Jalandhar News: पंजाब के जालंधर से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां भाजपा के पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर के घर धमाका हुआ है। धमका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज सुनकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पूर्व कैबिनेट मिनिस्टर के घर धमाके से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। बताया जा रहा है कि धमाका पूर्व मिनिस्टर मनोरंजन कालिया के घर हुआ था। यह घटना देर रात करीब 1.15 बजे की है। अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि धमाका किस चीज से किया गया मगर घर के आंगन में कोई वस्तु फेंकी गई जिससे दरवाजे, कार के शीशे इत्यादि टूट गए और मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान को क्षति पहुंची है।
पुलिस उपायुक्त मनप्रीत सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम नमूने एकत्र करने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। पुलिस ने बताया कि जालंधर में शास्त्री मार्केट के पास कालिया के आवास के बाहर सोमवार रात करीब एक बजे तेज आवाज सुनी गई। उसने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। कालिया पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष हैं।
अमृतसर और गुरदासपुर में विस्फोट की कई घटनाएं
पिछले चार-पांच महीनों में अमृतसर और गुरदासपुर में पुलिस चौकियों को निशाना बनाकर विस्फोट की कई घटनाएं हुई हैं। पिछले महीने अमृतसर में एक मंदिर के बाहर विस्फोट हुआ था। इसके बाद एक नेता के घर में विस्फोट का ये मामला कोई छोटी घटना नहीं है।
