Udaipur Leopard Attack: उत्तर प्रदेश के बहराइच में आदमखोर भेड़िये के बाद उदयपुर जिले में तेंदुए का आतंक फैला हुआ है। बीते दिनों उदयपुर में कई लोगों पर तेंदुए ने अटैक किया। इसमें अभी तक 7 लोग मारे जा चुके हैं। इस बीच जानवर ने गांव की एक महिला को अपना शिकार बनाया। अटैक में गंभीर रूप से घायल हुई महिला की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गांव में दहशत का माहौल
अधिकारी ने बताया कि ये घटना गोगुंदा थाना इलाके केलवो का खेड़ा गांव में हुई जब कमला कंवर (55) अपने मवेशियों को चारा डाल रही थी तभी जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुन परिवार के लोग बाहर आए तो उन्हें देख जानवर महिला को छोड़कर वहां से भाग गया। ग्रामीणों का कहना है कि हमला तेंदुए ने किया है। गले पर गंभीर चोट होने के कारण महिला की मौत हो गई है। वहीं वन विभाग के अधिकारी ने घटना की पुष्टि तो कि लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने के लिए भी कहा। अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम से ये स्पष्ट हो जाएगा की हमला तेंदुए ने किया था या नहीं।
तेंदुए को गोली मारने के आदेश
उदयपुर में तेंदुए के बढ़ते हमलों के कारण वन विभाग ने देखते ही गोली मारने के आदेश दिए हैं। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) पवन कुमार उपाध्याय ने कहा कि नरभक्षी तेंदुए को मारने के आदेश दे दिए गए हैं। उदयपुर में एक स्थानीय वन अधिकारी ने बताया कि वन, पुलिस और सेना की टीम ने इलाके को घेर लिया है।
(इनपुट -भाषा)
