शहर

Jalandhar Robbery: जालंधर में दिनदहाड़े लूट, बदमाशों ने हथियार के बल पर महिला से लूटा पर्स, तमाशा देखते रहे लोग

जालंधर के किशनगढ़-करतारपुर रोड पर बाइक सवार दो लुटेरों ने दिनदहाड़े एक महिला से हथियार के बल पर लूटपाट की। लुटेरों ने तेजधार हथियार से महिला पर हमला किया और उसका पर्स लूट लिया, जिसमें विदेशी मुद्रा और पासपोर्ट था। महिला घायल हो गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।

Image

जालंधर में दिनदहाड़े लूट

Photo : Times Now Digital

Jalandhar News: जालंधर से दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां बेखौफ बदमाशों ने एक महिला से हथियार के बल पर पर्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात ये है कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में से किसी ने भी महिला की मदद नहीं की। पीड़ित महिला घायल होने के बावजदू दो लुटेरों से अकेले भिड़ी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

आरोपियों के बाइक से किया महिला का पीछा

यह वारदात जालंधर देहात के किशनगढ़-करतारपुर रोड पर गांव फरीदपुर स्टॉप के पास हुई। कपूरथला निवासी ज्योति रानी एक्टिवा पर सवार होकर अपने रिश्तेदारों से मिलने के लिए दुगरी गांव जा रही थी। रास्ते में बाइक सवार दो युवक उसका पीछा करने लगे। जब महिला ने देखा की युवक काफी देर से उनका पीछा कर रहे हैं, तो उसे किसी अनहोनी की आशंका हुई। खुद को सुरक्षित रखने के लिए महिला ने फरीदपुर स्टॉप पर एक्टिवा रोक दी और पास की दुकानों के अंदर जाने लगी।

लुटेरे ने महिला पर किया हथियार से हमला

महिला को लोगों के बीच देखकर भी लुटेरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। एक लुटेरा दुकान के अंदर घुस आया और महिला का पर्स छीनने की कोशिश करने लगा। महिला ने साहस दिखाते हुए उसका विरोध किया। लेकिन दूसरे बदमाश ने तेजधार हथियार से उसपर हमला कर दिया। महिला ने घायल होने के बावजूद हार नहीं मानी और बदमाशों की बाइक पकड़ने की कोशिश करने लगी। लेकिन लुटेरे हथियारों के बल पर उसका पर्स छीनकर मौके से फरार हो गए।

तमाशबीन बनकर वारदात को देखते रहे लोग

महिला के पर्स में करीब 20 हजार रुपये की विदेशी मुद्रा, पासपोर्ट और अन्य जरूरी डॉक्यूमेंट मौजूद थे। इस घटना के कारण उसे भारी आर्थिक और कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान सबसे हैरानी की बात यह थी कि घटनास्थल पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन महिला की मदद के लिए कोई भी आगे नहीं आया। लोग तमाशबीन बनकर वारदात को देखते रहे। पुलिस चौकी किशनगढ़ के प्रभारी एएसआई राजेंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article