Jalaun Police Encounter: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शनिवार रात पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगने से वह घायल हो गया। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से अवैध हथियार, कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
चेकिंग के दौरान मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, उरई कोतवाली क्षेत्र में करमेर अंडरपास के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार, उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन रुकने के बजाय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घटना के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। आरोपी की पहचान सिरसा कलार निवासी प्रदीप उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। वह कड़ेरे का पुत्र है और गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इस मामले में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी के खिलाए एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज
पुलिस ने आरोपी के पास से हथियार, कारतूस और बाइक भी बरामद की है। बरामद सामान के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, प्रदीप उर्फ गुड्डू के खिलाफ जालौन जिले में लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित होने के कारण उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अब बरामद हथियार, कारतूस और बाइक से संबंधित तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। मुठभेड़ और गिरफ्तारी की जानकारी सीओ सिटी उरई राजीव कुमार शर्मा ने दी है।
