों द्वारा जिले के माहोर इलाके में खताजी रिज के घने जंगलों में एक तलाशी अभियान चलाया गया था।

अभियान के दौरान, बलों ने युद्ध जैसा साजो-सामान बरामद किया, जिसमें एके-47 राइफल की 140 गोलियां, पिका (मशीन गन) की 19 गोलियां, पिस्तौल की 25 गोलियां, एक पिस्तौल, एक ग्रेनेड, छह कैसेट और एके की एक मैग्जीन शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि बरामदगी के सिलसिले में जांच शुरू कर दी गई है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article